ऐसा क्या हुआ बादल साहब को जोड़ने पड़े हाथ
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अबोहर के आपदाग्रस्त क्षेत्रों के लिए खुले दिल से ग्रांटों की बौछार की है। मौके पर मौजूद अधिकारियों को तुरंत एस्टीमेट बनाकर भेजने और पैसे लेकर विकास कार्य शुरू करवाकर दो सप्ताह में रिपोर्ट पेश करने के आदेश जारी किए गए हैं।
बादल शहर के सबसे अधिक आपदाग्रस्त क्षेत्र राजीव नगर में विधायक सुनील जाखड़ के बुलावे पर पीड़ित लोगों से मिलने पहुंचे थे। बादल ने सैकड़ों पीड़ितों को संबोधित करते हुए कहा कि आज तक वे सिर्फ यह सुनते ही थे कि अबोहर का बहुत बुरा हाल है लेकिन आज उन्होंने अपनी आंखों से यह सब कुछ देख लिया है।
उन्होंने कहा कि शहर की जनता को मूलभूत सुविधाओं से वंचित देखकर उनका मन बेहद दुखी है। इसी दौरान जब विधायक सुनील जाखड़ ने उन्हें यहां के लोगों की समस्याओं से अवगत करवाया तो बादल हाथ जोड़ कर बोले कि अब उन्हें और दुखी न करें, वे यहां के लोगों का दुख दिल से समझ चुके हैं।
बादल कर रहे हैं बाढ़ ग्रस्त इलाकों का दौरा
बादल ने कहा कि वे पिछले तीन दिनों से बाढ़ ग्रस्त क्षेत्रों का दौरा कर रहे हैं लेकिन ऐसे आपदाग्रस्त लोगों से वे पहली बार मिल रहे हैं। बादल ने कहा कि अबोहर शहर के सीवर सिस्टम के सुधार के लिए पहले से घोषित 70 करोड़ 83 लाख रुपये और वाटर वर्कस की लाइनें बिछाने के लिए 12 करोड़ 70 लाख रुपये के टेंडर अगले 15 दिनों में टेंडर लगाकर काम शुरू कर दिए जाएंगे।
उन्होंने अपने निजी कोटे से अबोहर की स्ट्रीट लाइट के लिए 20 लाख और नेहरू पार्क की मरम्मत के लिए 10 लाख रुपये तुरंत देने के आदेश जारी किए। उन्होंने उपायुक्त को आदेश जारी किए कि शहर की टूटी सड़कों, शमशान भूमि रोड और सुभाष नगर के निर्माण हेतु तुरंत एस्टीमेट भेजें, ताकि ग्रांट भेजकर अतिशीघ्र काम शुरू किया जा सके।
उन्होंने कहा कि भारी बरसात से पूरे शहर में गिरे हुए मकानों की गिरदावरी करके 15 दिनों में उनके पास भेजी जाए। विकास के मामले में कभी भी राजनीति नहीं की और सभी पीड़ितों को नुकसान के अनुसार उचित मुआवजा दिया जाएगा।