{"_id":"dd20c7956a2ce7ecb7ab594f5ca805b5","slug":"punjab-political-leaders-statement-on-pathankot-terror-attack-hindi-news","type":"story","status":"publish","title_hn":"पठानकोट आतंकी हमला, जानिए किस नेता ने क्या-क्या बोला?","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
पठानकोट आतंकी हमला, जानिए किस नेता ने क्या-क्या बोला?
ब्यूरो/अमर उजाला, चंडीगढ़
Updated Sat, 02 Jan 2016 09:06 PM IST
विज्ञापन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब के पठानकोट में एयरफोर्स स्टेशन पर हुए आतंकी हमले की हर किसी ने निंदा की। इस मसले पर पंजाब के दिग्गज नेताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। सीएम प्रकाश सिंह बादल और डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने पठानकोट में आतंकी हमले के लिए पाकिस्तान को जिम्मेदार ठहराया है। हमले के बाद से ही सीएम व डिप्टी सीएम ने स्थिति पर दिन भर नजर रखी। वे लगातार सुरक्षा और खुफिया एजेंसियों से हालात की जानकारी लेते रहे।
विज्ञापन
बादल ने कहा कि पंजाब के लोग और हमारी सुरक्षा एजेंसियां सीमा पार से होने वाले किसी भी तरह के हमले का जोरदार जवाब देने के लिए तैयार हैं। किसी भी देश विरोधी ताकत को देश की एकता व अखंडता को नुकसान नहीं पहुंचाने दिया जाएगा। देश को कमजोर करने के लिए सीमांत सूबे पंजाब में अस्थिरता फैलाने की सीमा पार से लगातार कोशिश की जा रही है, लेकिन लोग और सरकार हर चुनौती के लिए तैयार हैं।
विज्ञापन
हमारा जवाब शक्तिशाली और निरंतर होगा
वहीं, डिप्टी सीएम सुखबीर बादल ने कहा कि यह आतंकी हमला पाक द्वारा हमारी धरती पर किया सीधा हमला है। हमारा जवाब शक्तिशाली और निरंतर होगा। हमारी समर्पित और बहादुर पुलिस व सुरक्षा एजेंसियां हमारी धरती पर बुरी नजर रखने वाले तत्वों को सबक सिखाएंगी। सुरक्षा दस्ते पाक आतंकियों को शक्तिशाली जवाब देंगे कि भारत से पंगे न लो, दूर रहो। पंजाब पुलिस लगातार केंद्रीय एजेंसियों से आतंकवाद संबंधी जानकारियां सांझा करती है। जिससे ऐसे हमले के कारण नुकसान कम हुआ है। हमारे सुरक्षा दस्ते और पंजाब पुलिस देश पर आने वाले हर खतरे से निपटने को तैयार है। उन्होंने कहा कि सरकार को जानकारियां मिल रही थीं कि देश को कमजोर करने के लिए सीमा पार से पंजाब में गड़बड़ी फैलाने के प्रयास लगातार किए जा रहे हैं। इस धरती पर नापाक कार्रवाई करने वाला कोई भी व्यक्ति बच कर नहीं जा सकता।
विज्ञापन
आतंकियों को ईंट का जवाब पत्थर से मिला
प्रदेश भाजपा प्रधान कमल शर्मा ने पठानकोट में आतंकी हमले की निंदा की है। उन्होंने कहा कि आतंकवाद को नेस्तनाबूद करने में भारत पूरी तरह सक्षम है। देश पर हुए हमले का करारा जवाब दिया जाएगा। उन्होंने हमले के दौरान सुरक्षा बलों द्वारा दिखाए साहस की सराहना करते हुए शहीद हुए जवानों को श्रद्धांजलि भेंट की। कमल शर्मा ने कहा कि भारत एक शक्तिशाली राष्ट्र है। इस तरह की आतंकी घटनाएं न तो देश की एकता व अखंडता को और न ही हमारी नीतियों को प्रभावित कर सकती हैं। आतंकवाद ने भारत की धरती पर हमेशा मुंह की खाई है। वह चाहे पंजाब हो या देश के किसी भी हिस्से में आतंकी घटनाएं हों। सुरक्षा बलों ने हमेशा देश विरोधी शक्तियों के नापाक इरादों को नाकाम किया है।
