फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Chandigarh ›   Punjab News in Hindi: New Coronavirus Positive cases in Punjab

पंजाब में दो और मरीजों की मौत, लॉकडाउन की ढिलाई में मजबूत होने लगा कोरोना वायरस

Sun, 07 Jun 2020 06:54 PM IST
ajay kumar न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़ Published by: ajay kumar Updated Sun, 07 Jun 2020 06:54 PM IST
विज्ञापन
Punjab News in Hindi: New Coronavirus Positive cases in Punjab
कोरोना पॉजिटिव - फोटो : अमर उजाला

देश के अन्य राज्यों की भांति पंजाब में भी लॉकडाउन के तहत लगातार ढील दी जा रही है। इस बीच कोरोना वायरस ने तेजी से पांव पसारने शुरू कर दिए हैं। सूबे में रविवार को इस महामारी से लुधियाना और नाभा में एक-एक मरीज की मौत हो गई और मृतकों की कुल संख्या 52 तक पहुंच गई। बीते 24 घंटे के दौरान राज्य में कोरोना के 93 नए केसों की पुष्टि हुई है। इसके साथ ही राज्य में कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या बढ़कर 2608 हो गई है।

विज्ञापन


इसी दौरान 14 मरीजों के ठीक होने से राज्य में कोरोना को मात देने वालों की गिनती 2106 तक पहुंच गई है। सेहत विभाग के अनुसार शनिवार देर रात लुधियाना में 60 साल की महिला और पटियाला के नाभा के युवक की कोरोना से मौत हो गई। इसके अलावा अमृतसर (35), जालंधर (23) और लुधियाना (10) में कोरोना पॉजिटिव केस सामने आए हैं। इनके अलावा पटियाला में 7, बरनाला, संगरूर में 5,  फाजिल्का, फतेहगढ़ साहिब, मोहाली और होशियारपुर में 1-1 तथा फरीदकोट और गुरदासपुर में 3- 3 कोरोना पॉजिटिव सामने आए हैं।
विज्ञापन


124266 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए
सेहत विभाग के आंकड़ों के अनुसार, राज्य में अब तक 124266 संदिग्ध लोगों के सैंपल लिए गए हैं। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में इस समय 451 लोगों का इलाज चल रहा है, जिनमें से 8 मरीज आक्सीजन सपोर्ट पर और 3 वेंटिलेटर पर हैं। रविवार को जिन 14 मरीजों के ठीक होने की खबर आई है, उनमें जालंधर के 4, पटियाला के 3 और पठानकोट के 7 मरीज शामिल हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन

लुधियाना में कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की मौत

लुधियाना स्थित दयानंद मेडिकल कॉलेज में भर्ती कोरोना संक्रमित बुजुर्ग महिला की शनिवार देर रात मौत हो गई है। मृतका लुधियाना के हबीबगंज क्षेत्र की रहने वाली थी। सिविल सर्जन डॉक्टर राजेश बग्गा ने महिला की मौत की पुष्टि की है। लुधियाना में अब तक 10 लोगों की मौत हो चुकी है। सिविल सर्जन ने बताया कि हबीबगंज निवासी 60 वर्षीय महिला को चार जून को डीएमसी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। 

उक्त महिला किडनी, निमोनिया और ब्लड प्रेशर से पीड़ित थी। ज्यादा हालत खराब होने पर उसे वेटिंलेटर पर रखा गया था। शनिवार देर रात उसकी मौत हो गई। लुधियाना में अब तक कोरोना संक्रमितों की कुल संख्या 247 पहुंच चुकी है। अन्य जिलों और राज्यों से संबंधित लोगों की संख्या 101 है। रविवार को स्वास्थ्य विभाग ने 702 लोगों के सैंपल जांच को भेजे हैं। 302 लोगों की स्क्रीनिंग की। 199 लोगों को एकांतवास में रखा गया है। अब तक 164 लोग सेहतमंद होकर घर लौट चुके हैं।  

नाभा के कोरोना पॉजिटिव युवक की मौत, पांच नए केस मिले
जिले में रविवार बाद दोपहर सरकारी राजिंदरा अस्पताल में उपचाराधीन एक कोरोना पॉजिटिव युवक की मौत हो गई। खास बात यह है कि नाभा की आदर्श कालोनी के रहने वाले 46 साल के इस युवक को कोई यात्रा इतिहास भी नहीं था। रविवार को ही उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हालांकि पिछले कुछ दिनों से वह बीमार चल रहा था। जिस कारण अस्पताल में संदिग्ध मरीज के तौर पर भरती था। इसके समेत जिले में रविवार को पांच नए पॉजिटिव केस सामने आए।

