चंडीगढ़ में रोज फेस्टिवल शुरू: रोज गार्डन के मुख्य द्वार पर 'पुष्प की अभिलाषा' की पंक्तियां लगाने का एलान
इस बार रोज फेस्टिवल का मुख्य आकर्षण लाइट एंड साउंड शो रहेगा जो प्रतिदिन शाम को 7 बजे से दो बार होगा। रोज गार्डन में सेल्फी प्वाइंट भी बनाया गया है, जहां लोग अपनी फोटो ले सकेंगे। यहां पर बोर्ड पर फूलों से रोज फेस्टिवल लिखा गया है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
51वें रोज फेस्टिवल का शुक्रवार को उदघाटन हो गया। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने कहा कि शास्त्रों में 51 का आंकड़ा शुभ माना गया है। इसलिए आने वाला समय बेहतर होगा यह मान लीजिए। इस मौके पर सांसद किरन खेर, मेयर अनूप गुप्ता, सीनियर डिप्टी मेयर कनवरजीत राणा और क्षेत्रीय पार्षद सौरभ जोशी भी मौजूद रहे।
प्रशासक ने रोज गार्डन का चक्कर लगाया। इस दौरान छोटे बच्चों ने गुलाब का फूल देकर उनका स्वागत किया। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम की सुंदरता देखकर इसमें लगी मेहनत के बारे में अंदाजा लगाया जा सकता है। पूरा वातावरण रंगबिरंगा हो गया है। फूलों के साथ विभिन्न रंगों के परिधान पहने कलाकार व लोग दिख रहे हैं। हमारी प्राचीन संस्कृति में फूलों का बड़ा महत्व है। भगवान को पूजन के दौरान इत्र चढ़ाया जाता है। इत्र फूलों से बनता है। बिना फूल के पूजा नहीं होती।
हनुमान जी का पूजन बिना हार के अधूरा रहता है। यह उत्सव हमारी महान संस्कृति को बताता है। ऐसे आयोजन बड़े कम होते हैं। यह विभिन्न रंगों के फूलों से बना गुलदस्ता हमें बताता है कि विभिन्न जाति और धर्म के लोग कैसे एकता के साथ प्यार से देश में रहते हैं। प्रशासक ने कहा कि आजादी की लड़ाई में कवि माखनलाल चतुर्वेदी जेल गए थे। वहां से छूटकर आने पर क्रांतिकारी गणेश शंकर विद्यार्थी ने पूछा कि आप कुछ सुनाइए। एक समाचार पत्र प्रकाशित होता था प्रताप, उसमें माखनलाल चतुर्वेदी की कविता पुष्प की अभिलाषा प्रकाशित हुई। यह कविता अमर हो गई। मंच पर गृह सचिव नितिन यादव, वित्त सचिव विजय नामदेव राव जादे, आयुक्त आनिंदिता मित्रा भी मौजूद रहीं।
पाइप एंड ब्रास बैंड की प्रस्तुति मन मोह लेती है: सांसद
सांसद किरन खेर ने कहा कि इस आयोजन को पिछले आठ साल से देख रहीं हूं। वर्ष 2016 में पहली बार मुख्य अतिथि बनने का मौका मिला। इससे पहले हमें यह मौका नहीं मिलता था। इसकी सुंदरता देखते ही बनती है। एक साल कोविड और एक साल मुझे अपनी बीमारी से ठीक होने में लग गया। इस कारण आयोजन में शामिल नहीं हो सकी। यहां बजने वाले पाइप एंड ब्रास बैंड को सुनकर मन प्रफुल्लित हो जाता है।
अब रोज गार्डन के मुख्य द्वार पर लगेगी पुष्प की अभिलाषा
धन्यवाद ज्ञापित करने पहुंचे क्षेत्रीय पार्षद सौरभ जोशी ने कहा कि पुष्प की अभिलाषा कविता केवल पंक्तियं नहीं बल्कि देश एकता और अखंडता को प्रदर्शित करती है। देशभक्ति से ओतप्रोत यह कविता युवाओं को प्रेरित करती है। पिछले वर्ष भी मैंने आग्रह किया था कि रोज गार्डन के प्रवेश द्वार पर इन पंक्तियों को लगाया जाए, यह व्यवस्था अधूरी है। गृह सचिव नितिन यादव ने मंच से इसकी घोषणा कर दी।
प्रदर्शनी देखने के लिए लोगों में दिखा जमकर उत्साह
सेक्टर-10 स्थित लेजरवैली में भी रोज फेस्ट के पहले दिन जमकर रौनक देखने को मिली। चंडीगढ़ पर्यटन विभाग की ओर से यहां लोगों के लिए खाने पीने के स्टॉल लगवाए गए हैं। इस दौरान लोगों ने झूलों का आनंद लिया, वहीं सांस्कृतिक कार्यक्रम देख तालियां बजाईं।
आईटीबीपी 50 बटालियन, नेट सरदार, बीटीसी भानू द्वारा पहले और और दूसरे विश्व युद्ध में इस्तेमाल हथियारों की प्रदशनी लगाई गई है। लोगों में हथियारों के बारे में जानकारी लेने की अधिक रुची देखने को मिली। इसके अलावा माउंट ट्रैकिंग के उपकरण व आपदा में बचाव के उपकरणों की प्रदर्शनी भी लोगों की काफी पसंद आई।
चंडीगढ़ ललित कला अकादमी द्वारा पेंटिग की प्रदर्शनी लगाई गई है। लोगों में हाथ से की गई पेंटिग को खरीदने का भी शौक दिखा। आगरा, जम्मू और दिल्ली से आए लोगों ने लाइव पेंटिग में हिस्सा लिया।