नवजोत सिद्धू से पुलिस ने वापस ली सुरक्षा!
अमृतसर से तीन बार सांसद रहे बीजेपी नेता नवजोत सिंह सिद्धू से पंजाब पुलिस ने सुरक्षा वापस ले ली है। पंजाब सरकार से सिद्धू को वाई श्रेणी की सुरक्षा मिली हुई थी। हालांकि इसकी अधिकारिक पुष्टि नहीं हो पाई है।
सिद्धू भाजपा के स्टार कंपेनर के तौर पर हरियाणा विधानसभा चुनाव प्रचार में उतरे थे और उसके पश्चात एक के बाद एक शिअद, खासकर मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल और उप मुख्यमंत्री सुखबीर बादल के खिलाफ ताबड़तोड़ हमले किए थे।
सूत्र बताते हैं कि सिद्धू ने हरियाणा में चुनाव प्रचार के दौरान पंजाब के सीएम प्रकाश सिंह बादल पर तीखा हमला बोला था। इसी के चलते अकाली सरकार के कहने पर पंजाब पुलिस ने क्रिकेटर नवजोत सिद्धू से सुरक्षा वापस ली है।
अकाली-भाजपा गठबंधन में तल्खी बढ़ी
इन हालात के चलते पंजाब में शिअद और भाजपा के अलग-अलग रास्तों पर चलने संबंधी चर्चाओं ने जोर पकड़ लिया है। आने वाले दिनों में हालात किस दिशा में जाते हैं, ये तो वक्त बताएगा, लेकिन मौजूदा समय में अकाली-भाजपा गठबंधन के रिश्तों की तल्खी बढ़ती ही नजर आ रही है। सिद्धू की पुलिस सुरक्षा वापस लेना इसी कड़ी में पहला कदम माना जा रहा है।
सिद्धू ने शुक्रवार को हरियाणा के बरवाला में बीजेपी कैंडिडेट ज्ञान चंद गुप्ता के पक्ष में प्रचार करते हुए कहा था कि मैं अकाली के साथ बैठकर बात करने के लिए तैयार हूं। उन्होंने कहा था, 'मैं अकेला आऊंगा। किसी से डरता नहीं हूं। लेकिन मैं कठपुतलियों को जवाब नहीं दूंगा। बात होगी तो आमने-सामने होगी।'
सिद्धू पर अकाली दल ने सवाल दागा था कि वह लोकसभा चुनाव में अरुण जेटली के पक्ष में प्रचार करने अमृतसर क्यों नहीं आए थे? इसी के जवाब ने सिद्धू ने अकाली दल पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि हमारे साथी पीठ में खंजर भोंकने वाले सिद्धांत पर काम करते हैं। इन्हें पीठ में खंजर भोंकने का मौका मिलना चाहिए।