पंजाब में महंगा होगा दूध: छह रुपये तक बढ़ेंगे दाम, विक्रेताओं ने की मांग... चारे के दामों में दोगुनी वृद्धि को बताया वजह
पंजाब में अभी 6000 के करीब डेयरी फार्म संचालित हो रहे हैं। 3.5 लाख किसान डेयरी फार्म से जुड़े हुए हैं। भारत में कुल होने वाले दूध उत्पादन में पंजाब 6 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान दे रहा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाब में दूध महंगा हो सकता है। खुले बाजार में बिकने वाले दूध के दाम 6 रुपये तक बढ़ाने की दूध विक्रेताओं ने जिला स्तर पर मांग करनी शुरू कर दी है। पशु चारे के दामों में दोगुनी वृद्धि होने को इसके पीछे वजह बताया गया है। अभी पंजाब के खुले बाजार में 40 रुपये प्रति किलो के दाम पर लो फैट दूध बेच जा रहा है।
पंजाब में अभी 6000 के करीब डेयरी फार्म संचालित हो रहे हैं। 3.5 लाख किसान डेयरी फार्म से जुड़े हुए हैं। भारत में कुल होने वाले दूध उत्पादन में पंजाब 6 प्रतिशत से ज्यादा का योगदान दे रहा है। 2012 के मुकाबले पंजाब में प्रति पशु होने वाले दूध उत्पादन में काफी बढ़ोत्तरी दर्ज की गई है। 2012 में जो उत्पादन प्रति पशु 3.51 किलोग्राम था वह अब बढ़कर 5.27 से भी अधिक पहुंच चुका है। हालांकि दूध उत्पादन बढ़ने के साथ ही दूधियों के मुनाफे में भी कमी आई है। इसके पीछे का कारण पशु चारे की बढ़ती महंगाई है। जो पशु चारा 20 था वह अब बढ़कर 40 रुपये प्रति किलो पहुंच गया है।
राज्य की दोधी यूनियन सूबे के सभी जिलों में इसकी मांग कर रहे हैं। दोधी यूनियन के प्रतिनिधि जिला प्रशासन को दूध के दामों में 6 रुपये प्रति किलो वृद्धि किए जाने की मांग कर रहे हैं। अमूल ने इसी महीने की 1 तारीख को दूध के दामों 2 रुपये की वृद्धि की है।
बंद कर सकते हैं दूध की आपूर्ति
दूध के दामों में वृद्धि नहीं किए जाने पर पंजाब की दोधी यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन को चेतावनी जारी की है। दोधी यूनियन की तरफ से कहा गया है कि यदि उनकी मांग पर अमल नहीं किया गया तो वह आंदोलन की राह पकड़ने को मजबूर हो जाएंगे और राज्य में दूध की आपूर्ति को बाधित कर देंगे।
क्या पड़ेगा असर
यदि 6 रुपये दूध के दाम बढ़ जाएंगे तो इसका सीधा असर किचन पर पड़ेगा। दूध की कीमतों में वृद्धि से दही, पनीर, देसी घी और लस्सी के दामों में भी वृद्धि होगी। इससे आम आदमी की जेब पर सीधा असर पड़ेगा।
इस समय दूध खुले बाजार में 40 रुपये किलोग्राम (लो फैट) की दर से बेचा जा रहा है। फुल क्रीम वाले दूध की कीमत 60 रुपये रखी गई है। फुटकर दूध विक्रेता 5 रुपये मुनाफा लेकर दूध को बेच रहे हैं। जबकि डेयरी उद्योग से जुड़े किसानों को महंगे चारे के कारण अधिक लागत लगानी पड़ रही है। ऐसे में मुनाफा भी कम हो रहा है। मजबूरी में यूनियन की ओर से दूध के दामों को बढ़ाने की मांग की गई है। - राव गजिंदर सिंह, प्रधान, दोधी डेयरी यूनियन, पंजाब