सिविल सर्जन डॉ. हरीश मल्होत्रा ने बताया कि मरने वाले 46 साल के इस युवक को शुगर की बीमारी थी। पिछले कुछ दिनों से खांसी, बुखार की भी शिकायत थी। इस कारण इसे नाभा के सिविल अस्पताल में दाखिल कराया गया था जहां से उसे गंभीर हालत में पटियाला के राजिंदरा अस्पताल में रेफर कर दिया गया था। मरने वाले युवक का गाइडलाइन के मुताबिक अंतिम संस्कार कराया जा रहा है। वह नाभा की एक प्राइवेट कंपनी में काम करता था। लेकिन बीमार होने कारण कई दिनों से काम पर नहीं गया था।

इसके अलावा रविवार को नए पॉजिटिव आए केसों में डीएमडब्लयू एरिया में रहने वाले 28 साल की महिला और उसका 10 साल का बेटा शामिल हैं। वे पिछले दिनों गुरुग्राम से वापस आए थे। नाभा की गली गिलजियां के नजदीक मैहस गेट का रहने वाला 65 साल का बुजुर्ग भी संक्रमित पाया गया है जो पिछले दिनों बाहरी राज्य से लौटा था। पटियाला की न्यू ऑफिसर कालोनी का रहने वाला 18 साल का एक नौजवान भी कोरोना पॉजिटिव पाया गया है। यह भी गुरुग्राम से लौटा था। सभी संक्रमित केसों को राजिंदरा के आइसोलेशन वार्ड में शिफ्ट करके इनके नजदीकी संपर्कों का पता लगाया जा रहा है।

बठिंडा में दिल्ली से लौटा व्यक्ति संक्रमित मिला

बठिंडा में रविवार को एक और व्यक्ति कोरोना संक्रमित मिला। अब जिले में कोरोना पीड़ितों की संख्या 12 हो गई है। सभी का उपचार सरकारी एकांतवास केंद्र में चल रहा है। डिप्टी कमिश्नर बी श्रीनिवासन ने बताया कि आज जिस व्यक्ति की की रिपोर्ट कोरोना संक्रमित आई है, वह कुछ दिन पहले दिल्ली से वापस आया था। उन्होंने बताया कि इस नए केस के साथ अब जिले में एक्टिव 12 केस हो चुके हैं, जिन का उपचार सरकारी एकांतवास केंद्र में चल रहा है। उन्होंने बताया कि अब तक कुल 62 कोरोना संक्रमित मामले सामने आए हैं। इनमें से पचास लोग ठीक होकर घर जा चुके हैं।

फरीदकोट में एक एएसआई समेत तीन और संक्रमित 
फरीदकोट के कोटकपूरा में शनिवार देर शाम एक एएसआई समेत तीन लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। सभी को श्री गुरु गोबिंद सिंह मेडिकल कॉलेज के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया है। अब जिले में कोरोना के मरीजों की संख्या 73 हो चुकी है, जिनमें से फिलहाल 10 केस एक्टिव हैं। बाकी 63 को ठीक हो जाने के बाद घर भेजा जा चुका है। 

सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार ने बताया कि शनिवार दोपहर कोटकपूरा के एक एएसआई और गांव टहिना की महिला संक्रमित मिली थी और देर शाम आई रिपोर्ट में तीन और मामले सामने आ गए। उन्होंने बताया मिशन फतेह के तहत फ्रंटलाइन पर कार्य कर रहे स्वास्थ्य व पुलिस विभाग के कर्मियों समेत जिले की सभी गर्भवती महिलाओं की जांच की जा रही है। इसी दौरान कोटकपूरा का एएसआई संक्रमित मिला था और शनिवार को सामने आए कुल पांच मामलों में से चार उक्त एएसआई के ही संपर्क वाले लोग हैं।

संगरूर में कोरोना के पांच नए मामले

दूसरे राज्यों से लोगों के आगमन से संगरूर में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है। अन्य राज्यों से लौटे पांच व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद अब जिले में संक्रमितों की संख्या 13 हो गई है। इन सभी मरीजों को कोविड केयर सेंटर घाबदां में शिफ्ट कर दिया गया है। 

