राफेल डील में सब कुछ पारदर्शी है, गलत आरोप लगा रही कांग्रेस: रक्षा राज्यमंत्री
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
रक्षा राज्यमंत्री डॉ. सुभाष रामाराव भामरे ने कहा कि राफेल डील के मामले में कांग्रेस गलत आरोप लगा रही है जबकि यह सौदा पूरी तरह से पारदर्शी है और देश के हित में है। उन्होंने कहा कि इस सौदे के हर पहलू पर गहनता से विचार कर इसे आगे बढ़ाया गया है। आधुनिक राफेल विमान देश की जरूरत है। कैंट सैन्य क्षेत्र के एक दिवसीय दौरे के दौरान पत्रकारों से बातचीत में रक्षा राज्यमंत्री ने कहा कि हमें दुश्मनों को देखते हुए अपनी ताकत में इजाफा करना पड़ता है और इसके लिए आधुनिक राफेल डील के सौदे को हरी झंडी दी गई है।
विपक्ष इस मुद्दे को बिना बात हवा दे रहा है जबकि यह सौदा कांग्रेस अपने कार्यकाल में पूरा ही नहीं कर सकी थी। भाजपा सरकार ने इस सौदे को तेजी से अंजाम तक पहुंचाकर सैन्य बलों की ताकत को बढ़ाया है। उन्होंने बताया कि अंबाला सेना और वायुसेना का अहम बेस है। देश की सुरक्षा की इस पर काफी अहम जिम्मेदारी है।
दौरे के दौरान डॉ. भामरे ने खड़ग कोर व एयरफोर्स की गतिविधियों का जायजा भी लिया। कैंटोनमेंट बोर्ड ने समाधान एप लांच कर लोगों को सीधे अपने साथ जोड़ा है। एप के जरिये अब हर कोई सीधे बोर्ड अधिकारियों तक अपनी बात रख सकेगा। बोर्ड द्वारा नॉन मोटराइज्ड कोरिडोर निर्माण किया जा रहा है जहां साइकिलिंग की जा सकेगी। उन्होंने कहा कि सेहत के लिए साइकिल चलाना बहुत अच्छा है। वह स्वयं डॉक्टर हैं और दिन में एक बार साइकिल चलाने से स्वास्थ्य में काफी लाभ होता है।
इससे पहले डॉ. भामरे ने माल रोड पर कैंटोनमेंट बोर्ड द्वारा बनाए गए कम्यूनिटी हब का उद्घाटन किया जहां साइकिलिंग किराये पर उपलब्ध होगी। उन्होंने साइक्लोथॉन को भी झंडी दिखाई जिसमें सैकड़ों खिलाड़ियों ने हिस्सा लिया। इस अवसर पर बोर्ड के सीईओ वरुण कालिया ने रक्षा राज्यमंत्री का स्वागत किया। कार्यक्रम में डिफेंस इस्टेट से प्रिंसिपल डायरेक्टर एससी कौशिक, इंद्रजीत कौर, ए शेखर बाबू, केदार बुरांडे, ब्रिगेडियर एसएस सिद्धू सहित बोर्ड पार्षद राजू बाली, आशीमा, सुरेंद्र तिवारी, लक्ष्मी देवी मौजूद रहे।