Punjab: दिल जीत लेगा सलमान का ये अंदाज, कैंसर ने छीनी बच्चे की आंखों की रोशनी, दबंग ने यूं पूरी की इच्छा
अभिनेता सलमान खान ने कैंसर पीड़ित रहे तीन साल के बच्चे से अपने बंगले पर दूसरी बार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने दो टी-शर्ट और पैंट गिफ्ट दिया। एक रूमाल पर सेहत का संदेश लिखा। इससे पहले सलमान खान ने बच्चे से टाटा कैंसर अस्पताल में मुलाकात की थी।
विस्तार
पंजाब के लुधियाना के रहने वाले तीन साल के बच्चे की आंखों की रोशनी कैंसर ने छीन ली। मुंबई के टाटा कैंसर अस्पताल में इलाज के दौरान बच्चे ने बॉलीवुड अभिनेता सलमान खान से मिलने की इच्छा जताई। इसके बाद सलमान खान बच्चे की इच्छा पूरी करने अस्पताल पहुंचे और बाद में अपने बंगले पर मिलने भी बुलाया। बच्चे का नाम जगनबीर सिंह जग्गू है। वह लुधियाना के मॉडल टाउन का रहने वाला है।
बच्चे ने ब्रेसलेट को छूकर सलमान खान को पहचाना और कई सवाल पूछे। बच्चे ने कहा कि सलमान को देख नहीं सकता हूं। मेरी इच्छा अधूरी रह गई है। बच्चे का सात महीने तक मुंबई में इलाज हुआ और अब वह बिल्कुल स्वस्थ है।
मॉडल टाउन में रहने वाले कारोबारी पुष्पिंदर सिंह की पत्नी और पीड़ित बच्चे जग्गू की मां सुखबीर कौर ने बताया कि सितंबर 2018 में उनका बेटा ज्यादा नींद लेने लगा और खाना कम खाता था। 30 सितंबर को जग्गू की आंखों की रोशनी चली गई। डीएमसी अस्पताल में जांच करवाई तो पता चला कि वह कैंसर पीड़ित है और चौथी स्टेज पर है। इसके बाद जग्गू को मुंबई स्थित टाटा कैंसर अस्पताल ले जाया गया।
वहां मेक माय इच्छा फाउंडेशन ने जग्गू से इच्छा पूछी। इस पर जग्गू ने कहा कि वह सलमान खान से मिलना चाहता है। संस्था के सदस्यों ने सलमान खान तक जग्गू का वीडियो पहुंचाया। सात नवंबर 2018 को सलमान जग्गू से मिलने पहली बार टाटा कैंसर अस्पताल पहुंचे।
जग्गू ने ऐसे सलमान को पहचाना
सुखबीर कौर ने बताया कि सलमान खान से जग्गू की पहली मुलाकात काफी दिलचस्प रही। सलमान ने जग्गू से पूछा था कि मैं कौन हूं? इस पर जग्गू ने जवाब दिया था कि वह देख नहीं सकता है, ऐसे में वह पहचान नहीं सकता है। इसके बाद सलमान ने कहा कि आप जिससे मिलना चाहते हो, मैं वही हूं। मगर जग्गू को यकीन नहीं हुआ कि वह सलमान खान हैं। इसके बाद सलमान ने अपने बाइसेप्स और ब्रेसलेट टच कर पहचानने को कहा तो जग्गू ने पहचान लिया।
मुलाकात के बाद सलमान ने जग्गू से इच्छा पूरी होने की बात कही। इस पर जग्गू ने कहा कि मैं देखना चाहता हूं लेकिन आंखों की रोशनी की वजह से नहीं देख पाया। इसके बाद सलमान ने जग्गू से पूरा ठीक होने के बाद घर बुलाने की बात कही थी।
सलमान ने मिलने बंगले पर बुलाया, टी-शर्ट गिफ्ट में दी
कैंसर से ठीक होने के बाद टाटा कैंसर अस्पताल से फोन आया। जानकारी दी गई कि सलमान खान उसे बांद्रा स्थित बंगले में मिलना चाहते हैं। इसके बाद वह एक दिसंबर 2023 को अपनी मां के साथ सलमान खान से मिलने गया था। सलमान खुद उसका वेलकम करने बंगले के दरवाजे पर खड़े थे। उन्होंने उससे कहा कि सरदार जी आने में बहुत देर कर दी। मैं खुद आपका इंतजार कर रहा था।
मुलाकात के दौरान जग्गू अपनी मां के साथ करीब डेढ़ घंटा सलमान खान के घर रहा। जग्गू ने कहा कि सलमान खान ने उसे दो टी-शर्ट और दो पैंट दिए हैं। एक रुमाल पर सलमान ने उसकी सेहत तंदुरुस्ती के लिए मैसेज लिखा है। जग्गू के परिवार ने कहा कि अब वह पूरी तरह से स्वस्थ है।