हरियाणा में गरजेंगे पंजाब कांग्रेस के दिग्गज
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हरियाणा विधानसभा चुनाव में पंजाब के दिग्गज कांग्रेसी भी गरजेंगे। तीन स्टार प्रचारकों कैप्टन अमरिंदर सिंह, प्रताप सिंह बाजवा और रजिंदर कौर भट्ठल समेत पंजाब के तीस कांग्रेसी हरियाणा चुनाव में कमान संभालेंगे। बड़े नेताओं ने अपनी तारीखें एआईसीसी कॉर्डिनेशन रूम को दे दी हैं। राष्ट्रीय महासचिव शकील अहमद बुधवार को पंजाब के नेताओं के प्रचार कार्यक्रम फाइनल कर सकते हैं।
लोकसभा में कांग्रेस के उपनेता कैप्टन अमरिंदर सिंह सात से लेकर तेरह अक्तूबर तक हरियाणा में रहेंगे।
इस बीच 11 अक्तूबर को वह मुंबई में प्रेस कांफ्रेंस करेंगे। बाकी दिन वह सियासी रैलियों और जलसों को संबोधित करेंगे। अभी उनका कार्यक्रम तय नहीं हुआ है, पर कई जगह कैप्टन के लिए डिमांड आ चुकी है।
कई हलकों से आई पंजाब के स्टार कैंपेनर्स की डिमांड
अंबाला, कैथल, पिहोवा, करनाल, सिरसा, झज्जर, सोनीपत समेत कई हलकों से उम्मीदवारों ने प्रचार के लिए कैप्टन को भेजने की मांग की है। पंजाब प्रधान प्रताप बाजवा चार अक्तूबर से हरियाणा में डेरा डालेंगे। उन्होंने बताया कि हाईकमान के कहने पर पंजाब के कुल तीस नेताओं की ड्यूटी हरियाणा में लगाई है। विधायक व पदाधिकारियों को कुछ हलकों की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
बाजवा खुद अंबाला, करनाल, सिरसा, कुरुक्षेत्र, डबवाली, किलियांवाली आदि हलकों में जाएंगे। सिख और पंजाबी बाहुल्य हलकों और पंजाब के साथ लगते हलकों पर ही पंजाब के नेता ज्यादा फोकस करेंगे।
पूर्व सीएम रजिंदर कौर भट्ठल 6-13 अक्तूबर तक हरियाणा में चुनाव प्रचार करेंगी। हालांकि वह आठ और दस अक्तूबर को बाहर रहेंगी। भट्ठल भी पंजाब के साथ लगती बेल्ट पर फोकस करेंगी। जिसमें टहाना, नरवाना, किलियांवाली समेत कई इलाके शामिल हैं। उनका अपना हलका लहरागागा भी हरियाणा सीमा पर है।