पंजाब में कोरोना से चार की और मौत, 217 नए पॉजिटिव मिले, कई अधिकारी चपेट में
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब में शुक्रवार को चार और लोगों की मौत के साथ ही सूबे में कोरोना वायरस से मरने वालों की संख्या 187 हो गई है। इस बीच 217 नए पॉजिटिव केसों की भी पुष्टि हुई है, जिनमें 68 लोगों की हालत नाजुक है। 59 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं, जबकि 9 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। राज्य में कोरोना पीड़ितों की कुल संख्या 7357 हो गई है। हालांकि शुक्रवार को 72 मरीजों के स्वस्थ होने पर उन्हें घर जाने की अनुमति दे दी गई।
स्वास्थ्य विभाग के अनुसार अमृतसर, जालंधर, फतेहगढ़ साहिब और मोहाली में 1-1 कोरोना मरीज की मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के अनुसार अब तक राज्य में 378045 संदिग्ध मरीजों के सैंपल लिए गए हैं। इस समय सूबे के विभिन्न अस्पतालों में 2153 मरीजों को आइसोलेशन वार्डों में रखा गया है।
इनमें 59 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर और 9 मरीज वेंटिलेटर पर हैं। बीते 24 घंटे के दौरान जिन 72 मरीजों को स्वस्थ होने पर अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है, उनमें संगरूर के 24, अमृतसर व पटियाला के 17-17, मोहाली के 4, तरनतारन के 6, पठानकोट, मुक्तसर, होशियारपुर, बरनाला के 1-1 मरीज शामिल हैं।
अमृतसर में कोरोना संक्रमित दो और की मौत, 16 नए केस मिले
कोरोना वायरस ने शहर में दो और लोगों की जान ले ली। मृतकों में विजय नगर निवासी 72 वर्षीय व लोहारां वाली गली निवासी 48 वर्षीय व्यक्ति शामिल हैं। दोनों ही श्री गुरुनानक देव जी अस्पताल स्थित कोरोना वॉर्ड में उपचाराधीन थे। विजय नगर निवासी शख्स कोरोना संक्रमण के साथ हाइपरटेंशन व डायबिटीज का शिकार था। वहीं लोहारां गली में रहने वाला व्यक्ति लीवर इंफेक्शन व हाइपरटेंशन से ग्रसित था।
अस्पताल प्रशासन ने दोनों शव मोर्चरी में रखवा दिए हैं। अब तक अमृतसर में कोरोना संक्रमित कुल 52 लोगों की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को 16 नए पॉजिटिव मरीज भी शहर में रिपोर्ट हुए हैं। इस तरह मरीजों का आंकड़ा 1076 पहुंच गया है। हालांकि इनमें से 874 स्वास्थ्य हो चुके हैं, जबकि 150 एक्टिव केस हैं।
स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार शुक्रवार को दो पॉजिटिव मरीज कांटेक्ट से मिले हैं। ये प्रीत नगर बटाला रोड के रहने वाले हैं। इसी तरह 14 पॉजिटिव मरीज अन्य रिपोर्ट हुए हैं। इनमें गुरबख्श नगर से एक, जंडियाला गुरु से एक, भल्ला कॉलोनी छेहरटा से एक, डेरा अस्पताल ब्यास से दो, अजनला के चमियारी गांव से एक, शुगर मिल छेहरटा से एक, छेहरटा चौक लोहारां वाली गली से एक, भगतांवाला से एक, राडीवाल से एक, ज्योतिसर कॉलोनी से एक, मजीठा रोड से एक, गंडा सिंह कॉलोनी से एक, ग्रीनसिटी अजनाला से एक केस रिपोर्ट हुआ है। इन सभी 16 पॉजिटिव मरीजों को होम आइसालेट किया है। स्वास्थ्य विभाग इनके पारिवारिक सदस्यों के भी सैंपल ले रहा है।
महानगर में कोरोना का कहर जारी, 39 नए मरीज
लुधियाना में कोरोना का कहर लगातार बढ़ता जा रहा है। शुक्रवार को नगर निगम के जोनल कमिश्नर सहित 39 मरीज सामने आए है। अब शहर में कुल मरीजों की संख्या 1271 हो गई है और कोरोना से मरने वालों का आंकड़ा भी तीस तक पहुंच गया है। सिविल सर्जन डॉ. राजेश बग्गा ने बताया कि महानगर में कोरोना के मरीजों की संख्या लगातार बढ़ रही है।
