100 किमी. की स्पीड में बोगियों से अलग हो गया इंजन, एक की मौत, टला बड़ा हादसा
सरहिंद से जाते वक्त अमृतसर-नई दिल्ली रेल मार्ग पर शनिवार रात करीब 12 बजे गांव ब्राह्मण माजरा रेल ट्रैक पर जम्मू से आ रही पूजा एक्सप्रेस ट्रेन के इंजन का हुक टूटने से बोगियां अलग हो गईं और इंजन करीब तीन किलोमीटर आगे निकल गया। जैसे ही इंजन ट्रेन से अलग हुआ तो झटका लगने से एक यात्री ट्रेन से नीचे गिर गया, जिससे उसके सिर पर गहरी चोट लगी।
घायल हालत में उसे सिविल अस्पताल फतेहगढ़ साहिब लाया गया। गंभीर हालत देखते हुए उसे डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद पीजीआई चंडीगढ़ रेफर कर दिया, जहां उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सतपाल सिंह (24) निवासी पठानकोट के तौर पर हुई।
प्रत्यक्षदर्शियों मुताबिक युवक इंजन की साथ वाली बोगी में खड़ा था। जैसे ही इंजन की हुक बोगियों से अलग हुआ तो झटके से वह नीचे गिर गया और इंजन के चालक को भी झटका लगा। ट्रेन बड़े हादसे का शिकार हो सकती थी, हादसा बचने से सैकड़ों यात्रियों की जान बच गई।
जानकारी के अनुसार जम्मूतवी गाड़ी संख्या 12414 पूजा एक्सप्रेस जम्मू से जयपुर जा रही थी। जब गाड़ी सरहिंद के गांव ब्राह्मणमाजरा पुल के पास पहुंची तो इंजन का हुक टूट गया। हादसे से पहले ट्रेन लुधियाना से 11 बजकर 5 मिनट पर निकली, इसका अगला ठहराव अंबाला कैंट 12 बजे के करीब था, गाड़ी करीब 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही थी।
हुक टूटने के बाद इंजन करीब तीन किलोमीटर आगे तक चला गया। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही अंबाला कंट्रोल रूम पर हड़कंप मच गया और रेलवे के आला अधिकारी मौके पर पहुंचे। रेलवे की तकनीकी टीम ने इंजन से अलग हुई गाड़ी को सरहिंद रेलवे स्टेशन पर लाकर जोड़ा और उसकी सभी खामियां दूर कीं।
करीब साढ़े तीन घंटे बाद ट्रेन को रवाना किया गया। ट्रेन अंबाला कैंट 4 बजकर 54 मिनट पर पहुंची। जबकि इसका समय 12 बजकर 55 मिनट था। जीआरपी सरहिंद चौकी के सब-इंस्पेक्टर सुखविंदर सिंह ने बताया कि ट्रेन से गिरे युवक सतपाल सिंह की पीजीआई में मौत हुई है। जिसकी सूचना उसके साथी ने दी है। सिविल अस्पताल में मृतक का पोस्टमार्टम करवा कर शव वारिसों को सौंप दिया गया है।
ड्राइवर ने कंट्रोल रूम पर दी सूचना
ट्रेन के इंजन का जब हुक टूटा तो ड्राइवर को भी जोरदार झटका लगा। रफ्तार तेज होने कारण इंजन को जब तक रोका गया वह तीन किलोमीटर दूर जा चुका था। ड्राइवर ने ट्रेन के गार्ड से संपर्क करते हुए इसकी सूचना हेडक्वार्टर पर दी।