शहजादी से बनीं मनप्रीत, फिर प्रेमी संग रचाई शादी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुराना हमीदा से तीन दिन पहले अपनी शादी के दिन लापता हुई लड़की के मामले में नया मोड़ आ गया है। मामला हरियाणा के यमुनानगर की है। दरअसल लड़की अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के साथ गई थी। सोमवार को लड़की देहरादून में धर्म परिवर्तन कर शहजादी से मनप्रीत बन गई और प्रेमी के साथ शादी रचा ली।
दोनों शादी रचाने के बाद यमुनानगर पहुंचे और एसपी को शिकायत देकर सुरक्षा की गुहार लगाई। एसपी ने दोनों को सुरक्षा देकर तेजली स्थित सेफ हाउस में भेज दिया।
एसपी कार्यालय में सुरक्षा मांगने पहुंचे पुराना हमीदा क्षेत्र निवासी अवतार सिंह (31) और मनप्रीत कौर (22) ने बताया कि उन दोनों का करीब पांच साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था मगर समुदाय अलग अलग होने से उनके परिजन शादी को तैयार नहीं थे। मनप्रीत ने बताया कि उनके घर वालों ने उसकी मर्जी के बिना उसकी शादी तय कर दी। 21 फरवरी को उसकी शादी थी। उसने इसकी सूचना अपने प्रेमी अवतार सिंह को दी।
21 फरवरी सुबह वह अपनी मर्जी से उसके साथ विवाह करने के लिए चली गई। यहां से वे दोनों उत्तराखंड में देहरादून गए। यहां उसने अपने प्रेमी की मदद से पहले अपना धर्म परिवर्तन कर अपना नाम शहजादी से बदलकर मनप्रीत कौर करवाया। उसके बाद एक मंदिर में जाकर हिंदू रीति रिवाज से शादी की।
मंगलवार को शादी करने के बाद दोनों एसपी कार्यालय पहुंचे जहां उन्होंने एसपी वेद प्रकाश गोदारा से परिजनों से जान को खतरा बताते हुए सुरक्षा की गुहार लगाई। पुलिस अधीक्षक ने दोनों को सुरक्षा मुहैया करवाकर उन्हें तेजली खेल परिसर के नजदीक बने सेफ हाउस में भेज दिया।
पुलिस की मौजूदगी में परिजनों से कराई मुलाकात
पुराना हमीदा चौकी प्रभारी प्रमोद कुमार ने बताया कि परिजनों की नवविवाहित जोड़े से पुलिस की मौजूदगी में मुलाकात कराई गई। दोनों के परिजन हालांकि विरोध कर रहे हैं लेकिन उन्होंने उन्हें कोई नुकसान नहीं पहुंचाने की बात भी कही है।
मनप्रीत कौर ने बताया कि जब वह दसवीं कक्षा में थी, उस समय अवतार उसके जीवन में आया। तभी से उन्होंने एक-दूसरे के साथ जीवन बिताने का वादा किया। साथ जीने मरने की कसमें खाईं। इस दौरान उनकी फोन पर बातचीत चलती रही। पांच साल से वह प्रेम के बंधन में बंधे हुए हैं, अब शादी हो गई है, अब मरते दम तक एक-दूसरे का साथ देंगे।
यह है मामला
पुराना हमीदा कॉलोनी में 21 फरवरी को शहजादी (22) की शादी होनी थी। सभी तैयारियां पूरी कर ली गई थीं और घर पर बारात पहुंच गई थी। इस दौरान शहजादी संदिग्ध हालात में लापता हो गई। परिजनों ने कॉलोनी निवासी अवतार सिंह पर उसे शादी का झांसा देकर अगवा करने का आरोप लगाया था। मामले में पुलिस ने लड़की के परिजनों की शिकायत पर अवतार सिंह के खिलाफ मामला दर्जकर लिया था।
प्रमोद कुमार, चौकी प्रभारी हमीदा ने बताया कि युवती ने अपनी मर्जी से अवतार सिंह के साथ देहरादून में जाकर शादी कर ली है। शादी से पूर्व युवती ने अपना धर्मपरिवर्तन कर नाम बदला। परिजनों से जान का खतरा बताते हुए सुरक्षा की मांग की। दोनों को सुरक्षा मुहैया करवाकर सेफ हाउस भेज दिया गया है।