AAP Rajya Sabha Candidates: हरभजन, राघव चड्ढा और संदीप पाठक जाएंगे राज्यसभा, दो नामों ने सबको चौंकाया
आम आदमी पार्टी की तरफ से राज्यसभा के लिए घोषित नामों में शामिल दो नामों ने सभी को चौंका दिया है। ऐसा इसलिए क्योंकि अभी तक ये नाम कहीं भी चर्चा में नहीं थे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आम आदमी पार्टी ने पंजाब से राज्यसभा के लिए क्रिकेटर हरभजन सिंह समेत पांचों नाम का एलान कर दिया है। इस सूची में पंजाब के आप सह प्रभारी राघव चड्ढा, आईआईटी दिल्ली के प्रोफेसर संदीप पाठक, लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी के चांसलर अशोक मित्तल और कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर केयर चैरिटेबल ट्रस्ट के संस्थापक संजीव अरोड़ा के नाम शामिल हैं।
हैरान करने वाली बात है कि मित्तल और अरोड़ा का नाम अभी तक कहीं चर्चा में नहीं था। सभी उम्मीदवारों ने अपना नामांकन भर दिया है। पंजाब में राज्यसभा सदस्य प्रताप सिंह बाजवा और शमशेर सिंह दुल्लो, अकाली दल के सुखदेव सिंह ढींढसा और नरेश गुजराल के अलावा भाजपा के श्वेत मलिक का कार्यकाल खत्म हो रहा है। पंजाब के विधानसभा चुनाव में आप ने 117 में से 92 सीटों पर विजय हासिल की है। ऐसे में राज्यसभा की खाली हो रहीं पांच सीटों पर आप के प्रत्याशियों की जीत तय है।
अशोक मित्तल: प्रतिष्ठित शैक्षणिक संस्थान लवली प्रोफेशनल यूनिवर्सिटी (एलपीयू) के संस्थापक चांसलर हैं। शिक्षण संस्थान से पहले वे ऑटोमोबाइल के कारोबार से जुड़े थे। शिक्षा, मिठाई और ऑटोमोबाइल को मिलाकर लवली ग्रुप का सालाना टर्नओवर करीब 850 करोड़ रुपये है।
संजीव अरोड़ा: कृष्णा प्राण ब्रेस्ट कैंसर चैरिटेबल ट्रस्ट चलाते हैं, जिसे उन्होंने अपने माता-पिता के कैंसर के कारण जान गंवाने के बाद स्थापित किया था। हालांकि उनका मुख्य व्यवसाय एक्सपोर्ट का है।
राघव चड्ढा: दिल्ली से विधायक और पंजाब में पार्टी के सह प्रभारी। जनलोकपाल आंदोलन के वक्त से ही वह अरविंद केजरीवाल के साथ जुड़े रहे। महज 22 साल की उम्र में राष्ट्रीय प्रवक्ता बने। दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष के रूप में जल सुधारों का नेतृत्व किया है। लंदन स्कूल ऑफ इकनॉमिक्स से स्नातक हैं।
हरभजन सिंह: भारत के स्पिनर साल 1998 से 2016 के बीच भारतीय राष्ट्रीय क्रिकेट टीम का हिस्सा रहे हैं। अर्जुन और पद्मश्री से सम्मानित हरभजन सिंह स्माइल ट्रेन फाउंडेशन और तेरा-तेरा फाउंडेशन के माध्यम से अभावग्रस्त बच्चों के उत्थान के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे हैं।
संदीप पाठक: आईआईटी दिल्ली के एसोसिएट प्रोफेसर। साल 2015-16 में पार्टी के साथ जुड़े। बीते तीन साल से वह पंजाब में संगठन को मजबूत करने का काम कर रहे हैं। उन्होंने उम्मीदवारों के चयन समेत पार्टी के प्रचार रणनीति को भी आकार देने में अहम भूमिका अदा की।
- AAP Bengaluru (@AAPBangalore) 21 Mar 2022
खेल विश्वविद्यालय के प्रमुख बनाए जा सकते हैं हरभजन
हरभजन सिंह के क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद से उनके राजनीति में आने की चर्चाएं तेज थीं। आप सूत्रों के अनुसार, हरभजन सिंह को पंजाब में एक खेल विश्वविद्यालय का प्रमुख बनाया जा सकता है। नामांकन भरने के बाद हरभजन सिंह ने कहा कि मैं कोशिश करूंगा कि खेलों में युवाओं को ज्यादा से ज्यादा जोड़ा जाए और इंफ्रास्ट्रक्चर बढ़िया बनाया जाए। मेरा मकसद रहेगा कि खेलों को बढ़ावा मिले। मैं कोशिश करूंगा कि सबकी उम्मीदों पर खरा उतरूं। वहीं संदीप पाठक लंदन से स्नातक हैं और पंजाब जीत में उनकी बड़ी भूमिका थी। रविवार को नवनिर्वाचित विधायकों से बातचीत के दौरान भी अरविंद केजरीवाल ने पाठक की तारीफ की थी।
सबसे युवा राज्यसभा सदस्य बन सकते हैं राघव चड्ढा
वहीं 33 साल के राघव चड्ढा सबसे युवा राज्यसभा सदस्य बन सकते हैं। पंजाब में मिली ऐतिहासिक जीत में उनका बड़ा योगदान था। राज्यसभा के लिए नामांकन दाखिल करने पहुंचे राघव चड्ढा ने कहा कि इतनी कम उम्र में मुझे नॉमिनेट करने के लिए मैं दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल और पंजाब के सीएम भगवंत मान को धन्यवाद देना चाहता हूं। मैं पंजाब के लोगों का मुद्दा उठाऊंगा और संसद में उनके हितों की रक्षा करूंगा।
