Punjab: खरगे बोले- अभी कृषि कानून रद्द नहीं, मोदी राज में किसान-जवान बर्बाद, इस सरकार को उखाड़ फेंकना होगा
पंजाब के लुधियाना पहुंचे मल्लिकार्जुन खरगे ने मोदी सरकार पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने केंद्र सरकार पर किसानों और जवानों को बर्बाद करने का आरोप लगाया। वह लुधियाना के समराला में कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित करने पहुंचे थे। उन्होंने कार्यकर्ताओं से लोगों के बीच जाने और उनसे बात करने की अपील की।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे रविवार को पंजाब पहुंचे। यहां लुधियाना जिले के गांव बोदली में उन्होंने पहले कार्यकर्ता सम्मेलन को संबोधित किया। खरगे ने कहा कि रैली में बड़ी संख्या में कार्यकर्ता पहुंचे हैं। अगर सभी ने मिलकर काम किया तो कांग्रेस उतनी सीटों पर जरूर जीतेगी, जितने पर वह चाहती है। पंजाब गुरुओं की धरती है। गुरु श्री नानक देव जी ने हिंदुस्तान शब्द दिया है। इस हिंदुस्तान शब्द को कायम रखना है। उन्होंने एकता का संदेश दिया।
10 साल में मोदी ने किसानों को बर्बाद किया
पंजाब देश की आन-बान और शान है। किसान और जवान देश के सबसे मजूबत स्तंभ हैं। पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री ने जय जवान और जय किसान का नारा दिया। यह नारा सिर्फ पंजाब पर सटीक बैठता है। कहीं किसान हैं तो जवान नहीं। कहीं जवान है तो किसान नहीं। मगर पंजाब में जवान और किसान दोनों है। पंजाब की जनता देश को रक्षा और अनाज देती है। देश का 20 फीसदी धान पंजाब देता है। मगर मोदी सरकार ने पिछले 10 सालों में किसान और जवानों को बर्बाद कर दिया।
तीन कृषि कानून रद्द नहीं... सिर्फ निलंबित किया
दिल्ली के सीमा पर बैठे किसानों से मोदी सरकार ने बात नहीं की। तीन कृषि कानूनों को निलंबित किया है। अभी इन्हें रद्द करने की अधिसूचना नहीं आई है। सिर्फ आंदोलन को समाप्त करने की खातिर इन कानूनों को निलंबित किया। मगर कानूनों को रद्द होने की अधिसूचना अभी तक नहीं है। यह मोदी की एक चाल है। रीढ़ की हड्डी किसान और जवानों को इस सरकार ने तोड़ने का काम किया। उन्होंने कहा कि पंजाब के किसान अपने अधिकारों की लड़ाई की खातिर दिल्ली पहुंच रहे हैं। इन किसानों के आंदोलन के साथ कांग्रेस पार्टी जुड़ी रहेगी।
हम खत्म करेंगे तीनों कानून
मल्लिकार्जुन खरगे ने कहा कि मोदी सरकार किसानों को खत्म करके बड़े-बड़े उद्योगपतियों को जमीन देने का काम कर रही है। ये उद्योगपति हजारों एकड़ जमीन सरकार से ले रहे हैं। यह नए जमाने के राजा-महाराजा हैं। उन्होंने कहा कि जब तक इन कृषि कानूनों को रद्द नहीं किया गया तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने कहा कि 2024 में हमारी सरकार आने पर इन कानूनों को हम रद्द करेंगे। मोदी ने किसानों को आतंकवादी और आंदोलनजीवी तक कहा है। मोदी सरकार ने अग्निवीर योजना से जवानों को भी बर्बाद किया है। सेना में 30 फीसदी जगह खाली है। इतना ही नहीं सेना की नियमित भर्ती भी खत्म कर दी है।
आरएसएस ने की अंग्रेजों की मदद: खरगे
पंडित जवाहर लाल नेहरू ने भाखड़ा नंगल और हीराकुंड जैसे बड़े-बड़े बांधों को बनाया। इन बंधों को बनाकर किसानों और गरीबी को पानी देने का काम किया। ऐसे पंडित जवाहर लाल नेहरू को यह सरकार रोज गाली देती है। खरगे ने कहा कि ब्रिटिश शासन काल में राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ (आरएसएस) और भाजपा के लोग ब्रिटिश अधिकारियों के एजेंट थे। गांधी जी के भारत छोड़ो आंदोलन में इन्होंने मदद नहीं की। उल्टा ब्रिटिश अधिकारियों की मदद में जुटे रहे।
भाजपा के लोग रोजाना कांग्रेस और राहुल गांधी को गाली देते हैं। राहुल गांधी ने कोई पद नहीं लिया। फिर उन्हें रोजाना गाली दी जाती है। उस जवान को गाली दी जाती है जिसने कन्याकुमारी से कश्मीर तक और अब मणिपुर से मुंबई तक यात्रा निकाल रहा है।
गरीब को गरीब रखना चाहते हैं मोदी
खरगे ने कहा कि पीएम मोदी एक प्रोजेक्ट का कई बार उद्घाटन करते हैं। 70 सालों में कांग्रेस ने बड़े-बड़े कारखानों की स्थापना की। हरित और श्वेत क्रांति लाई। श्वेत पत्र के दौरान मोदी सरकार ने मनमोहन सिंह के कार्यकाल की तारीफ की। मोदी 80 करोड़ लोगों को मुफ्त राशन देने की बात कहते हैं। मगर इस योजना को सोनिया गांधी लाई थी। खाद्य सुरक्षा अधिनियम उनकी देन है। मोदी सरकार के 10 साल में बेरोजगारी बढ़ी है। सरकारी नौकिरयों में 20 लाख पद खाली हैं। मगर वह उन पदों को नहीं भरेंगे, क्योंकि वह गरीब को गरीब रखना चाहते हैं। हमारी पिछली सरकार ने जो काम किया, उसे मोदी ने बर्बाद कर दिया है।
कांग्रेस सरकार ने बढ़ाई अधिक एमएसपी
मोदी कांग्रेस के बनाए कारखानों को बेच रहे हैं। एयरपोर्ट, पोर्ट और कारखाना सब एक आदमी के हाथों में दे रहे हैं। मोदी यही चाहते हैं कि आमिर और आमिर बने। गरीब और गरीब हो। ऐसी सरकार को उखाड़ फेंक देना चाहिए। धान की एमएमसी पर 135 फीसदी की वृद्धि मनमोहन सरकार ने की। वहीं मोदी सरकार ने 2014 से 2023 तक सिर्फ 50 फीसदी की वृद्धि की। मक्का की एमएसपी 155 प्रतिशत कांग्रेस सरकार ने बढ़ाई। मोदी सरकार ने सिर्फ 50 फीसदी का इजाफा किया। गेहूं की एमएसपी 120 फीसदी बढ़ाई। मोदी सरकार ने सिर्फ 50 फीसदी का इजाफा किया।
खरगे ने कहा कि बाबा साहेब भीम राव आंबेडकर ने एक बात कही थी कि भक्ति या नायक पूजा पतन और तानाशाही में पहुंचाने का रास्ता है। जिस व्यक्ति की राजनीति में पूजा होती है, वह व्यक्ति तानाशाही की ओर चला जाता है। भारत में लोकतंत्र है। भारत को कल्याणकारी राज्य बनाना है। सिर्फ मोदी-मोदी कहने से पेट नहीं भरेगा है।