चंडीगढ़ निगम चुनाव: पहली बार मतदान कर युवा दिखे खुश, महिलाओं ने विकास के नाम पर डाला मत, बुजुर्गों ने भी दिखाया उत्साह
करनैल कौर ने कहा कि मैंने तो तय कर लिया था कि चुनाव के दिन सुबह सबसे पहले मतदान करूंगी। उसके बाद घर लौटकर जलपान करूंगी। इसलिए सबसे पहले मतदान किया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
नगर निगम चुनाव में वोटरों में काफी उत्साह दिखा। किसी ने वोट विकास के लिए दिया तो किसी ने नई सोच के नाम किया। कुछ नए विकल्प के लिए भी वोट देने पहुंचे। सभी के चेहरे खिले दिखे। युवक-युवतियों से लेकर वरिष्ठ नागरिक भी एक कतार में दिखे। सभी ने अपनी-अपनी बारी आने पर मतदान किया। यही नहीं दूसरे लोगों को भी मतदान करने के लिए प्रेरित किया। जानते हैं क्या कहते हैं मतदाता...
जिम्मेदारी निभाते हुए मताधिकार का प्रयोग किया
देश का नागरिक होने के नाते मेरी जिम्मेदारी बनती है कि मैं हर हाल में अपने मताधिकार का प्रयोग करूं। इसलिए मैंने सबसे पहले अपने इस अधिकार का प्रयोग किया। -सुखजीत कौर
पहली बार मताधिकार का प्रयोग कर खुश हूं
मैं इससे पहले तक अपने परिवार के सदस्यों को वोट देते देखती थी। इस बार मैंने पहली बार मतदान किया। मैं अपने मताधिकार का प्रयोग कर बेहद खुश हूं। -तमन्ना
पहली बार किया मतदान, अनुभव रहा खास
मतदान को लेकर मैं बहुत उत्साहित थी। पहली बार मतदान करने का अवसर मिला। मैंने मतदान करने के बाद सेल्फी भी ली। यह अनुभव बेहद खास रहा। -हेमा कुमारी
बेहतर लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान जरूरी
मैंने और मेरे सभी दोस्तों ने पहली बार वोट डाला है। मतदान हमारा अधिकार है। इसका प्रयोग हमें हर हाल में करना चाहिए। बेहतर लोकतंत्र के लिए शत प्रतिशत मतदान बेहद जरूरी है। -अनुज प्रसाद
मताधिकार का प्रयोग कर अलग संतुष्टि मिली
मैंने पहली बार मतदान किया है। सच कहूं तो अपने मताधिकार का प्रयोग कर एक अलग संतुष्टि मिली है। एक बेहतर व्यवस्था के लिए मतदान बेहद जरूरी है। -गौरव
अधिकारों की रक्षा के लिए मतदान जरूरी
मैं अपने मताधिकार का उपयोग हर बार करता हूं, इस बार भी किया। हमें अपने अधिकारों की रक्षा के लिए आगे आकर मतदान करना चाहिए। -अरविंद सिंह
शिकायत नहीं, सही उम्मीदवार कर करें चुनाव
शिकायत करने के बजाय मतदान कर सही उम्मीदवार को सफल बनाने का प्रयास होना चाहिए। इसलिए मैंने अपने शहर की बेहतरी के लिए मतदान किया। -मनोज प्रसाद
मतदान के लिए उम्र कभी रोड़ा नहीं बन सकती
मेरे लिए मतदान करना बेहद जरूरी है। मैं बीमार होने पर भी अपने मतदान का प्रयोग करती हूं। मेरा मानना है कि मतदान के लिए उम्र कभी रोड़ा बन ही नहीं सकती। -विमला देवी
महिलाओं की सुरक्षा के लिए दिया मत
इस बार निगम चुनाव महिलाओं की सुरक्षा के मुद्दे को ध्यान में रखते हुए दिया है। कॉलोनी के इलाकों में स्ट्रीट लाइट आदि नहीं है, इस कारण रात के समय महिलाओं के लिए बाहर निकलना असुरक्षित रहता है। - संगीता, धनास
