फतेहवीर के बचाव में हो रही देरी पर घिरी पंजाब सरकार, सुखबीर बादल ने कही बड़ी बात
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरोमणि अकाली दल प्रधान सुखबीर बादल ने संगरूर के गांव भगवानपुरा में 150 फुट गहरे बोरवेल में गिरे दो साल के फतेहवीर के मामले में सीएम पर निशाना साधा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि धीमे और अकुशल बचाव ऑपरेशन के लिए सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह जिम्मेदार हैं। अगर उन्होंने तुरंत विशेषज्ञों को बुलाया होता तो बचाव कार्य का नतीजा अलग होता।
सुखबीर ने कहा कि सीएम ने विशेष बचाव ऑपरेशन का आदेश न देकर बच्चे और परिजनों को बुरी तरह निराश किया है। जिला प्रशासन और स्वयंसेवकों के सहारे यह काम छोड़कर सीएम ने अपनी जिम्मेदारी से मुंह मोड़ लिया। सरकार की सुस्ती ने फतेहवीर की जिंदगी को खतरे में डाल दिया है। सुखबीर ने कहा कि सीएम दो दिन तक इस त्रासदी के प्रति मुंह बंद कर बैठे रहे।
राज्य के सिविल इंजीनियरिंग विंग की टीम इस काम में लगाई जा सकती थी। दूसरे दिन यह साबित हो गया कि एनडीआरएफ की टीम के पास उपयुक्त साधन नहीं थे। न ही खुदाई के लिए जरूरी इंजीनियर थे।
यही वजह है कि गलत तरीके से पाइपें लगाने, दूसरी सुरंग की फालतू खुदाई और समानांतर पाइपों को बचाव पाइप से जोड़ने में पूरा एक दिन बर्बाद हो गया। सरकार को हाथों से खुदाई करवाने की जगह उच्च तकनीक वाली मशीनरी का प्रयोग करना चाहिए था।
मान ने मांगी केंद्र से मदद
आम आदमी पार्टी के सांसद भगवंत मान ने फतेहवीर को बचाने के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय के अधिकारियों से संपर्क किया। उन्होंने पांच दिन से फंसे बच्चे के अब तक न निकलने पर चिंता जताई। मान ने बताया कि उन्होंने गृह मंत्रालय के अधिकारियों के साथ बातचीत की है। उनसे मांग की है कि बिना देरी माहिरों की टीम और मशीनरी भेजी जाए।
लगातार कर रहे बचाव कार्य की मॉनिटरिंग - सीएम
सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह ने फतेहवीर मामले को लेकर दो ट्वीट किए। सीएम ने लिखा कि वह एनडीआरएफ, स्थानीय प्रशासन और बाहरी विशेषज्ञों द्वारा चलाए जा रहे बचाव कार्य की लगातार मॉनिटरिंग कर रहे हैं।
वे जरूरी गहराई तक पहुंच गए हैं और फतेहवीर की तलाश कर रहे हैं। कैबिनेट मंत्री विजय इंदर सिंगला और संगरूर के डिप्टी कमिश्नर बचाव कार्य को खुद देख रहे हैं।
हम फतेहवीर के परिवार के साथ हैं और उसकी सलामती के लिए प्रार्थना करते हैं। इसके साथ ही सीएम ने एक और ट्वीट किया। उन्होंने लिखा कि सभी डिप्टी कमिश्नरों को हिदायत दी गई है कि किसी भी जिले में ऐसा खुला बोरवेल न हो।
उन्हें 24 घंटे में रिपोर्ट देने को कहा गया है। उन्होंने लोगों से अपील की कि अगर किसी को अपने आसपास बोरवेल के बारे में जानकारी है तो वे सरकार के हेल्पलाइन नंबर 0172-2740397 पर कॉल कर सकते हैं।