पंजाब: सिद्धू मूसेवाला और सीएम चन्नी ने रोड शो कर दिखाई ताकत, कहा- सरकार बनी तो सबसे पहले एक लाख नौकरियों पर करूंगा दस्तखत
गायक सिद्धू मूसेवाला ने कहा कि बेशक वह लोगों की दुआओं और प्यार की वजह से आज गायकी के शिखर पर हैं लेकिन वह अपनी जमीन कभी नहीं छोड़ना चाहेंगे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने अपने विधानसभा क्षेत्र श्री चमकौर साहिब की दाना मंडी में भारी भीड़ को संबोधित किया। रोड शो के दौरान चरणजीत सिंह चन्नी और सिद्धू मूसेवाला बाइक पर सवार होकर मोरिंडा से श्री चमकौर साहिब पहुंचे। इस दौरान बड़ी संख्या में युवा मोटरसाइकिलों और ट्रैक्टरों पर सवार होकर रोड शो में पहुंचे। श्री चमकौर साहिब में चरणजीत सिंह चन्नी ने कहा कि दोबारा मुख्यमंत्री बनने पर उनके पहले दस्तखत एक लाख नौकरी पर होंगे। इसके साथ ही इसमें बड़ा हिस्सा श्री चमकौर साहिब के लोगो को मिलेगा।
उन्होंने कहा कि सरकार बनने पर शिक्षा और सेहत मुफ्त करना उनका मुख्य काम होगा। एससी व बीसी वर्ग के अलावा सामान्य वर्ग को स्कॉलरशिप दी जाएगी। सीएम ने कहा कि पेंशन 3100 रुपये और शगुन स्कीम 75000 रुपये कर दी जाएगी। उन्होंने कहा कि बड़े लंबे अरसे के बाद श्री चमकौर साहिब का विकास होना शुरू हुआ है और हलके के लोग 50 हजार की लीड से उन्हें जिताएं ताकि वह हलके का और विकास कर सकें।
मानसा में भी सीएम चन्नी ने किया रोड शो
मानसा में कांग्रेस प्रत्याशी शुभदीप सिंह सिद्धू मूसेवाला के लिए मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी, फिल्म अदाकार व गायक एमी विर्क, बीर बलजीत, गुलाब सिद्धू और जसकरण ग्रेट ने रोड शो किया। जोगा में गायकों का अखाड़ा लगाया गया, जहां देर शाम मुख्यमंत्री चरणजीत चन्नी भी पहुंचे। सिद्धू मूसेवाला का रोड शो भीखी की दाना मंडी से शुरू हुआ और त्रिवेणी मंदिर के पास जाकर खत्म हो गया। अदाकार एमी विर्क और गुलाब सिद्धू ने कहा कि उनके साथी कलाकार सिद्धू मूसेवाला को विजयी बनाएं जिससे वह विधानसभा पहुंचकर मानसा क्षेत्र और कलाकारों की मुश्किलों के संबंध में अपनी आवाज बुलंद कर सकें।
मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी ने पांच साल का समय लोगों से मांगा और कहा कि अगर पंजाब के लोग कांग्रेस को ये मौका सौंपते हैं तो वह नए से नए और लोक हितैषी कार्य करेंगे। सिद्धू मूसेवाला ने मानसा में बदलाव लाने और शहर को नमूने का शहर बनाने के लिए वोट मांगे। उन्होंने कहा कि गायकी और फिल्मों में आने के बाद वह भी दिल्ली व मुंबई में रह सकते थे लेकिन उन्होंने मानसा के गांव मूस्सा में अपना मकान बनाकर रहना ठीक समझा, क्योंकि उन्हें मानसा से गहरा लगाव है। उन्होंने कहा कि बेशक वह लोगों की दुआओं और उनको प्यार देने की वजह से आज गायकी के शिखर पर हैं, लेकिन वह अपनी जमीन कभी नहीं छोड़ना चाहेंगे।
बिना मंजूरी के रोड शो करने पर कांग्रेस प्रत्याशी मोफर पर केस दर्ज
सरदूलगढ़ से कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह मोफर के खिलाफ बिना मंजूरी रोड शो करने को लेकर मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि शुक्रवार को उन्होंने गाड़ियों व मोटरसाइकिलों के बड़े काफिले के साथ क्षेत्र में रोड शो निकाला जो गांव लालियांवाली, झुनीर व फत्ता मालोका सहित अन्य गांवों से गुजरा। बताया गया है कि कांग्रेस प्रत्याशी विक्रम सिंह मोफर ने इस संबंध में कोई इजाजत नहीं ली है, जिसे नियमों का उल्लंघन माना गया। झुनीर पुलिस ने कांग्रेस प्रत्याशी विक्रमजीत सिंह मोफर के खिलाफ मामला दर्ज किया है।