चंडीगढ़ :150 किमी से ज्यादा की रफ्तार में दौड़ाई लैंबोर्गिनी कार, ट्रैफिक पुलिस ने जब्त कर ली
- सेक्टर-16/17 की डिवाइडिंग रोड पर पकड़ा, दिल्ली नंबर की कार, चालक नहीं दिखा सका कागजात
- चंडीगढ़ पुलिस ने 19 हजार रुपये का बिना कागजात, रेसिंग और खतरनाक ड्राइविंग का चालान किया
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
दिल्ली नंबर की लैंबोर्गिनी को चंडीगढ़ की सड़कों पर 150 किलोमीटर की स्पीड से दौड़ाना चालक को महंगा पड़ा गया। ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-16/17 की डिवाइडिंग रोड पर लग्जरी कार लैंबोर्गिनी को रुकवा लिया और चालक से कार के कागजात दिखाने को कहा। इस पर कार चालक कागजात नहीं दिखा सका। ट्रैफिक पुलिस ने बिना कागजात, रेसिंग और खतरनाक ड्राइविंग में चालान काटकर कार को जब्त कर लिया।
मामला रविवार देर शाम का है। ट्रैफिक पुलिस ने सेक्टर-16/17 की डिवाइडिंग रोड के पास नाका लगा रखा था। इसी दौरान वहां से सफेद रंग की दिल्ली नंबर (डीएल1सीएस 4664) की लग्जरी कार लैंबोर्गिनी हाई स्पीड में गुजरी। ट्रैफिक पुलिस ने कार को फौरन रुकवा लिया और चालक से गाड़ी के कागजात मांगे। इस पर वह कोई कागजात नहीं दिखा सका।
ट्रैफिक पुलिस की जांच में सामने आया कि लैंबोर्गिनी कार दिल्ली के इटिलिका मोटर्स प्राइवेट लिमिटेड के नाम पर रजिस्टर्ड है। इसके बाद मौके पर तैनात पुलिसकर्मियों ने इसकी सूचना ट्रैफिक के आला अधिकारियों को दी। पुलिस ने करीब 19 हजार रुपये का बिना कागजात, रेसिंग और खतरनाक ड्राइविंग का चालान काटकर कार को जब्त कर लिया। फिलहाल कार को सेक्टर-28 के आईटीआई में पार्क किया गया है।
गेड़ी रूट पर अक्सर आते हैं ऐसे मामले
सेक्टर 10 स्थित गेड़ी रूट पर अक्सर रेसिंग और तेज रफ्तार से वाहनों को दौड़ाने का मामला लगातार सामने आता रहा है लेकिन सेक्टर-16/17 डिवाइडिंग पर इस तरह से रेसिंग का मामला पहली बार आया है। इसके चलते ट्रैफिक पुलिस ने फौरन लैंबोर्गिनी को रोक लिया। वहीं आला अधिकारियों का कहना है कि इससे पहले भी इस तरह के गाड़ियों को ट्रैफिक पुलिस जब्त कर चुकी है लेकिन रेसिंग का चालान चंडीगढ़ में काफी कम देखने को मिलता है।