हिमाचल में सियासी हलचल: कांग्रेस के छह बागी समेत नौ विधायकों ने बढ़ाई टेंशन, अब भारी सुरक्षा में यहां भेजा गया
हिमाचल प्रदेश के छह बागी कांग्रेस विधायक और तीन निर्दलीयों ने हरियाणा के पंचकूला में डेरा डाल दिया है। कड़ी सुरक्षा व्यवस्था में विधायक हैं। सबसे पहले उन्हें लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के रेस्ट हाउस में रखा गया। इसके बाद उन्हें एक होटल में शिफ्ट कर दिया गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले नौ विधायकों को पंचकूला के सेक्टर -1 स्थित पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस से अब होटल में शिफ्ट किया गया है। उन्हें हरियाणा पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) के काफिले के साथ कड़ी सुरक्षा में लाया गया। हरियाणा सीएम के राजनीतिक सलाहकार तरूण भंडारी सभी विधायकों को रेस्ट हाउस लेकर पहुंचे थे। इसके बाद पीडब्ल्यूडी रेस्ट हाउस को पूरी तरह से आम लोगों के लिए तीन घंटे तक बंद कर दिया गया। शाम साढ़े सात बजे भाजपा के हर्ष महाजन को विजेता घोषित किया गया। इसके बाद सभी नौ विधायकों को होटल में शिफ्ट किया गया है। अब सभी नौ विधायक होटल हॉलीडे में हैं।
इन विधायकों को रखा गया तीन घंटे रेस्ट हाउस में
राज्यसभा चुनाव में छह कांग्रेस और तीन निर्दलीय विधायकों ने क्रॉस वोटिंग की। क्रॉस वोटिंग करने वाले सुजानपुर से कांग्रेस विधायक राजेंद्र राणा, धर्मशाला से सुधीर शर्मा, कुटलैहड़ से देवेंद्र भुट्टो, बड़सर से आईडी लखनपाल, लाहौल-स्पीति से रवि ठाकुर और गगरेट से चैतन्य शर्मा शामिल हैं। ये सभी वोटिंग से पहले सुबह एक ही गाड़ी में विधानसभा पहुंचे।
विधानसभा के बाहर गाड़ी से उतरते ही भाजपा विधायक बिक्रम ठाकुर और राकेश जम्वाल इनसे मिले। तीन निर्दलीय विधायकों हमीरपुर के आशीष शर्मा, देहरा के होशियार सिंह और नालागढ़ के केएल ठाकुर ने भी भाजपा प्रत्याशी हर्ष महाजन को वोट दिया। इन सभी को शाम पांच बजे पुलिस और सीआरपीएफ की सुरक्षा में लाया गया। इसके बाद तीन घंटे रेस्ट हाउस में किसी प्रकार की बुकिंग नहीं की गई।
होटल में रुकने के बाद नेता जानकारी जुटाते रहे
विधायकों के होटल में रुकने के बाद देर रात तक विधायकों की जानकारी पक्ष और विपक्ष के नेता जुटाते रहे। इस दौरान सभी पार्टी के खेमों में विधायकों की क्रॉस वोटिंग चर्चा का विषय बनी रही। इस दौरान होटल में शिफ्ट किए जाने के बाद अब हिमाचल में सरकार बदलने की चर्चा जोरों पर चल रही है।
