शीतकालीन सत्र: प्रदर्शनकारियों को हाउसिंग बोर्ड व मटका चौक पर रोकने की तैयारी, नवीन जयहिंद और यूथ कांग्रेस घेरेगी विधानसभा
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के पहले दिन सदन के बाहर हंगामे के असर हैं। यूथ कांग्रेस व नवीन जयहिंद ने नौकरियों में फर्जीवाड़े को लेकर विधानसभा के घेराव का एलान किया है। वहीं विधानसभा अध्यक्ष ज्ञानचंद गुप्ता ने सुरक्षा प्रबंधों को लेकर उच्च स्तरीय बैठक की। इसमें प्रदर्शनकारियों को मटका चौक व हाउसिंग बोर्ड पर ही रोकने की रणनीति बनी है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरियाणा विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दौरान चंडीगढ़-पंचकूला में होने वाले संभावित रोष प्रदर्शन विधायकों की राह में रोड़ा नहीं बनेंगे। विस अध्यक्ष ज्ञान चंद गुप्ता ने प्रदर्शनों के लिए सीमा तय की है। प्रदर्शनकारी विस के आसपास नहीं पहुंच पाएंगे। पंचकूला से आने वाले प्रदर्शनकारियों को हाउसिंग बोर्ड चौक व चंडीगढ़ में मटका चौक से आगे नहीं बढ़ने दिया जाएगा।
सुरक्षा प्रबंधों को लेकर गुरुवार को उन्होंने उच्च स्तरीय बैठक की। जिसमें नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा को विशेष रूप से बुलाया गया। बैठक में हरियाणा व चंडीगढ़ पुलिस के उच्च अधिकारी मौजूद रहे। गुप्ता ने राजनीतिक दलों को भी सीमाओं में रहकर प्रदर्शन करने की सलाह दी, ताकि बीते सत्रों के दौरान विस परिसर के बाहर विपक्षी विधायकों के साथ हुई घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
गुप्ता ने कहा कि सत्र को लेकर व्यापक व्यवस्थाएं की हैं। संभावित रोष-प्रदर्शनों को लेकर किए गए प्रबंधों पर उच्च अधिकारियों के साथ चर्चा हुई। गुप्ता ने कहा कि सत्र के लिए 273 तारांकित और 173 अतारांकित प्रश्न विधानसभा सचिवालय को प्राप्त हुए थे। सत्र के पहले 3 दिन के लिए ड्रा निकाला जा चुका है। 22 दिसंबर के होने वाले प्रश्नकाल के लिए ड्रा 17 दिसंबर को निकाला जाएगा। विधायकों ने 33 ध्यानाकर्षण प्रस्ताव भेजे हैं। सत्र के दौरान कोविड मानकों का पूरी तरह से पालन किया जाएगा।
विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करेगी यूथ कांग्रेस
एचपीएससी, एचएसएससी भर्ती घोटालों के खिलाफ हरियाणा यूथ कांग्रेस शीतकालीन सत्र के दौरान विधानसभा के बाहर प्रदर्शन करेगी। युवा कांग्रेसी मामले की उच्च स्तरीय निष्पक्ष जांच की मांग करेंगे। यूथ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष दिव्यांशु बुद्धिराजा ने कहा कि भर्तियों में आए दिन नए घोटाले का खुलासा हो रहा है। संदेह के दायरे में आए हरियाणा स्टाफ सिलेक्शन कमीशन और हरियाणा पब्लिक सर्विस कमीशन के सदस्य और चेयरमैन को बर्खास्त किया जाना चाहिए था। यहां तक कि उनसे किसी तरह की पूछताछ या सवाल-जवाब नहीं हुआ।
हरियाणा लोक सेवा आयोग के पूर्व उप सचिव अनिल नागर को बर्खास्त कर डेंटल सर्जन भर्ती घोटालों में शामिल बड़े लोगों को बचाया गया है। अगर असली आरोपियों तक जांच और कार्रवाई की आंच पहुंची तो गठबंधन सरकार तक को खतरा हो सकता है। भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस का दावा करने वाले मुख्यमंत्री, घोटालों की उच्चस्तरीय जांच क्यों नहीं करा रहे।
विधानसभा का घेराव करेंगे नवीन जयहिंद
नौकरियों में फजीवाड़ा सामने आने के बाद एचपीएससी का घेराव कर चुके आम आदमी पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष नवीन जयहिंद और उनके साथी शुक्रवार को विधानसभा का घेराव करेंगे। जयहिंद का दावा है कि वह श्रीमद्भागवत गीता, गाय का गोबर और गोमूत्र लेकर जाएंगे। चंडीगढ़ प्रेस क्लब में आयोजित प्रेसवार्ता में नवीन जयहिंद ने बताया कि सरकार के संरक्षण में ही घोटाला चल रहा है। अब मामले को दबाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विजिलेंस केवल खानापूर्ति कर रही है।
अकेले एचसीएस अधिकारी इतने बड़े स्तर पर गड़बड़ी नहीं कर सकता। इसमें सरकार के बड़े लोग शामिल हैं। जयहिंद ने कहा कि यह हरियाणा के 30 लाख युवाओं से जुड़ा मामला है, इसलिए इसे गंभीरता से लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकार बिना खर्ची-पर्ची के झूठे दावे कर रही है और लोगों से बड़ी मोटी रकम वसूली जा रही है। इस मामले की गंभीरता से जांच होनी चाहिए और सरकार अपना फीडबैक सिस्टम तैयार करे, ताकि युवा अपनी परेशानी बता सकें।