पंजाब राजभवन में फिर पहुंचा कोरोना, राज्यपाल के प्रमुख सचिव दोबारा संक्रमित, पांच सुरक्षाकर्मी भी पॉजिटिव
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक वीपी सिंह बदनौर के प्रमुख सचिव जेएम बालामुरुगन मंगलवार को दूसरी बार कोरोना पॉजिटिव मिले। उनके अलावा राजभवन के पांच सुरक्षा कर्मचारियों के भी कोरोना संक्रमित मिलने से हड़कंप मच गया। यह दूसरी बार है जब राजभवन में कोरोना वायरस पहुंचा है। हालांकि राहत की बात यह है कि प्रशासक व उनके परिवार के सभी लोगों की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
यूटी प्रशासन की तरफ से जारी एक आधिकारिक बयान में बताया गया कि पंजाब राजभवन में पिछले हफ्ते प्रोटोकॉल के तहत सभी कर्मचारियों के कोविड-19 टेस्ट कराए गए थे। कुल 338 सैंपल में से प्रशासक के प्रमुख सचिव जेएम बालामुरुगन के अलावा पांच सुरक्षाकर्मी भी कोरोना पॉजिटिव मिले।
सभी को स्वास्थ्य विभाग के दिशा-निर्देश के तहत आइसोलेट कर दिया गया है। प्रशासक व उनके परिवार का भी कोरोना टेस्ट किया गया, हालांकि उनकी रिपोर्ट निगेटिव आई है। इसके बाद राजभवन को सैनिटाइज किया गया। साथ ही सुरक्षा के मद्देनजर अगले कुछ दिनों तक राजभवन में किसी के भी दाखिल होने और अंदर होने वाली बैठकों पर रोक लगाई गई है। गौरतलब है कि नौ अगस्त को भी जेएम बालामुरुगन कोविड पॉजिटिव मिले थे। उसके बाद उन्हें आइसोलेशन वार्ड में दाखिल करवाया गया था और राजभवन के चप्पे-चप्पे को सैनिटाइज कराया गया था।
चंडीगढ़ में कोरोना से दो की मौत, 79 संक्रमित
चंडीगढ़ में मंगलवार को कोरोना से जहां दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, वहीं 79 नए मामले सामने आए। पॉजिटिव मिले मरीजों में पुरुषों की संख्या 44 और महिलाओं की संख्या 33 है। 79 मरीजों के मिलने के बाद शहर में पॉजिटिव मरीजों की संख्या 16848 हो गई है। वहीं अब तक 265 मरीजों की मौत हो चुकी है। जबकि 15455 मरीज ठीक हो चुके हैं।
ठंड के साथ ही पॉजिटिव मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग लोगों से संक्रमण से बचाव के मानकों का कड़ाई से पालन करने की अपील कर रहा है। मंगलवार को होम आइसोलेशन में रखे गए 66 मरीजों को डिस्चार्ज किया गया।
मंगलवार को जिन दो मरीजों की मौत की पुष्टि की गई, उनमें से सेक्टर-46 निवासी 50 वर्षीय पुरुष की मोहाली स्थित एक निजी अस्पताल में मौत हुई। वह कोरोना पॉजिटिव थे। वहीं, सेक्टर-37 निवासी 70 वर्षीय वृद्ध की शहर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। वह कोरोना पॉजिटिव होने के साथ ही मधुमेह और अस्थमा के मरीज थे।