विकास की उम्मीद पर दिया वोट
क्षेत्र में विकास के मुद्दे पर मतदान किया है। सड़कों और पार्कों के रखरखाव और सफाई व्यवस्था की हालत शहर में खराब है। इसके साथ ही शिक्षा-स्वास्थ्य की व्यवस्था भी उम्मीद है दुरुस्त होगी। - सपना, महिला, सेक्टर-26
पिता और बेटी ने एक साथ किया मतदान
सेक्टर-26 में पिता संजय और बेटी ऐश्वर्या एक साथ मतदान करने के लिए दोपहर बाद मतदान केंद्र में पहुंचे। दोनों ने बताया कि शहर के विकास को ध्यान में रखते हुए मतदान किया है। सभी को परिवार सहित लोकतंत्र के जश्न में शामिल होना चाहिए।
वोट डालने के लिए उत्सुकता रही
जब मेरा वोट बना, तभी से मन में उत्सुकता थी। वह समय आ गया, जब मैंने अपना मताधिकार का प्रयोग किया। मतदान का अधिकार कुर्बानियों से मिला है। मताधिकार का प्रयोग कर बहुत अच्छा लगा। -ईशा शर्मा, फर्स्ट टाइम वोटर
चंडीगढ़ में बुनियादी सुविधाओं के लिए मत डाला
शहर में बुनियादी सुविधाओं का अभाव है। इसके लिए मताधिकार का प्रयोग किया। उम्मीद है कि जो जीतेगा शहर के लिए और मेरे वार्ड के लिए बेहतर काम करेगा। -एसके जुनेजा, वरिष्ठ नागरिक सेक्टर-51
बहुत बार डाला हूं पहला वोट
कई वर्षों से अपने बूथ पर पहला वोट डालता आया हूं। इस बार भी मैंने अपने बूथ पर पहला वोट डाला। मैंने बहुत लोगों को अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए प्रेरित किया। - केसर सिंह, वासी, सेक्टर-51
बड़ी कुर्बानियों से मिला है मताधिकार
हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने कुर्बानियां देकर मताधिकार हासिल किया है। उन्होंने हमें अपने मन की सरकार चुनने के लिए अधिकार दिलाया है। शहर की बेहतरी के लिए मतदान किया। -कमलेश चौधरी, वार्ड नंबर-32
समस्या के समाधान के लिए वोट किया
शहर में कई समस्याएं हैं। उन समस्याओं को समाधान के लिए मतदान किया है। शहर में कई लाइट, साफ-सफाई और पार्किंग की गंभीर समस्या है। इससे छुटकारा मिलना चाहिए। -उर्वशी, निवासी सेक्टर-44
पहली बार डाला वोट
मतदान केंद्र पर 20 मिनट पहले ही पहुंच गई थी। जब पहला वोट डाला तो मतदान केंद्र के सभी अधिकाकारियों ने स्वागत किया। यह मुझे बहुत ही अच्छा लगा। वोट डालने के बाद ही घर का काम किया। -तारा शर्मा, निवासी सेक्टर-40
पहली बार का मतदान नहीं भूल सकती
पहली बार मतदान किया है। यह अवसर कभी नहीं भूल सकती हूं। वोट डालने के बाद मन में बड़ी खुशी हुई। नगर निगम चुनाव में अपनी पसंद के उम्मीदवार को मतदान किया है। -पूर्णिमा रावत, वासी, गांव दड़वा
मतदाता बोले बहुत उत्सुक रहा
पहली बार मतदान के लिए बहुत उत्सुक रहा। यह क्षण कभी नहीं भूलने वाला है। अपनी सरकार चुनने का बेहतर साधन है मतदान। हर बार करूंगा। -अमित वर्मा, फर्स्ट टाइम वोटर
वोट डालना बहुत जरूरी
