Haryana: सीएम बनने की चर्चा के बीच बेफ्रिक दिखे बालकनाथ, छात्रों संग खेला वॉलीबॉल, देखें महंत का खास अंदाज
राजस्थान में सीएम बनने की चर्चा के बीच महंत बाबा बालकनाथ का बेफ्रिक अंदाज दिखा। वह छात्रों के साथ वॉलीबॉल खेलते दिखे। इससे पहले मठ में उन्होंने माथा टेका।
विस्तार
राजस्थान की सियासी उठापठक के बीच रोहतक मठ में पहुंचे महंत बाबा बालकनाथ बेफ्रिक नजर आए। न केवल गुरुओं की समाधी पर मत्था टेका, बल्कि सैनिक स्कूल में विद्यार्थियों के साथ खेलों में दो-दो हाथ किए। इसके बाद सुबह आठ बजे राजस्थान के लिए निकल गए। महंत के आगमन को पूरी तरह पर्दे के पीछे रखा गया।
महंत बाबा बालकनाथ राजस्थान की तिजारा विधानसभा सीट से चुनाव जीते हैं। इन्हें राजस्थान के मुख्यमंत्री पद का दावेदार माना जा रहा है। उनकी गृह मंत्री अमित शाह से भी मुलाकात हो चुकी है। हालांकि सोशल मीडिया में महंत बाबा बालकनाथ की तरफ से एक संदेश चल रहा है कि उनके बारे में कयास न लगाए जाएं। अभी उनको प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में अनुभव हासिल करना है। इसके बावजूद राजस्थान सरकार में महंत बालकनाथ को बड़ी जिम्मेदारी मिलना तय माना जा रहा है। ऐसे में रोहतक स्थित बाबा मस्तनाथ मठ में पर्दे के पीछे हलचल रहती है।
पहले मठ में पूजा की फिर सैनिक स्कूल पहुंचे
बाबा मस्तनाथ सैनिक स्कूल के निदेशक हंसराज बालवान ने बताया कि महंत बालकनाथ शाम करीब चार बजे मठ में पहुंचे। सबसे पहले गुरुओं की समाधि पर मत्था टेका। इसके बाद मठ की व्यवस्था का जायजा लिया। सुबह सैनिक स्कूल पहुंचे और विद्यार्थियों के साथ खेलों में भाग लिया। वॉलीबॉल में दो-दो हाथ आजमाएं।