सरकार का यू टर्न, सिद्धू की सुरक्षा बहाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब पुलिस ने भाजपा के वरिष्ठ नेता नवजोत सिद्धू की वाई प्लस सुरक्षा बुधवार को बहाल कर दी। यह सुरक्षा एक दिन पहले यानी मंगलवार को ही वापस ली गई थी।
सूत्रों के अनुसार सुरक्षा वापसी का मुद्दा काफी उछलने और भाजपा नेताओं की नाराजगी के मद्देनजर पंजाब सरकार ने यह फैसला लिया है। इसके बाद पुलिस ने सिद्धू के सुरक्षा कर्मियों की तैनाती फिर से कर दी।
हालांकि, उप मुख्यमंत्री सुखबीर के बादल के मीडिया सलाहकार जंगवीर सिंह ने मंगलवार को ही कह दिया था कि सिद्धू से सुरक्षा वापस लेने वाली कोई बात ही नहीं है। जंगवीर के अनुसार डिप्टी सीएम ने डीजीपी को सिद्धू के पंजाब आते ही उन्हें पुख्ता सुरक्षा मुहैया करवाने के निर्देश जारी किए हुए हैं।
सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया
इस बीच प्रदेश भाजपा अध्यक्ष कमल शर्मा तथा पार्टी के राष्ट्रीय सचिव तरुण चुघ ने सुरक्षा वापसी पर सरकार के खिलाफ तीखी प्रतिक्रिया जाहिर की थी।
जहां सिद्धू ने कहा था कि उन्हें सुरक्षा हटाने का कोई फर्क नहीं पड़ता, वहीं उनकी पत्नी और प्रदेश की मुख्य संसदीय सचिव डॉ. नवजोत कौर सिद्धू का कहना था कि हरियाणा चुनाव में अकालियों की सच्चाई लोगों के सामने के चलते ही सरकार ने एक साजिश के तहत यह कदम उठाया है।
इस बवाल के बाद अब सुरक्षा की बहाली हो गई है। चर्चा यह भी है कि केंद्र से मिले निर्देशों पर पंजाब सरकार ने सिद्धू की सुरक्षा को बहाल कर दिया है।
इस बारे में सिद्धू के राजनीतिक सचिव गौर कुमार ने बताया कि पंजाब सरकार ने सिद्धू की सुरक्षा बहाल कर दी है। चारों सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर वापस आ गए हैं।