एसजीपीसी का 12 अरब का बजट पास, शिक्षण संस्थानों के लिए 238 करोड़ रुपये का प्रावधान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी का आगामी वित्त वर्ष का 12 अरब 05 करोड़ तीन लाख रुपये का बजट जयकारों की गूंज के साथ सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। यह पिछले वर्ष के बजट से लगभग 46 करोड़ अधिक है। बीत रहे वित्त वर्ष में एसजीपीसी का कुल बजट 1159 करोड़ 73 लाख का था। शनिवार को एसजीपीसी परिसर स्थित तेजा सिंह समुंद्री हॉल में साधारण सभा का बजट अधिवेशन हुआ।
इस दौरान बलविंदर बैंस और बादल समर्थकों के बीच बरगाड़ी कांड के प्रस्ताव को शामिल करने और निकाले गए 523 कर्मचारियों की बहाली को लेकर बहस भी हुई। एसजीपीसी के महसचिव गुरबचन सिंह करमुवाल ने बजट स्पीच पढ़ी। आगामी वित्त वर्ष में श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व पर आयोजित धार्मिक दीवानों और अन्य कार्यक्रमों के लिए 12 करोड़ 63 लाख रुपये का प्रावधान रखा गया है। धर्म प्रचार के लिए 84 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। यह राशि पिछले वित्त वर्ष से आठ करोड़ अधिक है।
एसजीपीसी द्वारा संचालित शिक्षण संस्थाओं पर 238 करोड़ की राशि का प्रावधान रखा गया है। श्री हरमंदिर साहिब आने वाले लाखों श्रद्धालुओं को ठहरने की सुविधा देने के लिए नई सरायों के निर्माण के लिए आठ करोड़ की राशि रखी गई है। गुरुद्वारा सेक्शन-85 के लिए 701 करोड़ 52 लाख, एसजीपीसी के साथ जुड़े गुरुद्वारों के लिए 13 करोड़ 36 लाख व शिक्षा फंड के लिए 37 करोड़ 40 लाख और प्रिंटिंग प्रेस के लिए 7 करोड़ 65 लाख रुपये का प्रावधान है।
एसजीपीसी द्वारा संचालित गुरुद्वारों के लिए जनरेटर सेट खरीदने के लिए 29 करोड़ 89 लाख की राशि का प्रावधान है। श्री हरमंदिर साहिब के लिए 280 करोड़ की राशि खर्च की जाएगी। जनरल फंड के लिए 72 करोड़ 50 लाख, आर्थिक रूप से कमजोर व्यक्तियों की मदद के लिए 95 लाख, कुदरती आपदा भूकंप और सुनामी से निपटने के लिए 70 लाख की राशि खर्च की जाएगी। एसजीपीसी द्वारा संचालित मेडिकल कॉलेज, डेंटल कॉलेज और श्री गुरु राम दास जी मेडिकल रिसर्च यूनिवर्सिटी के लिए 50 करोड़ 60 लाख की राशि खर्च की जाएगी।
एसजीपीसी आगामी वित्त वर्ष में धर्मी फौजियों और उनके परिवारों के कल्याण के लिए दो करोड़ की राशि खर्च करेगी। सिख इतिहास की खोज व अन्य प्राचीन ग्रंथों के प्रकाशन में 70 लाख, विदेशों में श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की छपाई गुरु मर्यादा के अनुसार करने के लिए 2 करोड़ 50 लाख की राशि खर्च होगी। श्री गुरु ग्रंथ साहिब की हाजिरी में शुरू हुई बजट बैठक में श्री अकाल तख्त साहिब के जत्थेदार ज्ञानी हरप्रीत सिंह और श्री हरमंदिर साहिब के मुख्य ग्रंथी भाई जगतार सिंह भी मौजूद थे।
550वें प्रकाश पर्व को समर्पित है बजट : भाई लौंगोवाल
बजट बैठक के बाद मीडिया से बातचीत में भाई लौंगोवाल ने कहा कि यह बजट श्री गुरु नानक देव जी के 550वें प्रकाश पर्व को समर्पित है। श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर धर्म प्रचार की राशि खर्च की जाएगी। इस वर्ष सिख इतिहास के संदर्भ में कई कार्यक्रम के साथ-साथ पत्र विहार कोर्स के लिए 19 करोड़ 30 लाख की राशि खर्च की जाएगी।
इस बजट में सिकलीगर सिखों और वंजारों के साथ पंजाब के बाहर के गुरुद्वारों के लिए 14 करोड़ 50 लाख की राशि खर्च की जाएगी। खेल प्रतियोगिता के लिए 60 लाख की राशि खर्च की जाएगी। प्रकाश पर्व से पहले सुल्तानपुर लोधी और अन्य शहरों में यादगारी गेट का निर्माण किया जाएगा। सुल्तानपुर लोधी स्थित गुरुद्वारा संत घाट के नजदीक मूल मंत्र अस्थान का निर्माण कार्य जारी है।