मिनी कोविड केयर सेंटर: प्रशासन ने कहा-मरीज सीधे भर्ती हो जाएं, हकीकत- नौ में से तीन सेंटर ही चालू
चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारी दावा करते हैं कि शहर में ऑक्सीजन की कोई कमी नहीं है, लेकिन हकीकत यह है कि सेंटरों के शुरू होने में देरी ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं कर पाने की वजह से हुई है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चंडीगढ़ यूटी प्रशासन ने शहर के सभी मिनी कोविड केयर सेंटर संचालकों के नंबर जारी कर कहा कि मरीज अब सीधे इन सेंटरों में भर्ती हो सकते हैं। ये आदेश यूटी प्रशासक के सलाहकार मनोज परिदा की ओर से जारी किए गए थे, लेकिन आदेश में यह नहीं बताया कि जिन सेंटरों में भर्ती होने की बात कही गई है, उनमें से अधिकतर अभी शुरू ही नहीं हुए हैं।
पहले प्रशासन ने यह तय किया था कि मिनी कोविड केयर सेंटर में भर्ती होने के लिए मरीजों को जीएमसीएच-32 और जीएमएसएच-16 से रेफर किया जाएगा, लेकिन अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या को देखते हुए प्रशासन ने अपना फैसला बदल लिया।
अब आदेश जारी कर कहा गया कि मरीज शहर के 9 कोविड केयर सेंटर में जाकर भर्ती हो सकते हैं। इसके लिए सभी सेंटर के संचालकों के मोबाइल नंबर जारी किए गए। वहीं हकीकत यह है कि वर्तमान में इन 9 में से सिर्फ तीन मिनी कोविड केयर सेंटर ही चल रहे हैं। अन्य अगले हफ्ते ही शुरू होंगे। पीजीआई के इंफोसिस सराय में बनने वाला 100 बेड का कोविड केयर सेंटर तो जल्द शुरू होता नहीं दिखाई दे रहा है, क्योंकि जिस संस्था को यह सेंटर चलाने की जिम्मेदारी दी गई है, उन्हें मेडिकल ऑक्सीजन देने से प्रशासन ने मना कर दिया है। प्रशासन के अधिकारियों ने संस्था को कहा है कि वह कन्संट्रेटर से काम चलाएं, क्योंकि शहर में ऑक्सीजन की किल्लत है।
ऑक्सीजन की व्यवस्था करने में गुजर जाता है दिन: सभ्रवाल
श्री गुरु ग्रंथ साहिब सेवा सोसाइटी के एचएस सभ्रवाल ने बताया कि पीजीआई के इंफोसिस सराय में कोविड सेंटर शुरू करने के लिए उन्होंने सारी व्यवस्थाएं कर ली हैं, लेकिन ऑक्सीजन की कमी की वजह से वह सेंटर नहीं शुरू कर पा रहे हैं। उन्होंने बताया कि प्रशासन के अधिकारी कह रहे हैं कि कन्संट्रेटर के सहारे सेंटर को शुरू किया जाए, लेकिन 100 बेड का अस्पताल कंसंट्रेटर के सहारे शुरू नहीं किया जा सकता है।
सभ्रवाल ने बताया कि उनकी संस्था सेक्टर-23 के बाल भवन में एक सेंटर चला रही है, यहां भी ऑक्सीजन की कमी है। प्रशासन की तरफ से कभी पांच तो कभी 10 सिलिंडर दिए जाते हैं। उन्होंने कहा कि पूरा दिन ऑक्सीजन की व्यवस्था करने में निकल जाता है। इसलिए, वह पीजीआई के इंफोसिस सराय के लिए प्रशासन की तरफ से मेडिकल ऑक्सीजन का इंतजार कर रहे हैं।
स्थान बेड वर्तमान स्थिति
पीजीआई इंफोसिस सराय 100 बेड ऑक्सीजन की व्यवस्था नहीं, शुरू होने में लगेगा समय
कम्यूनिटी सेंटर, सेक्टर-47 20 बेड सेंटर बनाने का काम जारी, बुधवार से हो सकता है शुरू
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सेक्टर-43 50 बेड सोमवार से शुरू हो सकता है
स्पोर्ट्स कांप्लेक्स, सेक्टर-34 50 बेड मंगलवार से शुरू हो सकता है
सेक्टर-38बी (डीआरडीओ अस्पताल) 20 बेड सेंटर बनाने का काम जारी
जीजीएमएसएसएस-8 50 बेड सोमवार से शुरू हो सकता है
बाल भवन-23 50 बेड मरीजों का इलाज जारी, कुछ बेड खाली
इंदिरा हॉलीडे होम-24बी 50 बेड सेंटर शुरू, ज्यादातर बेड खाली
अरबिंदो स्कूल-27 25 बेड सेंटर शुरू, कई बेड खाली