अपनी ही सरकार पर सवाल उठाने पर विधायक जीरा को कारण बताओ नोटिस, तीन दिन में देना होगा जवाब
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पंजाब कांग्रेस ने अपने विधायक कुलबीर सिंह जीरा को सोमवार को कारण बताओ नोटिस जारी किया। उन्हें तीन दिन में जवाब देने के कहा गया है। जीरा ने कुछ दिन पहले नवनिर्वाचित सरपंचों एवं पंचों के नशे के खिलाफ शपथ ग्रहण समारोह का यह कहकर बहिष्कार किया था कि फिरोजपुर जिले में अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं की जा रही है।
वहीं जीरा ने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि वे पार्टी के वफादार सिपाही हैं और हमेशा रहेंगे। उन्होंने कहा कि वह पंजाब कांग्रेस के प्रमुख सुनील जाखड़ से मुलाकात करेंगे और नोटिस का जवाब देंगे। जीरा ने कहा कि वह पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह से भी मुलाकात करेंगे और अपने दावों के समर्थन में उनके सामने कुछ तथ्य रखेंगे।
सरकार का विरोध नहीं, असलियत बयां की : जीरा
जीरा ने एक चैनल से बातचीत में कहा कि उन्होंने नशे का मुद्दा उठाकर अपनी सरकार का विरोध नहीं किया। कैप्टन अमरिंदर सिंह उनके मानयोग मुख्यमंत्री हैं, जिनके मार्गदर्शन वे काम कर रहे हैं। उनका ऐसा कोई इरादा नहीं था कि वे 12 जनवरी को पंचों-सरपंचों के शपथ ग्रहण कार्यक्रम के दौरान यह मामला उठाएं, लेकिन लंबे समय से उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने का मौका नहीं मिल सका। वे उन्हें फिरोजपुर में पुलिस और नशा कारोबारियों के नेक्सस की जानकारी देना चाहते थे।
सीएम के सामने रखूंगा सारे तथ्य
फिरोजपुर के आईजी एमएस छीना के खिलाफ अपनी शिकायत के बारे में जीरा ने कहा कि उन्होंने पुलिस अफसर पर जो आरोप लगाए हैं, वे पूरे तथ्यों पर आधारित हैं। वे अब इन सभी तथ्यों को मुख्यमंत्री के सामने रखेंगे। विधायक ने दावा किया कि 1 जून, 2018 को फिरोजपुर कैंट थाने में दर्ज एफआईआर संख्या 119 के मुताबिक पुलिस ने 25,170 बोतल शराब पकड़ी थी, जो आज भी थाने में जमा हैं।
इसके अलावा जीरा थाने में 1160 शराब की वे पेटियां भी जमा हैं, जिन्हें शराब कारोबारी शिवलाल डोडा के भतीजे से बरामद किया गया था। लेकिन पुलिस ने बाद में इन मामलों में परचे रद्द करते हुए आरोपियों को न सिर्फ रिहा कर दिया बल्कि उन्हें 10-10 सुरक्षाकर्मी भी मुहैया करा दिए हैं। जीरा ने आरोप लगाया कि इन आरोपियों को आज फिरोजपुर के आईजी अपनी गाड़ी में साथ लेकर घूमते देखे जा सकते हैं।
पुलिस महानिदेशक से मिले जीरा, फिरोजपुर के आईजी पर कार्रवाई की मांग
विधायक कुलबीर सिंह जीरा ने सोमवार को पुलिस महानिदेशक सुरेश अरोड़ा से मुलाकात कर फिरोजपुर के आईजी एमएस छीना के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। दोपहर बाद वे पंजाब पुलिस मुख्यालय पहुंचे। उनके साथ फिरोजपुर के कांग्रेस विधायक परमिंदर सिंह पिंकी भी थे।