रेप और कन्या भ्रूण हत्या पर खाप का अहम फैसला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
काजला खाप ने फैसला किया है कि वह रेप व कन्या भ्रूण हत्या के दोषियों का सामाजिक बहिष्कार करेगी। इसके अलावा ऑनर किलिंग का विरोध और अंतरजातीय विवाह का समर्थन करेगी, ताकि समाज का ताना बाना बना रहे।
वहीं, डीजे पर प्रतिबंध होगा, अगर कोई बजाएगा तो उस पर 11 हजार रुपये जुर्माना ठोका जाएगा। सामाजिक सुधारों पर ध्यान केंद्रित करने व मृत्यु भोज और दहेज जैसी सामाजिक बुराइयों के खिलाफ जनमत तैयार करने का भी फैसला लिया गया।
ये अहम फैसले रविवार को जाट धर्मशाला में हुए काजला खाप के राष्ट्रीय सम्मेलन में लिए गए। इसमें हरियाणा, यूपी, पंजाब, राजस्थान, दिल्ली व हिमाचल प्रदेश से सैकड़ों की तादाद में काजला खाप प्रतिनिधि शामिल हुए। सम्मेलन की अध्यक्षता खाप के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सूरजभान काजल ने की। मंच संचालन खाप के हरियाणा प्रदेशाध्यक्ष राजमल काजल ने किया। गांव रायपुर जाटान एवं गांव बिर्चपुर के काजला गौत्र बंधुओं की ओर से आयोजित खाप के इस राष्ट्रीय सम्मेलन में कई घंटे तक सामाजिक समस्याओं पर मंथन हुआ।
सम्मेलन में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित किया गया कि अगर बलात्कार जैसी घटना में काजला गोत्र का कोई व्यक्ति दोषी पाया जाता है तो खाप उसका सामाजिक बहिष्कार करेगी। इसके अलावा कन्या भ्रूण हत्या करने वाले परिवार का काजला खाप हुक्का पानी बंद करेगी व डीजे के उपयोग पर 11 हजार रुपये का जुर्माना लगाएगी।
सम्मेलन को संबोधित करते हुए खाप नेताओं ने समाज में व्याप्त कन्या भ्रूण हत्या, उत्सवों पर डीजे का बढ़ता उपयोग, इलेक्ट्रोनिक मीडिया पर दिनोंदिन बढ़ते जा रहे अश्लील विज्ञापनों, बलात्कार जैसी घटनाओं, पॉलीथिन के बढ़ते उपयोग सहित विभिन्न सामाजिक बुराइयों पर विस्तार से विचार विमर्श करते हुए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए।
ये प्रस्ताव हुए पारित
सम्मेलन में प्रस्ताव पारित करते हुए सरकार से अश्लील विज्ञापनों पर रोक लगाने और सिनेमा, टीवी सीरियल व विज्ञापनों में महिलाओं को उपभोग की वस्तु के रूप में प्रस्तुत करने पर प्रतिबंध लगाने की मांग की ताकि बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ कार्यक्रम सफल हो सके।
इसके साथ ही काजला खाप ने एक प्रस्ताव के माध्यम से प्रदेश की सभी खापों से आह्वान किया कि वे किसानों की बर्बादी को रोकने के लिए संगठित होकर सरकार की किसान विरोधी नीतियों के खिलाफ आवाज उठाएं। पॉलीथिन बैग्स के उपयोग को स्वच्छता अभियान में सबसे बड़ी बाधा बताते हुए सरकार से मांग की गई कि वह पॉलीथिन बैग्स को प्रतिबंधित करने के बारे में कानून को अमलीजामा पहनाएं।
हिंदू मैरिज एक्ट में हो बदलाव
केंद्र सरकार से मांग की गई कि वह वादे को अमलीजामा पहनाते हुए स्वामीनाथन आयोग की रिपोर्ट को लागू करे और हिंदू मैरिज एक्ट 1955 में संशोधन करते हुए समगोत्र व समगांव में विवाह को गैरकानूनी बनाए। काजला खाप ने ऑनर किलिंग का विरोध करने व अंतरजातीय विवाह को बढ़ावा देने का फैसला भी लिया। काजला खाप की वेबसाइट डब्ल्यूडब्ल्यूडब्ल्यूडॉटकाजलाखापडॉटइन को भी खाप के राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला ने लांच किया। उन्होंने कहा कि इसे अपडेट रखा जाए और इसमें खाप की सभी गतिविधियों को दर्शाया जाए।
इस मौके पर खाप के राष्ट्रीय संरक्षक धर्मवीर काजला, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कैप्टन रामपाल, पंजाब से डॉ. मनोज काजल, उत्तर प्रदेश से उदयवीर काजल, दिल्ली से राज सिंह काजल, राजस्थान से रामस्वरूप काजला, हरियाणा से धूप सिंह, सतपाल काजला, प्राचार्य जगदीश काजल, एडवोकेट रामचंद्र, प्रदीप काजल, जरनैल काजल, सुभाष काजल, नरेंद्र काजल, प्रेम काजल, हरिओम काजल, वीरेंद्र काजल व सज्जन काजल सहित सैकड़ों लोग मौजूद रहे।