सिद्धू मूसेवाला हत्याकांड: गांव मूसा पहुंचे नेता और अभिनेता, सचिन पायलट बोले- हत्या के लिए पंजाब के खराब होते हालात जिम्मेदार
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने सोमवार को परिवार समेत प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला के आवास पर पहुंचकर सिद्धू मूसेवाला के शोकग्रस्त परिवार को ढांढस बंधाया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला के परिवार से दुख बंटाने विभिन्न दलों के नेता और फिल्म स्टार व समाजसेवी सोमवार को गांव मूसेवाला पहुंचे। सभी ने मूसेवाला को श्रद्धांजलि दी और दुख साझा किया। राजस्थान के उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट मूसेवाला के घर पहुंचे। उन्होंने कहा कि मशहूर पंजाबी गायक व कांग्रेस नेता मूसेवाला की हत्या के पीछे पंजाब में दिन-प्रतिदिन खराब होते हालात जिम्मेदार हैं।
उन्होंने कहा कि केंद्र व पंजाब सरकार को मिलकर कानून व्यवस्था बनाने और पंजाब में शांति के प्रयास करने चाहिए। उन्होंने कहा कि सिद्धू मूसेवाला कत्ल के मामले में परिवार को इंसाफ मिलना चाहिए। केंद्र व पंजाब सरकार इस पर काम करे और परिवार को इंसाफ देने में देरी नहीं करनी चाहिए। हालांकि इस दौरान उन्होंने ऐसे मुद्दों पर राजनीति न करने की भी सलाह दी।
सचिन पायलट ने सिद्धू मूसेवाला के माता-पिता के साथ दुख साझा किया। प्रसिद्ध पंजाबी गायक सुरिंद्र शिंदा, फिल्म अदाकार सोनम बाजवा, योगराज सिंह, अदाकारा सतिंद्र सत्ती, कांग्रेस नेता मालविका सूद सहित अन्य लोग परिवार से दुख साझा करने पहुंचे। सुरिंद्र शिंदा ने कहा कि एक नामी व नौजवान कलाकार ने कामयाबी की बड़ी बुलंदियों को छूना था लेकिन इसका भरी जवानी में जाना फिल्म व संगीत क्षेत्र के लिए बुरा है। गायक मास्टर सलीम, प्रीत हरपाल व सचिन आहुजा ने भी पहुंचकर परिवार के साथ हमदर्दी जताई। इस दौरान पूर्व सेहत मंत्री डॉ. विजय सिंगला के पिता केशोराम सिंगला व डॉ. सिंगला की धर्मपत्नी अनीता सिंगला ने भी सिद्धू मूसेवाला के परिवार के साथ दुख साझा किया।
भोग पर सरदारिया ट्रस्ट लगाएगा पगड़ियों का लंगर
पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला को एक मान देते हुए सरदारियां ट्रस्ट के नेताओं ने सिद्धू मूसेवाला के पीड़ित परिवार के साथ दुख बांटा और अपील की है कि सिद्धू मूसेवाला केसधारी व पगड़ीधारी थे, इस कारण नौजवानों को वहां भोग वाले दिन पगड़ी बांधकर बड़ी संख्या में पहुंचना चाहिए। उन्होंने कहा कि इस दौरान सरदारियां ट्रस्ट की ओर से पगड़ियों का लंगर भी लगाया जाएगा।
मूसेवाला के परिवार को तंवर ने दी सांत्वना
आम आदमी पार्टी के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व सांसद डॉ. अशोक तंवर ने सोमवार को परिवार समेत प्रसिद्ध गायक सिद्धू मूसेवाला के आवास पर पहुंचकर सिद्धू मूसेवाला के शोकग्रस्त परिवार को ढांढस बंधाया। तंवर ने कहा कि सिद्धू ने छोटी आयु में ही विश्व में नाम कमाया और लाखों-करोड़ों की फैन संख्या हासिल की।
उनका असमय जाना अपूर्णनीय क्षति है। यह परिवार के साथ ही करोड़ों समर्थकों के लिए गहरा आघात है। कानून अपना काम कर रहा है, दोषियों को कड़ी सजा मिलेगी। इस अवसर पर तंवर की धर्मपत्नी अवंतिका तंवर, पुत्र अनिरुद्ध, आदिकर्ता, बेटी अभिस्तदा सहित सिरसा संसदीय क्षेत्र से अनेक लोग गांव मूसा पहुंचे और शोकाकुल परिवार के प्रति संवेदनाएं प्रकट की।