हरियाणा: लॉकडाउन उल्लंघन पर होगी सख्त कार्रवाई, मंडियों में राजनीति भी बर्दाश्त नहीं
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) मनोज यादव ने सभी जिला पुलिस प्रमुखों (सीपी और एसपी) को निर्देश जारी करते हुए कहा कि कोरोना संक्रमण के समय वर्तमान खरीद सीजन में राज्य की मंडियों में अनावश्यक रूप से एकत्रित होकर लॉकडाउन प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करें।
सभी पुलिस आयुक्तों और जिला पुलिस अधीक्षकों को जारी आदेश में डीजीपी ने कहा कि लाकॅडाउन में चालू रबी सीजन के दौरान मंडियों में सभी अनाधिकृत व्यक्तियों के प्रवेश तथा अनावश्यक भीड़ पर अंकुश लगाया जाए। ताकि कोविड-19 के प्रसार को रोकने के लिए सोशल डिस्टेंसिंग नियमों का अनुपालन सुनिश्चित हो सके।
उन्होंने कहा कि गृह मंत्री अनिल विज ने भी इस संबंध में हाल ही की कुछ घटनाओं का कड़ा संज्ञान लेते हुए पुलिस को निर्देश दिया है कि उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाए, क्योंकि फसल खरीद प्रक्रिया से संबंधित विभाग भी किसानों या आढ़तियों को एसएमएस/ईमेल/फोन के माध्यम से सीमित संख्या में बुला रहे हैं।
मंडी में राजनीति चमकाने की इजाजत नहीं होगी
यादव ने बताया कि हाल ही में यह देखा गया है कि कुछ राजनीतिक तथा अन्य लोग मंडियों और अन्य खरीद केंद्रों पर गेहूं और सरसों की खरीद का जायजा लेने के लिए पहुंच रहे है, जोकि केंद्रीय गृह मंत्रालय के आदेश व दिशानिर्देशों का स्पष्ट उल्लंघन है।
लिहाजा मंडी में राजनीति करने की इजाजत नहीं होगी। चूंकि पुलिस और सिविल प्रशासन दोनों ही कोविड-19 के समय में बहुत कड़ी चुनौती का सामना कर रहे हैं, उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे विपदा के समय में पुलिस का सहयोग करते हुए मंडियों का दौरा न करें।
साथ ही, कोविड-19 को हराने के लिए कुछ दिन और लॉकडाउन का कड़ाई से पालन करें। उन्होंने कहा कि लॉकडाउन के किसी भी प्रकार के उल्लंघन पर कानून अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
सरकार ने एक बार फिर चेताया
मामले को लेकर कड़े तेवर दिखाते हुए विज ने विपक्ष के साथ साथ सत्ता पक्ष के नेताओं को भी ये हिदायत दी है कि अगर कोई भी नेता मंडियों में भीड़ जुटाएगा तो बक्शा नहीं जाएगा। विज ने बताया कि इसके लिए उन्होंने सभी जिलों के एसपी और कमिश्नरों को कार्रवाई करने के भी आदेश दे दिए हैं।
अनिल विज ने तल्ख तेवर दिखाते हुए कहा कि प्रदेश में धारा- 144, डिजास्टर मैनेजमेंट एक्ट और एपिडेमिक एक्ट लगा हुआ है, ऐसे में नेता इनके उल्लंघन की न सोचें। पहले 21 दिन का लॉकडाउन और फिर 19 दिन का लॉकडाउन अब जारी है। इसके बावजूद भी देश मे कोरोना थम नहीं रहा।
ऐसे में क्या सरकारें तीसरे लॉकडाउन के लिए भी विचार कर रही है। इस मुद्दे बातचीत करते हुए गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि सभी हालातों पर विचार किया जा रहा है। हालांकि 3 मई में अभी कई दिन बाकी हैं लेकिन आने वाले समय मे जो भी फैसला होगा वो देश हित में होगा ।