मनप्रीत बादल की प्रेस कॉन्फ्रेंस : वित्त मंत्री ने कहा- खजाने के हिसाब से बनाया बजट, प्रशांत किशोर की शक्ल तक नहीं देखी
- चुनावी बजट के सवाल पर वित्त मंत्री का बेबाक जवाब
- कहा- पंजाब को गुलामी के रास्ते पर नहीं ले जाना चाहता
- जेब में मौजूद पैसे के हिसाब से ही बनाया बजट
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब के वित्त मंत्री मनप्रीत सिंह बादल ने कहा कि वे पंजाब को गुलामी के रास्ते पर नहीं ले जाना चाहते, इसलिए बजट में किए गए सभी प्रावधान जेब (सरकारी खजाना) में मौजूद पैसे के हिसाब से ही किए गए हैं। सूबे पर पहले ही बहुत कर्ज है, जिसे और न बढ़ने देने के अलावा कर्ज को घटाने के प्रयास किए गए हैं।
बजट पेश करने के बाद वित्त मंत्री मनप्रीत बादल ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की। जब उनसे पूछा गया कि क्या यह चुनावी बजट है तो वित्त मंत्री ने बेबाक अंदाज में कहा कि उन्होंने बजट में सारे फैसले सूबे और जनता की भलाई को ध्यान में रखकर लिए हैं। उन्होंने कहा कि मैं कोई हरीशचंद्र नहीं बल्कि एक राजनीतिक जीव ही हूं। मुझे भी देखना है कि पार्टी को कैसे उभारना है।
बिजली की दरों में कोई राहत नहीं दिए जाने के बारे में पूछे गए सवाल पर मनप्रीत ने कहा कि अगली बार वे बिजली पर ध्यान देंगे। पंजाब सरकार बिजली सब्सिडी के रूप में 13-14 हजार करोड़ रुपये खर्च कर रही है। पंजाब में बिजली का उत्पादन कोयले से होने के कारण लागत बहुत अधिक है।
महंगा कोयला और उसकी ढुलाई का सारा खर्च पंजाब को ही वहन करना पड़ता है। पंजाब सरकार ने कई बार केंद्र से गैस आधारित बिजली उत्पादन की व्यवस्था की अनुमति मांगी है। केंद्र से गैसपाइप लाइन की अनुमति नहीं मिल रही है। निजी कंपनियों से बिजली समझौते रद्द नहीं कर पाने के बारे में उन्होंने कहा कि इस मामले में समझौतों की शर्तों के अलावा केंद्र सरकार का दबाव भी आड़े आ रहा है।
बजट में गरीब परिवारों को चीनी-चाय पत्ती देने का वादा पूरा नहीं होने के बारे में वित्त मंत्री ने कहा कि इस समय राज्य में 33 लाख लोगों को स्मार्ट राशनकार्ड बांटे गए हैं। केंद्र सरकार द्वारा शर्त लगाई गई है कि या तो चीनी-चायपत्ती देने का फैसला लें या फिर और नौ लाख जरूरतमंद लोगों को स्मार्ट राशनकार्ड योजना में शामिल कर लें। उन्होंने कहा कि इसे देखते हुए सरकार ने अधिक से अधिक जरूरतमंद लोगों को योजना में शामिल करने का फैसला लिया है ताकि लोगों को आटा-दाल मिल सके।
मैंने कभी प्रशांत किशोर की शक्ल नहीं देखी : मनप्रीत
वर्ष 2021-22 के बजट में प्रशांत किशोर की भूमिका के बारे में पूछे गए सवाल के जवाब में मनप्रीत बादल ने कहा कि मैंने कभी प्रशांत किशोर की शक्ल नहीं देखी। उल्लेखनीय है कि पंजाब विधानसभा सत्र में बजट पेश करने के लिए तारीख बदले जाने पर विपक्षी दलों द्वारा आरोप लगाया जा रहा है कि इस बजट में प्रशांत किशोर की बड़ी भूमिका है, जिसके चलते बजट पेश करने का दिन भी बदला गया। इस पर मनप्रीत ने कहा कि उनके बजट में प्रशांत किशोर की कोई भूमिका नहीं है।