सदन की बैठक: पार्षद बोले- पहले मिले पेट्रोल खर्च, फिर अफसरों का करेंगे एजेंडा पास
नगर निगम में मेयर को हर माह 300 लीटर पेट्रोल, आयुक्त को 250 लीटर और अन्य अफसरों को 200 लीटर पेट्रोल मिलता है। कोरोना काल में 20 प्रतिशत कटौती के बाद मेयर का 240 लीटर, आयुक्त का 200 लीटर और अन्य अफसरों का 160 लीटर पेट्रोल रह गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
सदन की बैठक में निगम की ओर से कोरोना काल में हुई पेट्रोल की कटौती को खत्म करने का प्रस्ताव लाया गया था। भाजपा पार्षद कनवरजीत राणा ने कहा कि पार्षद भी लोगों की समस्याओं को लेकर फील्ड में जाते हैं। उनकी गाड़ी पानी से नहीं चलती। पार्षदों को पेट्रोल भत्ता देने के लिए प्रस्ताव पास हो चुका है लेकिन प्रशासन से सहमति नहीं मिली है। इसलिए जब तक पार्षदों को पेट्रोल भत्ता नहीं मिलता, तब तक अफसरों का कोई एजेंडा पास नहीं होगा। इसके लिए वोटिंग कराई गई लेकिन एक भी पार्षद ने एजेंडे का समर्थन नहीं किया। आयुक्त ने अफसरों को कहा कि वह तय पेट्रोल भत्ते के बाद कहीं भी क्षेत्र में विजिट करने नहीं निकलेंगे। वहीं सदन में कुत्तों की नसबंदी के लिए एक ही कंपनी को टेंडर देने का प्रस्ताव पास कर दिया गया। आयुक्त ने बताया कि यह कम समय के लिए टेंडर होगा।
सदन में चला ऑडियो-वीडियो वार, होगी जांच
सदन की बैठक में भाजपा पार्षद जसमनप्रीत ने आप पार्षद लखबीर सिंह की एक ऑडियो सुनाया, जिसमें वह कुछ लोगों से रुपये मांग रहे हैं। इसके बाद सेक्टर-25 के पार्षद पूनम के पति के खिलाफ शिकायतों का ब्योरा दिया। इस पर आप पार्षदों ने भाजपा के पार्षदों की एक वीडियो मोबाइल में चालू कर दिखा दी। आप पार्षदों ने कहा कि पूर्व पार्षद जगतार जग्गा ने जो कोरोना काल में पर्ची काटी उसकी भी जांच हो। मेयर ने कहा कि कोरोना काल में लोगों की मदद की थी वह भूलकर आरोप लगा रहे हैं। इसके बाद भाजपा पार्षदों की मांग पर शिकायतों की जांच कराने का मेयर ने आश्वासन दिया।
बॉक्स
फाइल देरी से मिलने पर नाराजगी, अब नहीं आएंगे टेबल एजेंडा
बैठक शुरू होते ही नेता प्रतिपक्ष योगेश ढींगरा ने कहा कि 25 मई को मुझे मेरे सवालों का जबाव दिया। 26 मई को टेबल एजेंडा आया। लगभग 250 पन्नों का एजेंडा एक दिन में पढ़ना कैसे संभव है। सदन को मजाक न बनाया जाए। 72 घंटे पहले मिलने वाला एजेंडा समय पर नहीं मिल रहा है। आयुक्त ने तत्काल आदेश दिए कि वित्त एवं अनुबंध कमेटी की बैठक का एजेंडा 48 और सदन का एजेंडा 72 घंटे पहले ही दिया जायेगा। इसके बाद कोई टेबल एजेंडा नहीं आएगा।
सत्यपाल जैन का कार्टून कहने पर हंगामा
सदन में सेक्टर-51 में वी5 रोड पर विकास कार्य का एजेंडा आया तो आप पार्षद योगेश ढींगरा ने कहा कि भाजपा के क्षेत्र में ही विकास कार्य हो रहे हैं। इस दौरान पार्षद जसबीर सिंह ने कहा कि जब से सत्यपाल जैन का कार्टून हारा है तब से लोगों के पानी के कनेक्शन काटे जा रहे हैं। इस पर सदन में हंगामा हो गया। अकाली पार्षद हरदीप सिंह ने कहा कि सदन में भाषा की मर्यादा रखें। हंगामे के बीच वोटिंग हुई और प्रस्ताव पास हो गया।
डड्डूमाजरा की हवा, पानी और लोगों की सेहत जांचें
आप पार्षद जसबीर सिंह ने सदन में डंपिंग ग्राउंड को लेकर प्रस्ताव रखा और कहा कि अफसरों ने हाईकोर्ट में गलत जानकारी दी है। आयुक्त ने कहा कि हाईकोर्ट के मामले में कोई टिप्पणी नहीं कर सकती लेकिन जो तथ्य आप बता रहे हैं वह गलत हैं। ऐसा कोर्ट में हमने कुछ नहीं दिया है। इसके बाद पार्षद ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड के आसपास रहने वाले लोगों व वहां काम करने वाले कर्मचारियों के स्वास्थ्य की जांच हो। साथ ही वहां के हवा, पानी और मिट्टी की भी जांच करें ताकि लोगों को कितना नुकसान हो रहा है इसकी जानकारी मिल सके।