सबसे पहला काम वोट डालना होता है। इससे अपनी सरकार चुनते हैं। बहुत अच्छा मौका है जब अपने अनुसार सरकार चुनते हैं। नगर निगम का चुनाव में अपना पार्षद चुनने के लिए मतदान किया है। -सोन बरसी, वासी सेक्टर-26
सबसे पहला काम किया मतदान
बड़ी मुश्किल से मतदान केंद्र पर पहुंची हूं। हर हाल में मतदान करना है। लोगों को अधिक से अधिक मतदान करना चहिए। -अतरी देवी, वासी सेक्टर-26
हमने अपना काम किया
सबसे बड़ी बात है कि मैंने मतदान कर अपना काम कर दिया है। अब जो जीतेंगे, वे अपना काम करेंगे। शहर का विकास तेजी से करना चहिए। -संतोष देवी, वासी सेक्टर-26
मतदान करना बहुत जरूरी
मतदान करना बहुत जरूरी है। अपने परिवार के साथ रायपुरकलां के स्कूल में मतदान के लिए पहुंची हूं। मतदान अपने मन से किया। -कुलवंत कौर, वासी रायपुर कलां
वोट ही लोकतंत्र का सबसे बड़ा हथियार
कोई भी चुनाव हो, मतदान करने हमेशा जाता हूं। इस बार भी वोट डाला है। शहर में निरंतर विकास चाहता हूं। उसी के नाम वोट दिया है। वोट ही लोकतंत्र का सबसे बड़ा हथियार है। -नरेंद्र कुमार, पीयू
नई सोच का हो विकास
यह शहर खूबसूरत है। हर किसी को आकर्षित करता है। आगे भी इसका विकास होना चाहिए। नई सोच विकसित होनी चाहिए। युवाओं की भागीदारी व उनका सुझाव योजनाओं में शामिल हो, उसी के नाते इस बार वोट दिया है। -अनीता, सेक्टर-7
तैयार होने चाहिए नए विकल्प
इस शहर को बेहतर देने वालों की जरूरत है। स्वच्छता में हम नंबर वन आने चाहिए। यह शहर फिर से दुनिया में नाम कमाए। नई सोच विकसित हो। नए विकल्प तैयार हों। इसी के नाम हमने वोट किया है। -प्रो. मोहम्मद खालिद, सेक्टर-14
महिलाओं की सुरक्षा जरूरी
महिलाएं तरक्की कर रही हैं। उन्हें अन्य क्षेत्रों में आने के भी मौके मिलने चाहिए। महिलाओं की सुरक्षा बेहतर होनी चाहिए। उसी सुरक्षा के नाम हमने वोट किया है। साथ ही शहर विकास भी समय-समय पर चाहता है। -दीपिका शर्मा, पीयू
पीयू में भी होना चाहिए विकास
विश्वविद्यालय में भी विकास चाहिए। यहां की सड़कों से लेकर अन्य कार्यों में नगर निगम को सहयोग देना चाहिए। चाहे वह आर्थिक हो या फिर संसाधन के रूप में। उसी को ध्यान में रखते हुए वोट दिया है। -ममता राणा, सेक्टर-14
जीवन भर याद रहने वाला अनुभव
मैंने पहली बार मतदान किया है। लोकतंत्र के महापर्व में हिस्सा लेने का यह अनुभव जीवनभर याद रहने वाला है। लोगों को वोट देने की ताकत को समझना चाहिए। मतदान करने के बाद मैंने लोगों को भी जागरूक किया ताकि वे भी अपना कीमती वोट दे सकें। -निशांत पांडेय, मतदाता
जांचने-परखने के बाद कीमती वोट दें
मैंने बदलाव के लिए वोट दिया है। लोगों को भी ऐसे प्रत्याशियों को चुनना चाहिए जो लोगों के लिए काम करें। उनके सुख-दुख में साथ दें और इलाके की समस्याओं को अच्छे से समझते हों। मैंने लोगों से भी आग्रह किया कि वे वोट देने जरूर जाएं। उम्मीदवार को जांचने-परखने के बाद ही वोट दें। -विजय कुमार, मतदाता