Punjab Assembly: एसपी के मोबाइल पर लाॅरेंस के इंटरव्यू और डेरा प्रमुख पर लंबित कार्रवाई में देरी पर घिरी सरकार
सत्र के पहले दिन शून्य काल के दाैरान तीन अहम मुद्दे उठे। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां से सीआईए थाना खरड़ में एसपी के मोबाइल पर गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू कराए जाने के मामले को गंभीरता से उठाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब विधानसभा का तीन दिवसीय मानसून सत्र सोमवार से शुरू हुआ। इस दाैरान दिवंगत हस्तियों को दो मिनट का माैन रख श्रद्धांजलि दी गई। पहले दिन शून्य काल के दाैरान तीन अहम मुद्दे उठे। नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा ने स्पीकर कुलतार सिंह संधवां से सीआईए थाना खरड़ में एसपी के मोबाइल पर गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू कराए जाने के मामले को गंभीरता से उठाया।
बाजवा ने स्पीकर से इस मामले में भी डीजीपी से रिपोर्ट तलब करने और अब तक की पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई को सदन में रखने की मांग की। इस पर वित्तमंत्री हरपाल सिंह चीमा ने कहा कि यह मामला हाईकोर्ट में विचाराधीन है। उन्होंने कहा कि गैंगस्टर लाॅरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू मामले में राजस्थान जेल की भूमिका और अन्य कई अहम सुरागों पर कार्रवाई जारी है, ऐसे में इंटरव्यू मामले में किसी प्रकार की रिपोर्ट सदन में लाना हाईकोर्ट की अवहेलना होगी।
इस पर स्पीकर संधवां ने भी सहमति जताते हुए कहा कि हाईकोर्ट में विचाराधीन मामलों को विधानसभा में लाना नियमों के खिलाफ होगा। यह मामला उस समय उठा जब स्पीकर ने खुद पंजाब पुलिस के एक एएसआई के खाते में गैंगस्टर की ओर से पैसे डालने के मामले में केस दर्ज होने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं किए जाने की बात पर अमृतसर से विधायक कुंवर विजय प्रताप से कुछ सुझाव मांगने के लिए उन्हें बोलने का मौका दिया था। इसके बाद ही नेता प्रतिपक्ष ने गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के इंटरव्यू मामले पर भी स्पीकर से सरकार से जवाब मांगने के अपील की।
नेता प्रतिपक्ष बाजवा और कांग्रेस विधायक प्रगट सिंह ने डेरा सच्चा सौदा प्रमुख बाबा राम रहीम के बेअदबी मामले में ढाई साल से सीएम के पास कार्रवाई के लिए फाइल लंबित पड़े होने का मुद्दा उठाया। कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों के नेताओं ने इस मामले में सीएम और सरकार से बेअदबी मामले में डेरा प्रमुख पर जल्द कार्रवाई करने के लिए स्पीकर से तय समय सीमा के अंदर कानूनी प्रक्रिया करवाने के लिए कहा। इसके अलावा कांग्रेस और अन्य विपक्षी दल के विधायकों की ओर से प्रदेश में अवैध खनन का मुद्दा उठाया गया। प्रदेश में कई दरियाओं और जगहों पर 70 से 120 फुट तक अवैध खनन हो चुका है, जिस पर सरकार की ओर से कोई एक्शन नहीं लिया जा रहा है।
स्पीकर ने डीजीपी से तलब की रिपोर्ट....एएसआई के खाते में गैंगस्टर ने डाले पैसे
विधानसभा के सोमवार को शुरू हुए मानसून सत्र के दौरान भ्रष्टाचार के एक मामले में स्पीकर कुलतार सिंह संधवां ने पुलिस के डीजीपी से रिपोर्ट तलब की है। स्पीकर ने कहा कि बाड़ ही खेत को खाने लगे ये बर्दास्त नहीं है। मामले में सख्त कार्रवाई की जरूरत है। उन्होंने सदन को बताया कि कोटकपूरा में एक एएसआई बोहड़ सिंह के खाते में गैंगस्टर ने पैसे डाले और इसे लेकर 180 नंबर एफआईआर दर्ज हुई, लेकिन संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई। इस पर सदन को अपनी बात रखनी चाहिए कि ऐसे पुलिस कर्मियों के खिलाफ क्या कार्रवाई की जा सकती है। इस पर विपक्ष के नेता समेत अन्य विधायकों की राय मांगी गई, जिसके बाद ही मामले में स्पीकर ने डीजीपी से रिपोर्ट मांगी कि संबंधित पुलिस कर्मी के खिलाफ आईपीसी 311 के तहत कार्रवाई की जा सकती है या नहीं, इसे लेकर एक रिपोर्ट पेश की जानी चाहिए।
इस मामले पर विधायक कुंवर विजय प्रताप ने कहा कि पुलिसकर्मियों व गैंगस्टरों के बीच लिंक को तोड़ना बहुत जरूरी है। इसे लेकर सरकार की तरफ से नई तबादला नीति लाई जानी चाहिए। इस पर कांग्रेस विधायक परगट सिंह ने कहा कि पुलिस विभाग में मौजूद ब्लैक शीप की पहचान जरूरी है। उन्होंने कहा कि हर पुलिस थाने में करीब तीन कर्मी ड्रग्स की चपेट में है। अगर थाने में ही ऐसे हालात हैं, तो प्रदेश के हालात में कैसे सुधार हो सकता है।