हरियाणा में बारिश के साथ ओलों की बौछार, आंधी ने बढ़ाई मुसीबत, पंजाब में भी बढ़ी ठिठुरन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
तीन दिनों की अच्छी धूप के बाद हरियाणा में सोमवार को मौसम फिर खराब हो गया। पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश के उत्तरी क्षेत्र के जिलों में तेज बारिश और ओलावृष्टि हुई। इससे लोहड़ी पर्व का उत्साह फीका पड़ गया। रबी की फसलों सहित सब्जी की पौध को भारी नुकसान पहुंचा है। बारिश और तेज हवाओं के कारण कुछ शहरों में बिजली गुल हो गई।
सबसे अधिक नुकसान जीटी बेल्ट के जिले यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और अंबाला जिलों में हुआ है। यमुनानगर में दिन भर झड़ी लगी रही। उधर, पहाड़ों पर जमकर हिमपात हुआ है। सुबह 11 बजे के करीब आंधी के साथ बारिश का दौर शुरू हुआ। करीब आधा घंटे तक ओलावृष्टि भी हुई। इससे खेत से लेकर सड़कों तक ओलों की सफेद चादर बिछ गई।
फसलें तबाह हो गईं। तेज बारिश के चलते दो कच्चे मकान गिर गए। हालांकि, कोई जनहानि नहीं हुई। डीसी ने नुकसान की रिपोर्ट मांगी है। यमुनानगर में आंधी के चलते बिजली के कई पोल और पेड़ उखड़ गए। इससे दिन भर ब्लैक आउट की स्थिति रही।
फसलों में फायदा और नुकसान भी
जिन इलाकों में ओले गिरे वहां गेहूं की फसल सहित प्याज, आलू, गोभी व मटर की सब्जियों को भारी नुकसान की आशंका है। जहां ओले नहीं गिरे वहां फसलों को फायदा हो सकता है। तेज बारिश के कारण खेतों में पानी जमा होने से गेहूं की जड़ के गलने का खतरा पैदा हो गया है।
चंडीगढ़ में ऐसा रहा रविवार का तापमान
आगे ऐसा रहेगा मौसम
- 14-15 जनवरी - घना कोहरा, बादल, बूंदाबांदी
- 16-17 जनवरी - गरज के साथ बारिश, ओलावृष्टि
- 18-19 जनवरी - पारे में गिरावट, आंशिक बादल
इन शहरों में बारिश-ओलावृष्टि
- यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, अंबाला, कैथल, करनाल, रोहतक, हिसार, पानीपत, जींद, फतेहाबाद
इन शहरों में बूंदाबांदी
- झज्जर, सिरसा, रेवाड़ी, भिवानी, सोनीपत
दिन का पारा गिरा, रात का चढ़ा
बारिश के चलते दिन का तापमान 5 से 6 डिग्री सेल्सियस गिर गया। वहीं, रात के तापमान में 6 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आया है। सिरसा में अधिकतम तापमान 15.2 और न्यूनतम तापमान 12.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
प्रमुख शहरों का न्यूनतम, अधिकतम तापमान
- शहर अधिकतम न्यूनतम
- अंबाला 15.7 8.5
- हिसार 18.5 12.0
- करनाल 16.0 6.8
- नारनौल 19.1 8.5
- रोहतक 19.2 9.6
- सिरसा 15.2 12.7
15 व 16 जनवरी को भी कहीं-कहीं बादल या गरज-चमक व हवाओं के साथ बूंदाबांदी या हल्की बारिश की संभावना रहेगी। - डॉ. मदन खीचड़, अध्यक्ष, कृषि मौसम विभाग, एचएयू
बारिश से फसलों में बीमारियां नहीं आएंगी। बारानी क्षेत्रों में चने व सरसों की फसल को फायदा होगा लेकिन जहां ओले गिरे और तेज हवा चली वहां नुकसान भी हुआ है। - राजीव भाटिया, कृषि अधिकारी, हिसार
लुधियाना में हुई 12.4 मिलीमीटर बारिश
लुधियाना में रविवार को खिलखिलाती धूप के बाद शाम को एकाएक बदले मौसम के कारण ठंड फिर से बढ़ गई है। सोमवार को 12.4 मिलीमीटर बारिश हुई। जिला मुख्य खेतीबाड़ी अफसर डा बलदेव सिंह ने बताया कि रुक रुक-कर हो रही बारिश गेहूं की फसल व सब्जियों के लिए फायदेमंद साबित हो रही है। सोमवार को हुई बरसात के बाद तापमान में भी तब्दीली आ गई।
लुधियाना का अधिकतम तापमान 13.6 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह हवा में नमी 90 फीसदी और शाम को 93 फीसदी पाई गई। पंजाब खेतीबाड़ी यूनिवर्सिटी के मौसम विभाग से मिली जानकारी अनुसार आने वाले 24 घंटों के दौरान लुधियाना व आसपास के इलाकों में बादलों के छाए रहने व कहीं-कहीं पर छींटे पड़ने की संभावना है।
जालंधरः बारिश से जालंधर में जनजीवन अस्तव्यस्त
लोहड़ी पर सोमवार को हुई बारिश से जालंधर के सभी इलाके जलमग्न हो गए। पूरा दिन रुक-रुक बरसात होती रही, जिस कारण जनजीवन बुरी तरह अस्तव्यस्त हो गया। सुबह 9 बजे के बाद से शुरू हुई तेज बारिश दोपहर तीन बजे तक होती रही। फिर देर शाम तक आसमान बादलों से घिरा रहा। ।
नंगल में ओलावृष्टि
नंगल में सुबह से हुई तेज बारिश ने लोहड़ी का मजा किरकिरा कर दिया। जोरदार बारिश के साथ हुई ओलावृष्टि से मौसम ने एक बार फिर से करवट ली और क्षेत्र को ठंड ने अपनी चपेट में ले लिया। लोग घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में टकटकी लगाए बैठे रहे। जोरदार बारिश के चलते उन लोगों को भी काफी निराशा हुई।