चंडीगढ़। सेक्टर- 15 और 11 स्थित डिवाइडिंग रोड पर शुक्रवार सुबह करीब पौने 11 बजे एक बड़े धमाके की आवाज सुनी, जिससे आस-पास के लोगों में दहशत फैल गई। देखते ही देखते कुछ की मिनटों में मौके पर पुलिस की टीमें पहुंच गई। यहीं बस नहीं मौके पर बम स्क्वॉड की टीम ने इलाके को घेर लिया और जांच शुरू की जिससे लोगों के बीच अफरा तफरी का माहौल बनने के साथ तनाव की स्थिति बन गई थी। इस दौरान रोबोट की मदद लेकर बम को निकाला और बम बास्केट में डाला गया। जबकि पूरे एरिया में एनएसजी, सिविल डिफेंस, बम स्क्वॉड सीआईडी हरियाणा, फायर ब्रिगेड और जीएमसीएच-16 की डॉक्टर आदि टीम पहुंच गई। वहीं इस एरिया के आस पास स्थित सरकारी कॉलेज, इंस्टीट्यूट में आने वाले विद्यार्थियों का आना-जाना प्रभावित हो रहा है। वहीं सेक्टर 15 से 11 की ओर जाने वाले अंडरपास को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया । साथ ही पुलिसकर्मियों ने आने जाने वाले वाहनों का रूट भी डायवर्ट कर दिया। पूरा इलाका छावनी में बदल गया था। साथ ही मौके पर बम स्क्वॉड की टीम ने जगह-जगह बम की तलाश शुरू कर दी, जिससे घटनास्थल पर खड़े लोग डर गए। जांच के दौरान पुलिस अधिकारी भी पूरी तैयारी के साथ मौजूद रहे और एक-एक कोने की बारीकी से जांच में जुट गए। वहीं बम स्क्वॉड सीआईडी हरियाणा ने अपना सेटअप लगाया जिसमें उन्होंने रोबोट की मदद लेकर बम को निकाला और बम बास्केट में डाला। हालांकि कुछ देर बाद यह सामने आया कि यह एक मॉकड्रिल का हिस्सा था जो त्योहारों के मध्य नजर सुरक्षा व्यवस्था की तैयारियों को परखने के लिए की गई थी। इस मॉकड्रिल से पुलिस पार्टी ने आपातकालीन प्रतिक्रिया क्षमताओं का परीक्षण किया, ताकि वास्तविक स्थिति में वे और बेहतर काम कर सकें।