बूंदाबांदी के बाद हरियाणा के कई शहरों में प्रदूषण हुआ कम लेकिन एनसीआर में बढ़ा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पश्चिमी विक्षोभ के असर से प्रदेश के कई हिस्सों में गुरुवार को तेज हवाओं के साथ बूंदाबांदी हुई। इससे प्रदेश की कई मंडियों में धान और बाजरे की फसल भीग गई। बारिश और हवाएं करनाल समेत कई शहरों में प्रदूषण कम कर गईं, लेकिन एनसीआर के शहरों में बुधवार के मुकाबले प्रदूषण स्तर बढ़ गया। एचएयू के कृषि मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को भी प्रदेश में छिटपुट बारिश की संभावना है।
वायु प्रदूषण पर नजर रखने वाली सरकारी एजेंसी सफर का कहना है कि हल्की बारिश ने हवा में मौजूद धूल कणों को तोड़ दिया। पीएम10 या इससे ज्यादा मोटाई के धूल कणों के पीएम 2.5 में टूटने से दिल्ली-एनसीआर में प्रदूषण स्तर में बढ़ोतरी हुई है। दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक 300 के पार चला गया। दूसरी तरफ, बारिश और तेज हवाएं करनाल, कुरुक्षेत्र समेत कई शहरों में प्रदूषण स्तर को आधी कर गई।
हिसार में बारिश के बाद दिन का तापमान आठ डिग्री सेल्सियस गिरकर 25 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया, जो सामान्य से छह डिग्री सेल्सियस कम रहा, लेकिन न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई और यह 17.0 डिग्री सेल्सियस रहा। इसी तरह करनाल में 7, रोहतक में 6, नारनौल में 5 और अंबाला में दिन का तापमान सामान्य से 3 डिग्री कम दर्ज किया गया।
हवा की गति दो किलोमीटर प्रति घंटा रही। तापमान कम होने व तेज हवाओं के चलने से लोगों को इस सीजन में पहली बार दोपहर के समय ठंड का अहसास हुआ। बारिश के चलते खेतों में तैयार धान की फसल की कटाई पर ब्रेक लग गया है, हालांकि गेहूं, सरसों और चने की बिजाई में जुटे किसानों के लिए बारिश राहत लेकर आई। सफर के मुताबिक बीते 24 घंटों में पंजाब व हरियाणा में पराली जलाने के तीन हजार से ज्यादा मामले दर्ज हुए हैं।
अधिकतम तापमान (डिग्री सेल्सियस)
करनाल- 22.0
अंबाला- 25.6
हिसार- 25.0
नारनौल-25.5
भिवानी-25.6
रोहतक- 23.8
सिरसा में हुई 15 एमएम बारिश, धान की फसलें खराब
सिरसा में बुधवार शाम से गुरुवार सुबह तक रुक-रुक कर 15 एमएम बारिश हुई। इस बारिश से धान की फसल को काफी नुकसान हुआ है। कृषि विभाग ने ओलावृष्टि से फसलों के नुकसान की रिपोर्ट मंगवाई है। राजस्व विभाग ने भी पटवारियों को आकलन के निर्देश दिए हैं।
इन शहरों में घटा वायु प्रदूषण (स्रोत सीपीसीबी)
एक्यूआई-06 नवंबर- 07 नवंबर (रात आठ बजे)
करनाल 401-216
कुरुक्षेत्र 401-174
पानीपत 366-320
कैथल 336-111
अंबाला 288 -152
यमुनानगर 283-244
बल्लभगढ़ 282- 182
जींद 241-192
हिसार 240 128
फतेहाबाद 159-71
इन शहरों में बढ़ा प्रदूषण स्तर
सोनीपत 278-312
फरीदाबाद 205-341
पलवल 204-316
भिवानी 190-211
गुरुग्राम 166-351
बहादुरगढ़ 148-237
रोहतक 109 -237