सीताराम येचुरी ने कहा- किसी भी हालत में ममता बनर्जी को पीएम के तौर पर स्वीकार नहीं करेंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (मार्क्सवादी) राष्ट्रीय महासचिव सीताराम येचुरी ने सोमवार को कहा कि देश को नेता नहीं नीति चाहिए। केंद्र की मोदी सरकार के खिलाफ सभी पार्टियां एकजुट हो चुकी है। अभी तक अगला प्रधानमंत्री कौन होगा, इस पर फैसला चुनाव नतीजों के बाद होगा। एक बात साफ है कि उनकी पार्टी किसी हालत में ममता बनर्जी को प्रधानमंत्री के तौर पर स्वीकार नहीं करेगी। येचुरी सीआई और सीपीएम की संयुक्त रैली को संबोधित कर रहे थे।
राज्य स्तर पर गठबंधन को लेकर येचुरी ने कहा कि इसका फैसला सूबे के नेता करेंगे। अब समय आ चुका है कि मोदी सरकार को हटाया जाए। येचुरी ने आरोप लगाया कि मोदी सरकार का सरकारी तंत्र पर सीधे हस्तक्षेप चल रहा है। यहां तक अदालत के कामकाज में भी दखलांदाजी की जा रही है। राफेल मामले को लेकर जैसे सीबीआई डायरेक्टर ने अपने स्तर पर जांच करनी चाही, तो उन्हें रातो-रात बदल दिया गया।
ईवीएम को लेकर चुनाव आयोग पर प्रश्न चिन्ह लग चुका है। देश की जनता में मोदी सरकार के खिलाफ आक्रोश बढ़ता जा रहा है। अब जनता के आक्रोश को खत्म करने के लिए नफरत का जहर फैलना शुरू हो गया है। कहीं धर्म के नाम पर कहीं गाय के नाम पर आतंक फैलाया जा रहा है।
इसके लिए निजी सेनाएं भी तैयार हो चुकी हैं। लेफ्ट पार्टियां किसी हालत में उनके मंसूबों को कामयाब नहीं होने देगी। मोदी और संघ मिलकर देश को हिंदुत्व बनाना चाहते है। ऐसा किसी हालत में नहीं होने दिया जाएगा।
जीएसटी और नोटबंदी ने देश को किया बर्बाद: डी राजा
सीपीआई सांसद डी राजा ने कहा कि केंद्र की मोदी और पंजाब की कैप्टन सरकार हर फ्रंट पर फेल साबित हुई है। दोनों ने चुनाव से पहले किए किसी वादे को पूरा नहीं किया है। नोटबंदी और जीएसटी ने देश के व्यापार को बर्बाद कर दिया है।
इन दोनों फैसलों के बाद निर्यात और पूंजी निवेश दोनों में कमी आई है। गठबंधन का एक मकसद भाजपा को सत्ता से बाहर करना है। मोदी को यह साफ करना चाहिए कि वह देश और जनता के साथ है या फिर अडानी या अंबानी के साथ, जिनको फायदा देने के लिए केंद्र सरकार काम कर रही है।