{"_id":"5e3085108ebc3e4b303c8f31","slug":"navjot-sidhu-will-get-big-responsibility-after-delhi-election","type":"story","status":"publish","title_hn":"सिद्धू को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट में फेरबदल जल्द, इन मंत्रियों की हो सकती छुट्टी","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
सिद्धू को मिलेगी बड़ी जिम्मेदारी, कैबिनेट में फेरबदल जल्द, इन मंत्रियों की हो सकती छुट्टी
Wed, 29 Jan 2020 12:34 AM IST
ajay kumar
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, चंडीगढ़
Published by: ajay kumar
Updated Wed, 29 Jan 2020 12:34 AM IST
विज्ञापन
navjot singh sidhu
- फोटो : फाइल फोटो
कांग्रेस हाईकमान दिल्ली विधानसभा चुनाव के बाद नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब में बड़ी जिम्मेदारी सौंपने जा रही है। दूसरी ओर, पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल को लेकर प्रदेश कांग्रेस में भी अटकलें तेज हो गई हैं। बीते वर्ष जुलाई में कैबिनेट से इस्तीफा देकर पार्टी और सरकार में लगभग हाशिए पर चले गए नवजोत सिद्धू पर हाईकमान ने उम्मीद नहीं छोड़ी है। पार्टी सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, बीते सप्ताह दिल्ली चुनाव को लेकर पार्टी के स्टार कैंपनेरों की सूची जारी होने के बाद नवजोत सिद्धू ने राहुल गांधी और प्रियंका गांधी से मुलाकात की है।
विज्ञापन
बताया जा रहा है कि सिद्धू को भरोसा दिलाया गया है कि वे दिल्ली विधानसभा चुनाव तक इंतजार करें। हालांकि जब सिद्धू ने इसे कोरा आश्वासन ही बताया तो उन्हें यह जानकारी भी दी गई कि पंजाब मंत्रिमंडल में फेरबदल के बाद कैबिनेट से हटाए जाने वाले नेताओं को पार्टी में महत्वपूर्ण पद दिए जाने हैं। इधर, सिद्धू ने गत जुलाई से ही मीडिया से दूरी बना रखी है। वे पंजाब में चार विधानसभा उपचुनाव में पार्टी के प्रचार के लिए भी नहीं उतरे और दिल्ली में भी फिलहाल प्रचार से उनके जुड़ने के बारे मे पार्टी के पास कोई सटीक जानकारी नहीं है।
विज्ञापन
इस बीच, पंजाब मंत्रिमंडल में जल्द ही बड़े फेरबदल की तैयारी शुरू हो गई है। पंजाब कांग्रेस के सूत्रों ने बताया कि बीते सप्ताह दिल्ली में सोनिया गांधी के मुलाकात के दौरान मंत्रिमंडल फेरबदल पर चर्चा हुई है, जिसके तहत छह मौजूदा मंत्रियों की छुट्टी होने के आसार हैं। इनमें ज्यादातर वे मंत्री हैं जो अपनी बयानबाजी के चलते विवादों में घिरे रहते हैं। वहीं, मौजूदा छह मंत्रियों के विभागों में बदलाव भी किया जाना तय है।
विज्ञापन
सूत्रों के अनुसार, जिन मंत्रियों की छुट्टी हो सकती है, उनमें भारत भूषण आशु, विजय इंदर सिंगला, सुंदर श्याम अरोड़ा, चरणजीत सिंह चन्नी के नाम प्रमुख हैं जबकि जिन नए चेहरों को कैबिनेट में जगह मिल सकती है, उनमें राजकुमार वेरका, कुलजीत सिंह नागरा और राजा वड़िंग दौड़ में सबसे आगे हैं। कैबिनेट से बाहर किए जाने वाले मंत्रियों को पार्टी में बड़ी जिम्मेदारी सौंपी जाएगी, क्योंकि हाल में भंग कई गई प्रदेश कार्यकारिणी के विभिन्न पदों पर भी जल्द नियुक्तियां की जानी हैं।