नोडल अधिकारी डॉ. रविंदर कौर कलेर ने बताया कि नजदीकी गांव घाबदां के 28 व 24 वर्षीय दो युवक कुछ दिन पहले ही मध्य प्रदेश से लौटे थे। इनके अलावा मुंबई से लौटा 26 वर्षीय एक युवक भी पॉजिटिव पाया गया है। यह युवक मुंबई में इंजीनियरिंग कर रहा था। उत्तर प्रदेश से लौटे मालेरकोटला के दो लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सिविल सर्जन डॉ. राज कुमार ने कहा कि उक्त पॉजिटिव मरीजों को कोविड केयर सेंटर घाबदां में शिफ्ट कर दिया गया है। 

बटाला में संक्रमित मरीज की पत्नी-बेटी भी पॉजिटिव
मोहल्ला सुंदर नगर के रहने वाले 44 वर्षीय कोरोना संक्रमित की पत्नी और 18 वर्षीय बेटी की रिपोर्ट रविवार को पॉजिटिव आई। सिविल अस्पताल के एसएमओ डॉ. संजीव भल्ला ने बताया कि तीन जून को सुन्दर नगर के रहने वाले व्यक्ति जो सब्जी मंडी में प्लास्टिक लिफाफों की सेल करता था, की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी।

इसके बाद उसके संपर्क में आने वाले करीब 50 लोगों के सैंपल भेजे गए थे। इसमें उसकी पत्नी और बेटी संक्रमित पाई गई है। सोमवार को भी सब्जी मंडी और संक्रमित व्यक्ति के रिहायशी क्षेत्र में औचक सैंपल लिए जाएंगे। बता दें कि उक्त तीनों में कोरोना का कोई लक्षण नहीं दिख रहा था। वहीं संक्रमित व्यक्ति का कोई यात्रा इतिहास भी नहीं है।

पठानकोट मंडी में सब्जी बेचने वाले दो लोग संक्रमित

पठानकोट में कोरोना संक्रमण तेजी से फैल रहा है। रविवार को पठानकोट सब्जी मंडी के दो विक्रेताओं की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। नए दो मामलों के साथ पठानकोट में कुल संक्रमित लोगों की संख्या 88 पहुंच गई है। रविवार को संक्रमित पाए गए दोनों लोग पठानकोट की सब्जी मंडी में फड़ी लगाकर सब्जी बेचते थे। इनमें से एक मीरपुर कॉलोनी जबकि दूसरा मॉडल टाउन से है। 

मॉडल टाउन निवासी व्यक्ति अपने भाई के साथ ढाबा भी चलाता है। जानकारी के मुताबिक उक्त लोगों के सैंपल शुक्रवार को सब्जी मंडी में कैंप लगाकर लिए गए थे। इस दौरान 96 लोगों की सैंपलिंग की गई थी। इसके अलावा शहर के अंदरूण बाजार, शाहपुरकंडी, मेन बाजार में लोगों के 70  सैंपल लिए गए थे, जिनमें से 2 संक्रमित मिले। 

होशियारपुर: एक पॉजिटिव केस मिला, कुल संख्या 136
होशियारपुर जिले में एक नया पॉजिटिव केस आने से कोरोना से प्रभावित मरीजों की संख्या 136 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. जसवीर सिंह ने बताया कि पॉजिटिव आया केस हरखोवाल निवासी एक व्यक्ति का है, जो एक जून को कुवैत से आया था। उन्होंने बताया कि चार जून को उसका सैंपल लिया गया था। रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद पीड़ित को रियात बाहरा कॉलेज में क्वारंटीन किया गया है। 

अबोहर: गुरुग्राम से आया युवक निकला कोरोना पॉजिटिव 
फाजिल्का में शनिवार देर रात एक युवक की रिपोर्ट पॉजिटिव आ गई। उसे जलालाबाद के सरकारी अस्पताल में भर्ती किया गया है। पीड़ित के संपर्क में आए लोगों के सैंपल जांच को भेजे गए हैं। गांव निहालखेड़ा निवासी युवक गुरुग्राम से हवाई जहाज से लुधियाना पहुंचा था। सरकारी अस्पताल साहनेवाल की ओर से उसके सैंपल लिए गए। 

युवक को गांव निहालखेड़ा में ही होम क्वारंटीन किया गया था। उसकी रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। युवक के संपर्क में आने वाले करीब 13 लोगों के सैंपल लेकर जांच को भेजे गए हैं। जिला सिविल सर्जन डॉ. चंद्रमोहन कटारिया ने लोगों से अपील की है कि बिना मास्क घर से न निकलें।
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed