Chandigarh News: निगम में लगी नेम प्लेट, पर चुनाव के नतीजे संशोधित होने पर ही कुर्सी पर बैठेंगे कुलदीप
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुलदीप को मेयर की कुर्सी पर कैसे बिठाया जाएगा, इसकी जानकारी लेने के लिए डॉ. एसएस अहलूवालिया, पार्षद प्रेमलता और गुरप्रीत सिंह गाबी समेत अन्य नेता बुधवार को नगर निगम पहुंचे थे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात की और पूछा कि आगे की क्या कार्यवाही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सुप्रीम कोर्ट के आदेश पर शहर के मेयर बने इंडिया गठबंधन (आम आदमी पार्टी और कांग्रेस) के कुलदीप कुमार ने बुधवार को पद ग्रहण नहीं किया हालांकि नगर निगम स्थित मेयर कार्यालय के बाहर उनके नाम की अस्थायी नेम प्लेट लगा दी गई। बताया गया कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी अभी नगर निगम नहीं पहुंची है।
आदेश की कॉपी आने के बाद 30 जनवरी को हुए चुनाव के नतीजे में संशोधन किया जाएगा। इसके बाद ही कुलदीप कुमार मेयर की कुर्सी पर बैठेंगे। मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट के आदेश से मिली जीत के बाद से आम आदमी पार्टी और कांग्रेस में जश्न का माहौल है।
दोनों पार्टियां आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए इस जीत को भुनाने की कोशिश में हैं। दोनों पार्टियों ने अपने वरिष्ठ नेताओं से मेयर के पद ग्रहण समारोह के लिए समय मांगा है ताकि समारोह को बड़ा बनाया जा सके। आप के नेता चाहते हैं कि अरविंद केजरीवाल पद ग्रहण में पहुंचे जबकि कांग्रेस के नेता राहुल गांधी को बुलाना चाहते हैं। सूत्रों के मुताबिक, कुलदीप कुमार रविवार या सोमवार को पद ग्रहण कर सकते हैं। नगर निगम में मेयर कार्यालय के बाहर कुलदीप कुमार की अस्थायी नेम प्लेट लगा दी गई है।
बुधवार सुबह आप के प्रदेश सह प्रभारी डॉ. एसएस अहलूवालिया ने मेयर कुलदीप कुमार और सभी पार्षदों के साथ एक बैठक की। पहले चर्चा थी कि कुलदीप कुमार दिल्ली जाकर अरविंद केजरीवाल से मुलाकात कर सकते हैं लेकिन बाद में तय हुआ कि केजरीवाल समेत पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को चंडीगढ़ बुलाया जाएगा।
उधर, कांग्रेस ने भी मेयर के पद ग्रहण समारोह के लिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं से समय मांगा है। दोनों पार्टियां इस जीत को इंडिया गठबंधन की पहली जीत के तौर पर पूरे देश को एक संदेश देना चाहती हैं ताकि आने वाले लोकसभा चुनाव में इसका फायदा लिया जा सके। इसके लिए बुधवार को पूरे दिन आप के पार्षद और नेता मिलकर यह मंथन करते रहे और वरिष्ठ नेताओं से संपर्क कर पूछते रहे कि कुलदीप कुमार के पद ग्रहण समारोह में कौन-कौन शामिल हो सकता है।
सुप्रीम कोर्ट का आदेश अब तक अपलोड नहीं, इंतजार में अधिकारी
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद कुलदीप को मेयर की कुर्सी पर कैसे बिठाया जाएगा, इसकी जानकारी लेने के लिए डॉ. एसएस अहलूवालिया, पार्षद प्रेमलता और गुरप्रीत सिंह गाबी समेत अन्य नेता बुधवार को नगर निगम पहुंचे थे। उन्होंने नगर निगम के अधिकारियों से मुलाकात की और पूछा कि आगे की क्या कार्यवाही है। मेयर चुनाव में अब तक हुए घटनाक्रम को देखने के बाद पार्टी अब फूंक-फूंक कर कदम रख रही है।
नगर निगम की तरफ से आप-कांग्रेस नेताओं को बताया गया है कि सुप्रीम कोर्ट के आदेश की कॉपी का इंतजार किया जा रहा है। इसके बाद 30 जनवरी को हुए मेयर चुनाव के नतीजे में संशोधन किया जाएगा। उसमें गठबंधन के कुलदीप कुमार को 20 वोट और भाजपा के मनोज सोनकर को 16 वोट के रूप में बदल जाएगा और फिर सेक्रेटरी लोकल गवर्नमेंट की तरफ से नए नतीजे घोषित किए जाएंगे। इसके बाद कुलदीप कुमार मेयर की कुर्सी पर बैठेंगे।
कुलदीप के घर बधाई देने वालों का तांता
मेयर कुलदीप कुमार ने बताया कि बुधवार को पूरे दिन उनके घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा रहा। उन्होंने कहा कि वह डड्डूमाजरा कॉलोनी में रहते हैं। पूरी कॉलोनी के लोगों से काफी प्यार है इसलिए कॉलोनी के सैकड़ों लोग बुधवार को पूरे दिन में उनके घर पहुंचे और उन्हें बधाई दी। कुलदीप ने बताया कि उनका फोन भी लगातार बज रहा है और अब तक सैकड़ों लोग फोन पर भी मेयर बनने की बधाई दे चुके हैं। कुलदीप ने कहा कि चंडीगढ़ का मेयर चुनाव इस बार सिर्फ चंडीगढ़ में नहीं, बल्कि पूरे देश में मशहूर हो गया। इस वजह से भी उन्हें बधाइयां ज्यादा मिल रहीं हैं। पद ग्रहण करने के बाद वह वादों को पूरा करने में जुट जाएंगे।