Punjab: छोटे साहिबजादों के शहीदी दिवस पर बजेगा मातमी बिगुल, मान की अपील- खड़े होकर बेमिसाल शहादत को नमन करें
शुक्रवार को शहीदी जोड़ मेल के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए फतेहगढ़ साहिब जिले के प्रशासन के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे साहिबजादों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए शहीदी सभा के दौरान 27 दिसंबर को सुबह 10 से 10:10 बजे तक शोक बिगुल बजाया जाएगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
साहिबजादा जोरावर सिंह, साहिबजादा फतेह सिंह और माता गुजरी जी को पंजाब सरकार द्वारा श्रद्धांजलि भेंट करने के विनम्र प्रयास के तौर पर मुख्यमंत्री भगवंत मान ने एलान किया है कि शहीदी सभा के दौरान 27 दिसंबर को राज्य में मातमी (शोक) बिगुल बजाया जाएगा। उन्होंने अपील की है कि इस दौरान लोग जहां भी हों, वहीं खड़े होकर साहिबजादों की महान शहादत को नमन करें।
शुक्रवार को शहीदी जोड़ मेल के प्रबंधों का जायजा लेने के लिए फतेहगढ़ साहिब जिले के प्रशासन के साथ बैठक में मुख्यमंत्री ने कहा कि छोटे साहिबजादों के प्रति श्रद्धा और सम्मान प्रकट करते हुए शहीदी सभा के दौरान 27 दिसंबर को सुबह 10 से 10:10 बजे तक शोक बिगुल बजाया जाएगा। मान ने कहा कि मैं लोगों से अपील करता हूं कि यह पहली बार होगा कि छोटे साहिबजादों की शहादत समय के दौरान 10 मिनट शोक बिगुल बजाया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने कहा कि यह प्रयास छोटे साहिबजादों की महान विरासत को भावी पीढ़ी की जानकारी में लाने में सहायक साबित होगा। उन्होंने कहा कि छोटे साहिबजादों के महान बलिदान को याद करना समय की जरूरत है, जिससे मानवीय अधिकारों के मूल्यों को और मजबूत किया जा सके। दिसंबर का महीना, जिस दौरान दसवें पातशाह श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के समूचे परिवार को शहीद किया गया था, समूची मानवता के लिए शोक का महीना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने 20 से 30 दिसंबर तक कोई भी खुशी का समागम न करवाने का एलान पहले ही किया है।
उन्होंने कहा कि यह प्रयास राज्य सरकार द्वारा दशम पिता के परिवार के महान बलिदान को विनम्र सी श्रद्धांजलि होगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फतेहगढ़ साहिब की पवित्र धरती न सिर्फ सिखों के लिए बल्कि समूची मानवता के लिए प्रेरणा का स्रोत है क्योंकि हर साल छोटे साहिबजादों और माता गुजरी जी के शहीदी दिवस पर लाखों की संख्या में श्रद्धालु नतमस्तक होने आते हैं। साहिबजादों की तरफ से छोटी उम्र में महान बलिदान देने की मिसाल दुनिया के इतिहास में कहीं नहीं मिलती।
फतेहगढ़ साहिब में शहीदी सभा की तैयारियों की प्रगति का जायजा लेते हुए मुख्यमंत्री ने जिला प्रशासन को लोगों के लिए पुख्ता इंतजाम करने के लिए कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि वह निजी तौर पर इस समूचे कार्य की निगरानी करेंगे ताकि लोगों की सेवा में कोई कसर बाकी न रहे। बैठक में मुख्यमंत्री को अधिकारियों ने लोगों की आमद के दौरान शहर की ट्रैफिक व्यवस्था सुचारु बनाने की जानकारी दी। इसी तरह लोगों की सुविधा के लिए स्थानीय बस सेवा शुरू की गई है, जिसके तहत 75 बसें चलाईं जाएंगी और 50 ई-रिक्शे चलाए जाएंगे।
पार्किंग व्यवस्था के बारे में बताया गया कि शहीदी सभा के दौरान वाहनों की पार्किंग के लिए शहर को अलग-अलग सेक्टरों में बांटकर 21 जगहें पार्किंग स्थल बनाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए मेडिकल केंद्र भी स्थापित किए गए हैं। सूचना केंद्र भी बनाए गए हैं, जहां से लोगों को आवश्यक जानकारी मिल सकेगी।