नहीं थम रहा जहरीली शराब से मौतों का सिलसिला, छह और लोगों की मौत, 15 की हालत नाजुक
- मरने वालों की संख्या सोनीपत जिले में 36 और पानीपत में आठ पहुंची
- सोनीपत के गुमड़ गांव में ग्रामीणों ने शव सड़क पर रखकर लगाया जाम
- पुलिस और आबकारी विभाग आया हरकत में कई जगह की की कार्रवाई
- पानीपत जिले में अवैध खुर्दा चलाने वाली महिला को अदालत ने भेजा जेल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा में जहरीली शराब का कहर जारी है। शुक्रवार को प्रदेश में छह और लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन सोनीपत, दो फरीदाबाद और एक व्यक्ति पानीपत जिले का है। अब तक जहरीली शराब के कारण जान गंवाने वालों की संख्या 46 पहुंच गई है, इनमें 36 सोनीपत के और आठ पानीपत जिले के हैं। सोनीपत जिले में 15 लोगों की हालत नाजुक है।
उधर, जहरीली शराब के कारण हुई मौत से गुस्साए सोनीपत के गुमड़ गांव के लोगों ने दो शव गन्नौर-गोहाना मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस-प्रशासन ने भी मामले में कार्रवाई करते हुए गांव गुमड़ (सोनीपत) में शराब ठेकेदार के भाई के खिलाफ गैर इरादतन हत्या का मामला दर्ज किया है। प्रशासन का दावा है कि अब तक नौ लोगों की मौत के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में शराब पीने की पुष्टि हुई है।
सोनीपत जिले में जहरीली शराब से शुक्रवार को गांव गुमड़, इंडियन कालोनी और पंचशील कालोनी निवासी व्यक्तियों की मौत हो गई। गुमड़ निवासी व्यक्ति पीजीआई रोहतक में उपचाराधीन था और इंडियन कालोनी निवासी व्यक्ति का दिल्ली में उपचार चल रहा था। पानीपत जिले के गांव धनसौली में जहरीली शराब पीने से गुरुवार रात एक और मौत हो गई।
शुक्रवार को डीसी श्यामलाल पूनिया और एसपी जश्नदीप सिंह रंधावा ने सीएमओ जसवंत पूनिया के साथ गांव गुमड़, नैना ततारपुर का दौरा कर स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने रातभर जिले में ताबड़तोड़ छापे मारकर शराब की सप्लाई करने के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
शाहपुर में ईंट-भट्ठे पर जहरीली शराब की सप्लाई करने के आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उधर, पानीपत के गांव धनसौली में अवैध खुर्दा चलाने वाली विधवा सोनिया को पुलिस ने शुक्रवार को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया। पहले सोनिया का पति अवैध खुर्दा चलाता था और तीन साल पहले उसकी मौत के बाद सोनिया ही इसे संभाल रही है।
शव सड़क पर रख की नौकरी-मुआवजे की मांग
गुमड़ में ग्रामीणों ने पुलिस-प्रशासन पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए दो मृतकों के शव गोहाना-गन्नौर मार्ग पर रखकर जाम लगा दिया और देर रात तक शव सड़क पर रखकर बैठे रहे। ग्रामीण आरोपियों पर ठोस कार्रवाई, मृतकों के आश्रितों को 25 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग कर रहे हैं।
करनाल-यमुनानगर में भी छापा
पुलिस और आबकारी विभाग की टीमों ने कई जगह कार्रवाई की। शुक्रवार को टीम ने करनाल और यमुनानगर में भी शराब ठेकों से जांच के लिए सैंपल इकट्ठे किए। पानीपत में एक्साइज विभाग की टीम ने शुक्रवार को 10 शराब ठेकों से सैंपल लिए। सनौली थाना पुलिस ने छह सैंपल लिए हैं।
पुलिस जहरीली शराब की सप्लाई करने वालों पर लगातार शिकंजा कसने में लगी है। कई स्थानों पर अवैध शराब को बरामद किया गया है। पुलिस लगातार महत्वपूर्ण जानकारी जुटा रही है। जल्द सभी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। - जश्नदीप सिंह रंधावा, एसपी सोनीपत।