देखिए, ट्राइसिटी में कहां-कहां से गुजरेगी रिंग रोड?
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग एवं जहाजरानी मंत्री नितिन गडकरी की ओर से ट्राइसिटी को रिंग रोड से जोड़ने की मंजूरी देने से शहरवासियों को राहत की उम्मीद जगी है।
सेक्टर-12 और 12ए से होकर गुजरती हुई पीर मुछल्ला, जीरकपुर के पिछले हिस्से से होकर एयरपोर्ट तक यह सड़क मोहाली और पंचकूला को जोड़ेगी। दूसरी तरफ मध्य मार्ग पंचकूला से होकर यह सड़क, हाउसिंग बोर्ड से होकर चंडीगढ़ मध्य मार्ग तक जाएगी।
विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने कहा कि रिंग रोड के निर्माण के लिए मंजूरी मिलने से ट्राइसिटी को राहत मिलेगी। इससे वाहनों के आवागमन में सुविधा होगी और दुर्घटनाओं की आशंका कम हो जाएगी। इस परियोजना के लिए एनएचएआई की ओर से तैयारियां की जा रही हैं।
वहीं, कालका विधायक लतिका शर्मा ने केंद्रीय मंत्री गडकरी से बद्दी-पिंजौर बाइपास की मांग रखी। शर्मा ने मंत्री को बताया कि पिंजौर की मुख्य समस्याओं में से एक समस्या शहर में प्रतिदिन लगने वाला जाम है। इसके हल के लिए करीब सात किलोमीटर लंबे सूरजपुर सुक्खोमाजरी बाइपास का निर्माण जरूरी है। केंद्रीय मंत्री ने इस मार्ग का निर्माण कार्य जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया।
अंडरपास बनने से मिलेगी राहत
रिंग रोड बनने से पंचकूला के सेक्टर-20 और 21 के रेजीडेंट्स को जल्द नए अंडरपास की सुविधा मिलेगी। पंचकूला विधायक ने इस संबंध में केंद्रीय मंत्री गडकरी को पत्र लिखकर सेक्टर-12/12 ए की डिवाइडिंग रोड पर अंडरपास के निर्माण की मांग रखी थी।
सोमवार को केंद्रीय मंत्री से मुलाकात के दौरान विधायक ज्ञानचंद गुप्ता ने इस मुद्दे को दोबारा उठाया। इस पर मंत्री ने एनएचएआई के आला अधिकारियों को नया अंडरपास बनाने की दिशा में पहल करने के आदेश दिए। इस समस्या को ‘अमर उजाला’ कई बार प्रमुखता से प्रकाशित कर चुका है।
विधायक ने केंद्रीय मंत्री से घग्गर पार के सेक्टरों 22, 23, 24 आदि में ट्रैफिक की समस्या के समाधान के लिए अंडरपास की मंजूरी देने पर आभार जताया। विधायक ने कहा कि पंचकूला-यमुनानगर सड़क की फोर लेनिग से दुर्घटनाओं में भी कमी आएगी।
ये कहना है लोगों का
रिंग रोड से सेक्टर-20, 21 सहित आसपास के सेक्टरों के लोगों को फायदा मिलेगा। अब पंचकूला के सेक्टरों में भी लोगों को जाम की समस्या से नहीं जूझना होगा। यहां व्यवस्था नहीं होने से वर्षों से रेजीडेंट्स को दिक्कत हो रही है।
-बीबी शर्मा-सेक्टर-20
रोज पंचकूला से ट्राइसिटी के शहरों में 30 हजार से अधिक लोगों का आवागमन होता है। ऐसे में रिंग रोड उनके लिए फायदेमंद होगा, जो निजी वाहनों का इस्तेमाल कर रहे हैं। पब्लिक ट्रांसपोर्ट की भी सुविधा बेहतर हो जाएगी।
-विजय वर्मा-सेक्टर-15
दिल्ली की तर्ज पर रिंग रोड की सुविधा से शहरवासियों को राहत मिलेगी। लोग लंबे समय से यह मांग कर रहे थे, लेकिन अब तक पिछली सरकारें ऐसा कुछ करने की दिशा में पहल नहीं कर सकीं।
-वीणा खन्ना-सेक्टर-25
रिंग रोड की सुविधा से आम लोगों को फायदा मिलेगा। इसके तैयार होने तक लोगों को पेश आ रही दिक्कतों को भी दूर करने की दिशा में स्थानीय स्तर पर कुछ करना चाहिए।
-लिली बावा-सेक्टर-12