पीएम नरेंद्र मोदी द्वारा पाकिस्तान के साथ किए जा रहे शांति के प्रयासों का समर्थन करते हुए शर्मा ने कहा कि आतंकवाद और शांति प्रक्रिया दो अलग-अलग विषय हैं। इन्हें आपस में जोड़ा नहीं जाना चाहिए। आतंकवादियों के साथ पाकिस्तान की कुछ आंतरिक शक्तियां भी हैं, जो नहीं चाहतीं कि दोनों देशों के बीच संबंध सामान्य हों। वह शांति प्रक्रिया को बाधित करने के लिए ऐसे प्रयास करती रहती हैं, लेकिन उनके प्रयासों को सफल होने नहीं दिया जा सकता। आतंकियों को ईंट का जवाब पत्थर से मिला है, उन्हें करारा सबक सिखाया गया है। पर इससे शांति प्रक्रिया बाधित नहीं होनी चाहिए।
आतंकियों के हाथों अपने जवानों को शहीद होता नहीं देख सकते
पंजाब कांग्रेस के प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने पठानकोट एयरफोर्स स्टेशन पर आतंकी हमले की घटना को पाकिस्तान में छिपे आतंकियों का दुस्साहस करार दिया है। कहा है कि ऐसी हरकत पाकिस्तान और भारत के बीच शांति बहाली की प्रक्रिया पर पानी फेरने के इरादे से की गई है। यह सीधे तौर पर भारत-पाक के संबंध बिगाड़ने की कोशिश है। उन्होंने कहा है कि पाकिस्तान को ऐसे आतंकियों और असामाजिक तत्वों की पहचान कर उन पर सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
कैप्टन ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पाक दौरे के कुछ दिनों बाद ही हुआ यह हमला पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी की लाहौर बस यात्रा के बाद हुए कारगिल हमले का दोहराव नहीं माना जा सकता। कैप्टन ने कहा है कि पाक के साथ शांति वार्ता जारी रहनी चाहिए, लेकिन भारत को सुरक्षा के मद्देनजर मजबूत रहने की जरूरत है। हम अपने लोगों, सिपाहियों और जवानों को आतंकियों के हाथों शहीद होता नहीं देख सकते। पाकिस्तान को जिम्मेदारी लेते हुए आतंकी तत्वों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करनी चाहिए। उन्होंने हमले में शहीद जवानों की बहादुरी को सलाम किया है।
पाक से बातचीत बंद हो, सीमा सील करने की दरकार
आतंकी हमले की निंदा करते हुए आल इंडिया एंटी टेररिस्ट फ्रंट के चेयरमैन मनिंदरजीत सिंह बिट्टा ने कहा है कि जब तक सीमापार से आतंकवाद खत्म नहीं होता, तब तक पाकिस्तान से कोई बातचीत नहीं की जानी चाहिए। बिट्टा ने कहा कि भारत-पाक सीमा को तुरंत सील कर देना चाहिए। साथ ही लाहौर बस सेवा और रेल सेवा के अलावा अन्य सभी लेनदेन बंद कर देने चाहिए। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी लाहौर बस सेवा के लिए पाक यात्रा पर गए थे, तब दूसरी ओर पाक आर्मी कारगिल हमले की तैयारी कर रही थी।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अचानक पाकिस्तान नहीं जाना चाहिए था। बिट्टा ने कहा कि जब शांति का प्रयास किया जाता है, तब आईएसआई किसी न किसी घटना को अंजाम दे देती है। पाकिस्तान में आईएसआई सरकार से अधिक शक्तिशाली है। उन्होंने कहा कि राजनीतिक दलों को सियासत से परे आतंकवाद से निपटने के लिए एक होना चाहिए। यदि ऐसा न हुआ तो देश को कोई नहीं बचा सकता। आशंका जताई है कि पाकिस्तान पंजाब को दोबारा टारगेट कर सकता है।