शुक्रवार को 39 मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। लुधियाना निगम के जोनल कमिश्नर की रिपोर्ट भी पॉजिटिव है। यह अधिकारी पिछले काफी लंबे समय से एकांतवास के इंचार्ज के तौर पर काम कर रहे थे। अब यह बाहर से आने वाले लोगों के लिए बनाए गए एकांतवास केंद्र के इंचार्ज थे।
उन्होंने बताया कि इसके अलावा सिविल लाइन से तीन, साहनेवाल माडल टाऊन से तीन, चंद्र नगर से एक, पायल से एक, ढंढारी खुर्द से एक, जनता नगर से एक, जमालपुर से एक, हठूर से दो, दशमेश नगर से दो मरीजों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी तरह सलेम टाबरी से एक नूरवाला रोड से एक, प्रेम विहार से एक, ढोलेवाल और जगरांव से एक एक, मुल्लापुर से एक, भाई रणधीर सिंह नगर से एक, जीवन नगर से एक, जलालदीवाल से एक, गांव इकोलोहा से एक, बाड़ेवाल रोड से दो और बीआरएस नगर से एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
इसके अलावा 12 मरीजों की रिपोर्ट प्राइवेट अस्पताल लैब से आई है। जिनमें पक्खोवाल रोड ओमेक्स अस्पताल से दो, जनता नगर से तीन, हैबोवाल से एक, गुरु अमरदास नगर से एक, भारत नगर चौक से एक, चंडीगढ़ रोड से एक, खुड्ड मोहल्ला से एक, ताजपुर रोड से एक और जगजीत नगर से एक मरीज की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
रोपड़ की डीसी सोनाली गिरी की रिपोर्ट पॉजिटिव
डीसी सोनाली गिरी भी कोरोना संक्रमण की चपेट में आ गई हैं। उनके आईएएस पति विपुल उज्ज्वल (पेंडू विकास और पंचायत विभाग के डायरेक्टर) की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। इससे पहले रोपड़ के एसडीएम जीएस जौहल की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई थी, जिसके बाद डीसी सोनाली गिरी ने खुद को होम क्वारंटीन कर लिया था। गुरुवार को ही डीसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने की चर्चा रही पर डीसी समेत सिविल सर्जन तक ने भी रिपोर्ट की पुष्टि नहीं की। हालांकि मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपने एक बयान में डीसी सोनाली गिरी को पॉजिटिव बताया था।
शुक्रवार शाम साढे़ पांच बजे डीसी ने अपने संक्रमित होने की पुष्टि की। एसडीएम और डीसी की रिपोर्ट पॉजिटिव आने के कारण सचिवालय के सभी कर्मचारियों के सैंपल लिए गए हैं। एडीसी(डी) और तहसीलदार की रिपोर्ट निगेटिव आई है।
डीसी के लिए हवन यज्ञ
डीसी के जल्द तंदुरुस्त होने की कामना को लेकर जटेश्वर महादेव मंदिर में हवन यज्ञ किए गए। मंदिर प्रबंधक कमेटी के मुख्य प्रबंधक शशिकांत चंदन, प्रिंसिपल वरिंदर शर्मा और समाजसेवी लोगों ने हिस्सा लिया। शशिकांत चंदन ने बताया कि डीसी द्वारा जिले की बेहतरी के लिए दिन-रात कार्य किया जा रहा है। महामारी के दौरान उन्होंने बेहतरीन काम किया। इसलिए उनकी तंदुरुस्ती और परिवार की बेहतरी के लिए मंदिर प्रबंधक कमेटी ने समाजसेवी सज्जनों के सहयोग से यहां पर रुद्रा अभिषेक का आयोजन किया। आचार्य राकेश शास्त्री और मंदिर प्रबंधक कमेटी के मुख्य पुजारी ने यज्ञ करवाया।
गुरदासपुर में सात पॉजिटिव केस मिले, कुल संख्या हुई 297
गुरदासपुर में शुक्रवार को सात और कोरोना संक्रमित पाए गए। गुरदासपुर में अब कुल संक्रमितों की संख्या 297 हो गई है। एक्टिव मरीजों की संख्या 46 है। सिवल सर्जन डॉ. किशन चंद ने बताया कि गुरदासपुर में अब तक 244 मरीज संक्रमित निकले हैं, जबकि 51 मरीज बाहरी जिलों से हैं। दो मरीजों के टेस्ट ट्रूनॉट के जरिये पॉजिटिव मिले हैं।
