हुड्डा बोले- एमएसपी से कम नहीं होगी खरीद, 2007 में मैंने बनाया था कानून, रद्द करके दिखाओ
- बरोदा उपचुनाव : पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा की भाजपा सरकार को दो टूक
- 1990 का महम साबित होगा बरोदा का उप-चुनाव, भाजपा - जजपा सरकार की चूलें हिल जाएंगी
- महम उपचुनाव के बाद 85 विधायकों वाली लोकदल सरकार हो गई थी साफ
- दीपेंद्र हुड्डा तय करेंगे बरोदा में नेताओं के दौरे, पूरे 54 गांवों में जाएंगे पिता - पुत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा का कहना है कि पंजाब की तरह हरियाणा में भी एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्यः से कम कीमत पर किसान की फसल नहीं खरीदी जा सकती। क्योंकि मैं 2007 में कानून बना चुका हूं। अगर भाजपा को केंद्र के तीन कृषि कानून हरियाणा में लागू करने हैं तो पहले 2007 में पास कानून को खत्म करना होगा। अगर कानून खत्म किया तो वे सरकार के खिलाफ आंदोलन छेड़ देंगे। हुड्डा मंगलवार को रोहतक में कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
हुड्डा ने कहा कि बरोदा उपचुनाव में भाजपा पहले ही हार मान चुकी है, क्योंकि कई भाजपा नेता कहते रहे हैं कि एक उपचुनाव से सरकार पर फर्क नहीं पड़ेगा। जबकि 1990 के महम के उपचुनाव ने पूरी लोकदल सरकार को साफ कर दिया था। जब प्रदेश में लोकदल व समर्थकों के 85 विधायक थे। महम की तरह बरोदा उपचुनाव भाजपा व जजपा की गठबंधन सरकार की चूलें हिला देगा।
उन्होंने कहा कि, सीएम मनोहर लाल को चुनौती दी थी कि वे बरोदा से उपचुनाव लड़कर देख लें, पता लग जाएगा कि प्रदेश की जनता किसके साथ है। उनकी चुनौती स्वीकार नहीं की गई। सीएम कहते हैं कि बरोदा से कांग्रेस प्रत्याशी को कौन जानता है। मैं, सवाल करता हूं कि सीएम मनोहर लाल को मुख्यमंत्री बनने से पहले कौन जानता था। वहीं, दीपेंद्र हुड्डा ने कहा कि छह साल तक भाजपा ने बरोदा की सुध नहीं ली। सीएम व मंत्री बाईपास से गुजरते रहे। अब बरोदा में बड़े-बड़े दावे किए जा रहे हैं।
कांग्रेस प्रत्याशी साधारण कार्यकर्ता, सभी उसके नेता
बरोदा से कांग्रेस प्रत्याशी इंदूराज नरवाल द्वारा भूपेंद्र हुड्डा को अपना नेता बताने के सवाल पर पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा ने कहा कि कांग्रेस प्रत्याशी किसान व गरीब परिवार से है और साधारण कार्यकर्ता रहा है। कांग्रेस में सभी उसके नेता हैं। यह तो मीडिया सवालों में उलझा लेती है। ऐसा कुछ नहीं है कि केवल भूपेंद्र हुड्डा ही उनके नेता हैं।
सैलजा बोलीं - मोदी से लेकर सीएम तक खो चुके हैं विश्वास
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा ने कहा कि देश की जनता का पीएम मोदी से लेकर सीएम मनोहर लाल तक विश्वास खो चुके हैं। कांग्रेस एकजुट होकर बरोदा का चुनाव लड़ेगी। इसके लिए रोहतक में प्रदेश स्तरीय बैठक हुई, जिसमें प्रदेश प्रभारी विवेक बंसल के अलावा पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा, किरण चौधरी सहित पूर्व विधानसभा अध्यक्ष रघुबीर कादियान सहित कांग्रेस के विधायक व पूर्व विधायक भी शामिल रहे। हालांकि कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला व कुलदीप बिश्नोई दिखाई नहीं दिए।
दीपेंद्र हुड्डा को हलके की कमान, करेंगे नेताओं के कार्यक्रम
कांग्रेस की प्रदेश स्तरीय बैठक में तय हुआ कि राज्यसभा सांसद दीपेंद्र हुड्डा बरोदा हलके में चुनाव प्रचार की कमान संभालेंगे। दीपेंद्र व पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा हलके के हर गांव में अलग-अलग जाएंगे। दूसरे नेताओं के दौरे समय के साथ तय किए जाएंगे। पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्डा बुधवार को गोहाना में महम रोड पर बरोदा हलके के कार्यकर्ताओं की बैठक लेंगे। इसके बाद गुरुवार से पूर्व सीएम हुड्डा व सांसद दीपेंद्र हुड्डा के दौरे शुरू हो जाएंगे।