पटियालाः बच्चे को स्कूल में बंद कर चली गईं टीचर, मां पहुंची तो रोते हुए बेटे को निकाला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री के गृह जनपद में अर्बन एस्टेट फेज-एक स्थित सरकारी माडल एलीमेंटरी स्कूल में नर्सरी क्लास के एक बीमार बच्चे को टीचरों की ओर से स्कूल में बंद कर चले जाने का मामला सामने आया है। मामले का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें करीब साढ़े तीन साल का यह बच्चा रोता-बिलखता दिख रहा है और टीचर की मदद से स्कूल खुलवाकर मां रो रहे अपने बच्चे तक पहुंचती है। मामले के सामने आने के बाद जिला शिक्षा अधिकारी ने स्कूल की हेड टीचर को मुअत्तल कर दिया।
मामला 19 नवंबर का है। इसका वीडियो शुक्रवार को वायरल होने कारण सभी के ध्यान में यह आ पाया। नर्सरी में पढ़ने वाला करीब साढ़े तीन साल के बच्चे अमनदीप की मां ने बताया कि रोजाना की तरह 19 तारीख को भी उसका बेटा अपनी बड़ी बहन, जो उसके साथ ही अर्बन एस्टेट फेज एक स्थित सरकारी माडल एलीमेंटरी स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ती है, आया था।
मां ने बताया कि उसका बेटा बीमार था, इसलिए उसने दवा देकर भेजा था। दवा लेने के कारण स्कूल में बेटा सो गया। वह नौकरी करती है, इसलिए अमनदीप अपनी बहन के साथ ही दोपहर बाद तीन बजे आटो में घर आता है। हालांकि बच्चे की छुट्टी दोपहर साढ़े 12 बजे हो जाती है। 19 नवंबर को जब वह घर नहीं पहुंचा, तो उसकी सास का फोन आया कि कहीं वह तो अमनदीप को नहीं ले आई। यह सुनते ही बच्चे की मां के पैरों तले जमीन निकल गई।
मां ने तुरंत टीचर को फोन किया और स्कूल पहुंची। इसी बीच टीचर भी वहां पहुंच गई। वहां जोर-जोर से अमनदीप के रोने की आवाजें बाहर तक आ रही थीं। स्कूल गेट खोला गया और फिर स्कूल हेड टीचर के दफ्तर से चाबी लाकर नर्सरी क्लास का ताला खोला गया। मां ने तुरंत भागकर बच्चे को गले लगाया और उसे पीने को पानी दिया और खाने को रोटी दी।
उधर स्कूल हेड टीचर गुरप्रीत कौर का कहना है कि स्कूल में स्टाफ की कमी है। उनके पास चपरासी तक नहीं हैं। टीचर ही अपनी क्लासों को ताला लगाकर जाती हैं। उस दिन बच्चा बीमार था। सो रहा था, संबंधित टीचर ने उसे देखा नहीं और क्लास को बंद करके ताला लगाया और फिर वह सभी स्कूल को बंद करके चले गए। टीचरों ने इस सारे मामले में बच्चे की बहन व ऑटो वाले को भी जिम्मेदार बताया है, जिन्होंने देखा नहीं कि अमनदीप आया है या नहीं। इस संबंध में जिला शिक्षा अधिकारी अमरजीत सिंह ने स्कूल की हेड टीचर गुरप्रीत कौर को मुअत्तल कर दिया है।