रणजी: युवराज और हरभजन फिर फ्लॉप, दिल्ली की जीत
रणजी ट्राफी मैच के तीसरे दिन रविवार को दिल्ली की टीम ने पंजाब को 90 रन से हरा दिया। पंजाब के पटियाला के ध्रुव पांडव स्टेडियम में चल रहे मैच में दिल्ली के मानन शर्मा की गेंदबाजी के सामने पंजाब के बल्लेबाज नहीं टिक सके। मानन शर्मा को बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। उन्होंने पांच विकेट लिए।
मैच के तीसरे दिन दिल्ली की टीम ने 48 रन के आगे अपनी पारी की शुरुआत की। गौतम गंभीर और उन्मुक्त चंद ने अच्छी बल्लेबाजी की। गौतम गंभीर ने टीम के लिए सर्वोच्च स्कोर 67 बनाया। इसमें उनके सात चौके शामिल रहे। उन्मुक्त चंद ने सात चौकों की मदद से 56 रन बनाए।
राहुल यादव ने 19 रन एवं शिव शर्मा ने नाबाद 11 रन बनाकर टीम का स्कोर 192 रन तक पहुंचाया। पंजाब की तरफ से गेंदबाजी करते हुये संदीप शर्मा, हरभजन सिंह और गुरकीरतन मान ने 3-3 विकेट लिए। पहली पारी की बढ़त के आधार पर पंजाब को 179 रन टारगेट मिला।
युवराज सिंह और हरभजन सिंह खास नहीं कर पाए
इसके बाद पंजाब की टीम बल्लेबाजी करने उतरी। पंजाब के बल्लेबाज कुछ खास नहीं कर सके और एक के बाद एक पवेलियन लौट गए। मानन शर्मा की बेहतरीन बल्लेबाजी के आगे पंजाब के बल्लेबाज नतमस्तक होते चले गए। पंजाब की पूरी टीम 88 पर ही ऑल आउट हो गई।
पंजाब के स्टार खिलाड़ी युवराज सिंह और हरभजन सिंह भी कुछ खास नहीं कर पाए। मानन शर्मा ने अच्छी गेंदबाजी करते हुए 16.4 ओवर में महज 31 रन देकर पंजाब के 5 बल्लेबाजों को चलता किया। मानन ने पांच मेडन ओवर डाले। वहीं वरुण सूद ने 13 ओवरों में 40 रन देकर 2 विकेट लिये। शिवम शर्मा एवं सुमित नरवाल ने 1-1 विकेट ली।
पंजाब का कोई बल्लेबाज भी ज्यादा देर क्रीज पर टिक नहीं पाया। मनदीप सिंह ने दो चौकों की मदद से 17 रन बनाये। वहीं युवराज सिंह एवं गुरकीरत मान ने अपने खाते में 15-15 रन जोड़े। हिमांशु चावला भी 12 रन बनाकर पवेलियन लौट गए।