खुश खबरः इलेक्ट्रिक वाहनों पर भारी छूट देने की तैयारी, 10 हजार से एक लाख तक होगा फायदा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
यूटी प्रशासन ने इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने वालों को रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स छूट देने का निर्णय लिया है। यदि आप 70 हजार रुपये तक की कीमत की इलेक्ट्रिक बाइक खरीदते हैं तो तो रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स में आपको करीब 10 हजार रुपये तक की छूट मिल जाएगी।
इसके लिए यूटी प्रशासन ने इलेक्ट्रिकल व्हीकल पॉलिसी तैयार कर प्रशासक को भेज दी है। प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अनुमति मिलते ही इसे चंडीगढ़ में लागू कर दिया जाएगा।
इलेक्ट्रिक बाइक और कारों के चलन को बढ़ावा देने के लिए यूटी प्रशासन ने शहरवासियों को रजिस्ट्रेशन और रोड टैक्स में बड़ी छूट देने का निर्णय लिया है। अगर कोई भी शहरवासी इलेक्ट्रिक बाइक या कार खरीदना चाहता है तो 70 हजार तक की बाइक पर करीब दस हजार और 9-10 लाख की इलेक्ट्रिक कार पर एक लाख रुपये से अधिक तक की छूट (रजिट्रेशन और रोड टैक्स में) मिलेगी।
इस संदर्भ में सीटीयू डायरेक्टर उमा शंकर गुप्ता ने बताया है कि प्रशासन इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए यह निर्णय लिया है। प्रशासक की अनुमति मिलते ही नोटिफिकेशन जारी कर दी जाएगी।
शहरवासियों को किया जाएगा जागरूक
चंडीगढ़ प्रशासन वर्ष 2025 तक सिटी में इलेक्ट्रिक वाहनों की संख्या को 80 से 90 फीसदी तक करना चाहता है। इसके लिए प्रशासन की ओर से लोगों को जागरूक करने का निर्णय लिया गया है। आने वाले दिनों में जागरूकता शिविर लगाए जाएंगे। शिविर में इलेक्ट्रिक वाहनों से होने वाले फायदों के अलावा पेट्रोल और कीमत की अपेक्षा प्रति किलोमीटर होने वाली बचत से भी लोगों को अवगत कराया जाएगा।
इलेक्ट्रिक वाहनों में लगेगी हरे रंग की नंबर प्लेट
शहर में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए उन वाहनों को एक अलग पहचान दी जाएगी। इन वाहनों में हरे रंग की नंबर प्लेट लगाने का निर्णय भी लिया गया है। यह निर्णय केंद्र सरकार के निर्देश के बाद लिया गया है। इसका मकसद शहर में कितनी संख्या में और कौन सा वाहन इलेक्ट्रिक से चल रहा है, इसकी भी जानकारी आसानी से हो सकेगी।
इलेक्ट्रिक वाहनों के अपार संभावनाएं
इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के भारत सरकार ने विद्युत चालित वाहनों पर जीएसटी 12 प्रतिशत से घटाकर 5 प्रतिशत कर दिया है। जानकारी के मुताबिक देश में विभिन्न वाहनों के 200 से ज्यादा शोरूम बंद हो चुके हैं, और 25000 लोगों की नौकरियों पर खतरा मंडरा रहा है लेकिन इलेक्ट्रिक व्हीकल की वजह से मार्केट को दोबारा दौड़ाया जा सकता है।
इसको लेकर सरकार तेजी से काम कर रही है। इलेक्ट्रिक वाहनों के कारोबार में अपार संभावनाएं हैं, जिसकी वजह से न केवल नौकरियां बढ़ेंगी, परंतु हमारे शहरों में फैलने वाला प्रदूषण भी काफी हद तक कम हो जाएगा।