लोकसभा चुनाव 2019: हरियाणा में डाटा में उलझा चुनाव आयोग, पोलिंग 70 फीसदी के पार
लोकसभा चुनाव निपटने के बाद अब तक मतदान का फाइनल प्रतिशत साफ नहीं हुआ है। रविवार देर रात से लेकर सोमवार दिनभर चुनाव आयोग डाटा फाइनल करने में ही उलझा रहा। दिन भर कर्मचारी सभी बूथों का डाटा कंपाइल कर उसे फीड करने में लगे रहे। लेकिन शाम को निर्वाचन आयोग ने अनुमानित मतदान प्रतिशत घोषित कर दिया।
इसके अंतर्गत हरियाणा में 70.30 प्रतिशत मतदान हुआ है। इसमें फरीदाबाद में सबसे कम और सिरसा में सबसे अधिक मतदान दर्ज किया गया है।हरियाणा की दस संसदीय क्षेत्रों में रविवार को मतदान हुआ था। मतदान के लिए प्रदेश में 19441 बूथों पर मतदाताओं ने वोट किए।
हालांकि रविवार से ही सभी संसदीय क्षेत्रों के निर्वाचन कार्यालयों से हरियाणा चुनाव आयोग को डाटा अपडेट करवाया जा रहा था। लेकिन उपलब्ध करवाए जा रहे इस डाटा और बूथों पर हुए मतदान में कुछ भिन्नता दिख रही थी।
लिहाजा, हरियाणा निर्वाचन कार्यालय अब सभी बूथों का डाटा खुद अपनी सुपरविजन में स्टेट मुख्यालय पर ही फीड करवा रहा है, ताकि किसी प्रकार की गफलत न रहे। इसी प्रक्रिया के तहत शाम को हरियाणा निर्वाचन विभाग ने अनुमानित मतदान प्रतिशत घोषित किया।
जिलों में यह रहा मतदान प्रतिशत
विभाग के अनुमानित मतदान प्रतिशत के तहत अंबाला में 71.15 प्रतिशत, कुरुक्षेत्र में 74.32 प्रतिशत, सिरसा में 75.97 प्रतिशत, हिसार में 72.16 प्रतिशत, करनाल में 68.54 प्रतिशत, सोनीपत में 70.72 प्रतिशत, रोहतक में 70.74 प्रतिशत, भिवानी-महेंद्रगढ़ में 69.84 प्रतिशत, गुरुग्राम 67.50 प्रतिशत व फरीदाबाद 64.13 प्रतिशत मतदान हुआ।
अभी डेढ़ लाख पोस्टल बैलेट का इंतजार
हरियाणा में कितना मतदान प्रतिशत हुआ इसकी तस्वीर सही मायनों में 23 मई को सुबह 7 बजकर 45 मिनट के बाद ही साफ होगी, क्योंकि इस समय सीमा तक यदि कोई भी पोस्टल बैलेट निर्वाचन कार्यालयों को प्राप्त हुआ, तो उसे मतगणना में शामिल किया जाएगा।
इसी दिन सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो जाएगी। इस बार हरियाणा में करीब डेढ़ लाख इलेक्ट्रानिक ट्रांसमिटिड पोस्टल बैलेट पेपर को विभिन्न राज्यों में इलेक्ट्रानिक मोड से भेजा गया है।
ये पोस्टल बैलेट स्पीड पोस्ट के माध्यम से वापस भी आ रहे हैं। ऐसा पहली बार हुआ है कि पोस्टल बैलेट इलेक्ट्रानिक मोड से गए हैं। हरियाणा के संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. इंद्रजीत सिंह ने बताया कि पोस्टल बैलेट वापस भेजने के लिए स्पीड पोस्ट का खर्च भी चुनाव आयोग देगा।
उनके अनुसार जब तक सभी पोस्टल बैलेट नहीं आ जाते, तब तक फाइनल मतदान प्रतिशत घोषित नहीं हो सकता। उनके अनुसार यह तय है कि मतदान प्रतिशत 70.30 से कम नहीं रहेगा। जबकि वर्ष 2014 में मतदान प्रतिशत 71.86 प्रतिशत था।