हमला सतर्कता में चूक का नतीजा
आम आदमी पार्टी के पंजाब कनवीनर सुच्चा सिंह छोटेपुर ने पठानकोट आतंकी हमले की निंदा करते हुए इसे सतर्कता में चूक करार दिया है। उन्होंने यहां अपने बयान में कहा है कि पंजाब के लोग असुरक्षित हैं। समूची पुलिस मुख्यमंत्री की सुरक्षा में लगी हुई है। छोटेपुर ने कहा है कि इसी कारण सतर्कता में चूक हुई और आतंकी हमला हुआ। उन्होंने एयरफोर्स के जवानों की बहादुरी की सराहना करते हुए शहीद जवानों के परिजनों के प्रति संवेदना प्रगट की है।
आतंकी हमले के लिए खुफिया नाकामी जिम्मेदार
कांग्रेस विधायक दल के नेता चरणजीत सिंह चन्नी ने आतंकी हमले के लिए खुफिया नाकामी को जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस को इस दोष में सांझीदार बनने को कहा है। उन्होंने कहा कि सेना के पहरावे वाले आतंकियों द्वारा एसपी स्तर के अफसर पर हमले और उसकी नीली बत्ती वाली गाड़ी छीन ली गई। फिर भी कोई गंभीर कार्रवाई नहीं की गई। वह हैरान हैं कि हमले के 24 घंटे पहले ऐसी गंभीर घटना के बावजूद पुलिस आतंकियों को पकड़ने को कार्रवाई करने में नाकाम रही।
डिप्टी सीएम सुखबीर बादल पर बरसते हुए चन्नी ने कहा कि उन्होंने दीनानगर हमले से कोई सबक नहीं लिया। पिछले साल दीनानगर पुलिस थाने पर हमला हुआ था, इस बार पठानकोट एयरबेस को निशाना बनाया गया है। चन्नी ने पीएम नरेंद्र मोदी से सवाल किया कि लोकसभा चुनाव से पहले वह सीमा पार से होने वाले आतंकी हमले के लिए यूपीए सरकार पर आरोप लगाते हुए 56 इंच का सीना ठोंकते थे। अब मोदी के पाक पीएम नवाज शरीफ को बधाई देने लाहौर जाने के कुछ समय बाद आतंकी देश में घुसे। जब मोदी, शरीफ के साथ केक सांझा कर रहे थे, तब आतंकी हमले की योजना बना रहे थे।
चन्नी ने कहा कि समान तौर पर यह केंद्रीय खुफिया एजेंसियों की भी नाकामी है, जो सीमा सील करने के दावों के बावजूद सीमा पार से आतंकियों की घुसपैठ को नोटिस करने में नाकाम रही थीं। उन्होंने सुरक्षा बलों द्वारा दिखाई बहादुरी की प्रशंसा की और शहीद जवानों को श्रद्धांजलि भेंट की।
पठानकोट हमले पर हरियाणा कांग्रेस ने भाजपा को घेरा
हरियाणा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने पठानकोट में वायुसेना के एयरबेस पर हुए आतंकी हमले की निंदा करते हुए हमले में शहीद सैनिकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। शनिवार को एक बयान में डॉ. तंवर ने भाजपा सरकार को लापरवाह सरकार बताते हुए कहा कि गुरदासपुर में हुए हमले के महज पांच माह के अंतराल में अब पठानकोट में यह दूसरा बड़ा आतंकी हमला है।
सुरक्षा एजेंसियों के अलर्ट के बावजूद आतंकियों का वायुसेना स्थल में प्रवेश करना सवालिया निशान लगाता है। इसकी जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि चुनाव से पूर्व प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व अन्य भाजपाई नेता एक सिर के बदले दुश्मन के दस सिर लाने की बातें कहते थे। उन्होंने केंद्र सरकार की कथनी व करनी में अंतर बताते हुए कहा कि एक ओर केंद्र पाकिस्तान के साथ अच्छे संबंधों की दुहाई दे रहा है, वहीं पाकिस्तान बार-बार भारत के साथ छल कर रहा है।