जिस स्कूल में पढ़ता था मासूम उसी की बस के नीचे आने से हुई मौत, जुड़वा बहन भी थी साथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
महानगर में एक स्कूल बस के नीचे आने से तीन साल के बच्चे की मौत हो गई। स्कूल बस व बच्चा दोनों केएमवी संस्कृति स्कूल के हैं। बच्चे की पहचान किला मोहल्ला के रहने वाले आरव मेहता के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार बच्चे को उसके दादा पवन मेहता स्कूल से एक्टिवा पर लेने आए थे।
जब वह एक्टिवा से जाने लगे तो एक्टिवा अनियंत्रित हो गई जिससे बच्चा नीचे गिर गया। बच्चे के गिरते ही पीछे से आ रही स्कूल बस बच्चे के ऊपर से गुजर गई। बस की चपेट में आने से बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बस ड्राइवर मौके से फरार हो गया।
हादसे की सीसीटीवी फुटेज आई सामने
हादसे के कुछ घंटों बाद सीसीटीवी की फुटेज सामने आई। इस फुटेज में साफ दिखाई दे रहा है कि एक्टिवा पर सवार होते समय बच्चे के दादा से ही स्कूटर अनियंत्रित हो गया। इसके कारण वहां से गुजर रही बस के पिछले टायर के नीचे बच्चा आ गया। बस चालक जब तक बस को रोकता तब तक बस का पिछला टायर बच्चे के ऊपर से गुजर चुका था।
परिवार ने नहीं दर्ज करवाया मामला
हादसे के बाद थाना नंबर-8 की पुलिस ने मामले की जांच करनी शुरू कर दी थी। जांच के दौरान बच्चे के परिजनों ने इस संबंध में कोई भी मामला दर्ज करवाने से इंकार कर दिया। थाना नंबर-8 के एचएओ ने बताया कि बच्चे के माता-पिता ने मामला दर्ज नहीं करवाया है।
हादसे का दुख, सीसीटीवी में सच्चाई आई सामने : प्रिंसिपल
केएमवी संस्कृति स्कूल की प्रिंसिपल डॉ रचना मोंगा का कहना है कि हादसे से उन्हें गहरा दुख पहुंचा है। हादसे की सीसीटीवी फुटेज पुलिस व मीडिया को जारी कर दी गई है। साफ है कि बच्चे की मौत एक्टिवा के अनियंत्रित होकर बस की तरफ गिरने से हुई है। पुलिस को सीसीटीवी फुटेज व बयान दर्ज करवा दिए गए हैं।
जुड़वा भाई-बहन थे, इसी साल लिया था दाखिला
आरव व उसकी बहन जुड़वा थे। दोनों ने इसी साल केएमवी संस्कृति स्कूल में दाखिला लिया था। जब यह हादसा हुआ तो दोनों भाई-बहन उस एक्टिवा पर ही सवार थे। एक्टिवा के गिरने के बाद आरव तो बस की चपेट में आ गया लेकिन आरव की बहन बच गई। हादसे के बाद इलाके में मातम सा छा गया है।