शुक्रवार को संक्रमित पाए मरीजों में गांव बब्बरी की एक 18 साल की युवती संक्रमित मरीज के संपर्क में आई थी। जबकि गांव सोहल के दो पुरुष मरीज जिनकी उम्र 62 और 38 वर्ष है, सोहल में मरीज के संपर्क में आए थे, जिसकी बाद में मौत हो गई थी।
वहीं कैलाश एवेन्यू गुरदासपुर का भी एक मरीज (62) दिल की बीमारी के चलते पीजीआई चंडीगढ़ में दाखिल है और संक्रमित मिला है। जबकि इंप्रूवमेंट ट्रस्ट की भी एक टीचर (54) भी संक्रमित पाई गई है। डीएमसी लुधियाना में दाखिल तिब्बड़ गांव की 59 वर्षीय महिला संक्रमित पाई गई है। इसके साथ सैदोवाल खुर्द (काहनूवान) की एक महिला जालंधर में संक्रमित पाई गई है।
फरीदकोट-जैतो की 8 वर्षीय लड़की मिली संक्रमित
फरीदकोट स्वास्थ्य विभाग के पास आई कोरोना सैंपल की रिपोर्ट में जैतो के गोशाला रोड निवासी एक 8 वर्षीय लड़की संक्रमित मिली है। कुछ दिन पहले लड़की की मां भी पॉजिटिव मिली थी, जिसके बाद विभाग ने सभी पारिवारिक सदस्यों के सैंपल लेकर जांच को भेजा था। सिविल सर्जन डॉ. राजिंदर कुमार व मीडिया इंचार्ज डॉ. प्रभदीप सिंह चावला ने बताया कि अब जिले में कोरोना मरीजों की संख्या 148 हो चुकी है, जिनमें 107 ठीक हो चुके हैं, जबकि 41 एक्टिव केस हैं।
पटियाला: 22 पॉजिटिव केस सामने आए
पटियाला में शुक्रवार को 22 पॉजिटिव केस सामने आए। इनमें 18 पटियाला शहर के, तीन नाभा और एक राजपुरा से संबंधित है। अब जिले में संक्रमित केसों की गिनती 501 पहुंच गई है। तोपखाना मोड़ और उसके साथ लगते एरिया में संक्रमित केस ज्यादा पाए जाने के कारण तोपखाना मोड़ एरिया को कंटेनमेंट जोन में तबदील कर दिया गया है। इसमें जेजिया गली को भी शामिल किया गया है। एरिया में कोविड जांच संबंधी और सैंपल भी लिए जा रहे हैं। जिनकी रिपोर्ट आने पर कंटेनमेंट एरिया में बढ़ोतरी करने के बारे में फैसला लिया जाएगा।
बठिंडा: 15 नए संक्रमित मिले
बठिंडा में शुक्रवार को कोरोना के15 नए मामले सामने आए। इसके अलावा तीन संक्रमित ठीक होकर घर लौट गए। यह जानकारी डीसी बी श्रीनिवासन ने दी। उन्होंने बताया कि संक्रमित लोगों में 13 लोग एक औद्योगिक इकाई से संबंधित हैं।
जालंधर: सेना के 17 जवान समेत 49 नए संक्रमित मरीज मिले
जालंधर में शुक्रवार को कोरोना के 49 नए पॉजिटिव केस सामने आने के साथ संख्या 1101 तक पहुंच गई है। 49 मरीजों में सेना के 17 जवान भी शामिल हैं। नए मामलों में से 46 पुराने मरीजों के संपर्क जबकि 3 नए मरीज हैं। नए मामलों में अवतार नगर और अमर नगर के भी मरीज शामिल हैं।
फिरोजपुर में चार पॉजिटिव मिले
फिरोजपुर में शुक्रवार को चार पॉजिटिव मामले सामने आए हैं। अब फिरोजपुर में 145 पॉजिटिव केस हैं, इनमें तीन की मौत हो चुकी है। शुक्रवार को पॉजिटिव आए चार केस में से दो तलवंडी भाई, एक गुरुहरसहाए और एक ममदोट का है। तलवंडी भाई को पूरी तरह सील कर दिया है।
होशियारपुर में 3 नए पॉजिटिव मरीज
होशियारपुर में शुक्रवार को तीन नए पॉजिटिव मरीजों के साथ कुल कोविड-19 मरीजों की संख्या 197 हो गई है। सिविल सर्जन डॉ. जसबीर सिंह ने कहा कि शुक्रवार को 19 साल, 22 साल के दो लोगों समेत कुल तीन केस मिले हैं जो सैला खुर्द कस्बे में बिहार से आए प्रवासी मजदूर हैं। जिले में सक्रिय मामलों की संख्या 14 है और कोरोना पर विजय हासिल कर चुके मरीजों की संख्या 176 है।