प्रधानमंत्री की फिरोजपुर रैली: 2.5 लाख करोड़ के कर्जदार पंजाब को वित्तीय राहत दे सकते हैं मोदी, उद्योगों को मिल सकती है विशेष रियायत
भाजपा के अनुसार पंजाब में व्यापारियों और उद्यमियों को राहत देने के लिए हिमाचल और जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर विशेष रियायतों की जरूरत है। कृषि कानूनों के बाद प्रधानमंत्री एमएसपी गारंटी के कानून पर भी किसानों को खुश करने की कोशिश कर सकते हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पांच जनवरी को फिरोजपुर दौरे पर आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2.73 लाख करोड़ रुपये के कर्जदार पंजाब को बड़ी आर्थिक राहत दे सकते हैं। सूबे की बेपटरी हुई वित्तीय अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए प्रधानमंत्री बड़े वित्तीय पैकेज का एलान कर सकते हैं। उद्योग जगत भी प्रधानमंत्री के दौरे को आशा भरी नजरों से देख रहा है। संभावना यह भी है कि मोदी पंजाब के उद्योगों को हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर की तर्ज पर विशेष रियायत दे सकते हैं। वैसे भी भाजपा की इस चुनावी रैली में आ रहे प्रधानमंत्री से सूबे के लोगों को काफी उम्मीदें हैं।
कृषि कानूनों के विरोध में 13 माह तक चलने वाले किसान आंदोलन के स्थगित होने के बाद प्रधानमंत्री पहली बार पंजाब आ रहे हैं। उनके इस दौरे को लेकर अभी हाशिए पर चल रही पंजाब भाजपा को काफी आस है। चुनाव आचार संहिता लगने से पहले प्रधानमंत्री मोदी की फिरोजपुर में होने वाली यह बड़ी रैली है। पार्टी के वरिष्ठ नेता मान रहे हैं कि 2.75 लाख करोड़ के कर्जदार पंजाब को इस समय बड़े वित्तीय राहत मदद की दरकार है। इसके साथ ही पंजाब का उद्योग भी पूरी तरह से चौपट हुआ पड़ा है।
कोरोना और किसान आंदोलन के कारण वैसे ही सूबे के उद्योग को लगभग 5000 करोड़ रुपये से अधिक का नुकसान हो चुका है। इससे पहले ही हिमाचल और जम्मू-कश्मीर के टैक्स मुक्त औद्योगिक क्षेत्रों से पंजाब का उद्योग नुकसान झेल रहा है।
कैप्टन और ढींडसा भी हुए सक्रिय
भाजपा के सहयोगी लोक पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष कैप्टन अमरिंदर सिंह और शिरोमणि अकाली दल (संयुक्त) के अध्यक्ष सुखदेव सिंह ढींडसा भी मोदी की रैली को लेकर सक्रिय हो चुके हैं। भाजपा की प्रदेश इकाई भी अलग-अलग जिलों में संगठन को मजबूत करने में सक्रिय है। इस रैली में भाजपा के दोनों सहयोगी मोदी के साथ मंच साझा करेंगे।
नौ किसान यूनियन करेंगी विरोध
किसान मजदूर संघर्ष कमेटी के महासचिव सरवन सिंह पंधेर ने 5 जनवरी को हो रही प्रधानमंत्री की रैली का विरोध किया है। उन्होंने कहा है कि अभी भी किसानों की कई मांगें पूरी नहीं हुई हैं। नौ और किसान यूनियन भी मोदी के दौरे का विरोध करने का एलान कर चुकी हैं। वहीं, भाकियू एकता उगराहां के प्रदेश अध्यक्ष जोगिंदर सिंह उगराहां ने कहा कि हम पीएम की रैली में खलल नहीं डालेंगे, लेकिन हमारा विरोध जारी रहेगा।
पांच लाख की भीड़ का दावा
फिरोजपुर में होने वाली रैली को भाजपा यादगार बनाने में जुटी हुई है। मोदी के स्वागत के लिए पंजाब भाजपा 20 एकड़ परिसर में पंडाल बना रही है। यहां पर पार्टी ने 5 लाख लोगों के पहुंचने का दावा किया है। इतनी बड़ी संख्या को लेकर भी सुरक्षा एजेंसियां बेहद सतर्क हैं।
इन कामों का भाजपा को सहारा
- करतारपुर साहिब कॉरिडोर खोलना
- सिखों की काली सूची को खत्म करना
- सिख विरोधी दंगों पर केंद्र की कार्रवाई
- लंगर को जीएसटी मुक्त करने का फैसला
- अफगानिस्तान से सिखों को सुरक्षित लाना