चंडीगढ़ में ब्लैक आउट: लोगों ने किया मोहाली-पंचकूला का रुख, रिश्तेदारों के घर व होटलों में ली शरण
चंडीगढ़ के लोग मोहाली में अपने रिश्तेदारों या अन्य जानकारों के घर पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कई लोग मोहाली के होटलों और गेस्ट हाउस आदि में रहने के लिए चंडीगढ़ से आ रहे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बिजली विभाग की निजीकरण के खिलाफ लड़ाई में चंडीगढ़ के हजारों लोग पूरा दिन परेशान रहे। कई सेक्टरों में सोमवार की अल सुबह से बिजली कट के चलते ब्लैक आउट हो गया था, ऐसे में मंगलवार दोपहर तक बिजली की सप्लाई बहाल नहीं होने पर लोगों ने पंचकूला और मोहाली की तरफ रुख करना शुरू कर दिया। किसी ने रिश्तेदारों के घर अपना डेरा जमाया तो कई लोग अपने पूरे परिवार के साथ होटलों में पहुंच गए। क्योंकि लोगों के पास कोई विकल्प नहीं बचा था, प्रशासन की लचर व्यवस्था के आगे लोगों मजबूरन अपना घर छोड़ना पड़ा।
केस नंबर एक: चंडीगढ़ सेक्टर-37 निवासी हुकुम गोयल ने बताया कि सोमवार की रात से बिजली गुल हो गई थी। मंगलवार को पूरा दिन बिना बिजली के किसी तरह बिताने के बाद पंचकूला सेक्टर 10 के होटल वेस्टर्न कोट होटल में शाम को कमरा बुक कराया। क्योंकि चंडीगढ़ में 12 घंटे बिना बिजली के रहने के बाद दूसरा कोई विकल्प नहीं बचा था। घर में लगे इनवर्टर भी जवाब दे चुके थे, इसलिए पत्नी प्रीति गोयल, बेटा लक्ष्य व बेटी जीया गोयल को लेकर पंचकूला में दो दिनों में लिए शिफ्ट हो गया।
केस नंबर दो: चंडीगढ़ सेक्टर-28 निवासी एडवोकेट रमन ने बताया कि प्रदर्शन का तरीका गलत है। उनके पिता एसी शर्मा 91 साल के हैं। उन्हें अक्सर कोई न कोई काम पड़ता रहता है। इसलिए बिजली कट के बाद इनवर्टर जवाब देने से पहले ही पंचकूला सेक्टर 15 में अपने रिश्तेदार के घर शिफ्ट हो गया। वह यहां रहते नहीं हैं, इसलिए मंगलवार की दोपहर को घर की सफाई करवाकर पूरे परिवार के साथ पंचकूला आ गया था।
मोहाली भी पहुंचे चंडीगढ़वासी
चंडीगढ़ के लोग मोहाली में अपने रिश्तेदारों या अन्य जानकारों के घर पर पहुंच रहे हैं। इसके अलावा कई लोग मोहाली के होटलों और गेस्ट हाउस आदि में रहने के लिए चंडीगढ़ से आ रहे हैं। इसके अलावा चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में बिजली न होने की वजह से काम बंद होने के कारण मोहाली निवासी कारोबारी दोपहर बाद अपने ऑफिस बंद करके घर लौट आए और हालात सामान्य होने का इंतजार करने लगे।
जानकारी के मुताबिक चंडीगढ़ में बिजली कर्मचारियों की हड़ताल के बाद बिजली ठप होने पर बिना बिजली कैसे रहेंगे इसका डर वहां के लोगों को सताने लगा है। इसलिए वहां से लोग मोहाली पहुंच रहे हैं। जबकि मोहाली के फेज-2 स्थित प्रीत लॉज, फेज-5 स्थित दावत के अलावा सेलिब्रेशन और केसी रॉयल में लोगों ने अपने रहने के लिए कमरों की बुकिंग करवा दी है। जबकि कुछ लोग दोपहर के बाद यहां मोहाली पहुंच गए, इनमें कुछ लोग अपने रिश्तेदारों और जानकारों के यहां ठहरने पहुंच गए हैं। दूसरी ओर, मोहाली, खरड़, जीरकपुर, बलटाना, डेराबस्सी के लोगों के काम भी चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में हैं, जो मंगलवार को बिजली न होने के कारण दोपहर बाद घर लौट आए।
इस संबंधी सेलिब्रेशन होटल के मालिक जनक सिंगला ने बताया कि जैसे ही लोगों को चंडीगढ़ में बिजली संकट की खबर मिली तो उन्होंने होटल में रूम की बुकिंग के लिए फोन करने शुरू कर दिए। इसके बाद लोगों ने रूम की बुकिंग करवाकर दोपहर के बाद यहां पहुंचना शुरू कर दिया। अभी फोन पर रूम की बुकिंग के लिए कॉल आ रही हैं।
डेराबस्सी की गुलमोहर सिटी सोसायटी निवासी अमित बब्बर ने बताया कि चंडीगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया फेज-2 में उनका इलेक्ट्रॉनिक्स गुड्स होलसेल का काम है और मंगलवार सुबह से दफ्तर में बिजली नहीं आई। इस कारण दोपहर बाद अपने दफ्तर को बंद करके वह बाजार में चले गए। इसके बाद बाजार से सीधे अपने दफ्तर में जाने के बजाय सीधा घर ही चले गए। उन्होंने बताया कि चंडीगढ़ इंडस्ट्रियल एरिया से मेरे अलावा अन्य लोग भी अपने दफ्तर बंद करके घरों को लौट गए।