चंडीगढ़: तीन फेल रामलाल ने बनाई 100 करोड़ की संपत्ति, अब पुलिस को बेटा व बेटी की तलाश, पांच महंगी कारें सीज
तीन फेल रामलाल चौधरी के कारनामों से हर कोई हैरान है। झुग्गी से रामलाल ने महल तक का सफर कैसे तय किया, अब पुलिस इसका पता लगाने में जुटी है। वहीं पुलिस को उसके बेटा व बेटी की भी तलाश है।
विस्तार
गुरुग्राम के बिजनेसमैन से पांच करोड़ की ठगी के मामले में फाइनेंसर और प्रॉपर्टी डीलर रामलाल चौधरी की गिरफ्तारी के बाद अब पुलिस उसके बेटे और बेटी की तलाश में जुटी है। दोनों की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही। वहीं, पुलिस ने रामलाल के पास से बरामद पांच लग्जरी कारों को सीज कर दिया है।
पुलिस ने उसके पास से साढ़े तीन करोड़ रुपये का एक चेक भी बरामद किया है। अब तक की जांच में रामलाल की 100 करोड़ रुपये की संपत्ति का खुलासा हुआ है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि रामलाल ने झुग्गी से महल तक का सफर कैसे तय किया।
गुरुग्राम निवासी अतुल्य ने एसएसपी कुलदीप चहल को दी शिकायत में कहा था कि रुपये का कुछ हिस्सा रामलाल के बेटे अमित चौधरी और बेटी अंजू को दिया गया था। जांच के बाद एसआईटी ने अमित चौधरी उर्फ अम्मू और अंजू को भी इस धोखाधड़ी के केस में आरोपी बना लिया है। दोनों की तलाश में पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। एसआईटी ने शनिवार को पूरे दिन रामलाल की संपत्ति के बारे में जांच की, लेकिन उसके पास इतनी संपत्ति है कि एक दिन में जांच पूरी नहीं हो सकी।
एसआईटी ने आरोपी रामलाल के पास से जो 520 चेक बरामद किए थे, उनमें से करीब 50 चेक ऐसे मिले, जिनमें साढ़े तीन करोड़ रुपये की रकम भरी हुई है। चेक में दर्ज लोगों का पुलिस रिकॉर्ड चेक कर रही है। पुलिस सूत्रों ने बताया कि रामलाल चौधरी तीसरी कक्षा फेल है। उसने झुग्गी से महलों तक के सफर में 100 करोड़ से अधिक की संपत्ति और महंगी लग्जरी गाड़ियां कैसे बनाईं, इसकी जांच एसआईटी कर रही है।
रामलाल के करीबी पुलिस अधिकारियों का भी पता लगा रही एसआईटी
सूत्रों ने बताया कि एसआईटी उन पुलिस अधिकारियों का भी पता लगा रही है, जो रामलाल के करीबी थे। सूत्रों का कहना है कि रामलाल का मोबाइल खंगालने पर कई वरिष्ठ नेताओं और पुलिस अधिकारियों के साथ उसके संबंधों का खुलासा हुआ है। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि रामलाल के माध्यम से किस-किस पुलिस अधिकारी का पैसा बाजार में लगा है।
मामले में रामलाल चौधरी के बेटे और बेटी दोनों को आरोपी बनाया गया है। दोनो को गिरफ्तार करने के लिए छापेमारी की जा रही है। रामलाल के कब्जे से पांच लग्जरी कारें जब्त की गई हैं। - कुलदीप चहल, एसएसपी